प्रधानमंत्री मोदी आज (15 अप्रैल) केरल और तमिलनाडु के दौरे पर हैं। दोपहर में तिरुवनंतपुरम अटिंगल पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि लेफ्ट और कांग्रेस का केवल नाम ही बचा है। दोनों का केवल नाम ही बचा है। जनता ने दोनों को रिजेक्ट कर दिया है। केरल की जनता आज इसी पीड़ा से गुजर रही है। आज केरल की चर्चा राजनैतिक हिंसा और अपराधों के लिए होने लगी है।
तिरुवनंतपुरम में पीएम के भाषण की 6 खास बातें…
- कल (14 अप्रैल) दिल्ली में भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। भाजपा का संकल्प पत्र यानी मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी में भारत विश्वस्तरीय संरचना का केंद्र बनेगा। मोदी की गारंटी में भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में गगनयान जैसी स्मरणार्थ उपलब्धि हासिल करेगा।
- कांग्रेस और LDF ने केरल राज्य को बुरी तरह से लूटा है। असंख्य घोटालों में शामिल और सोने के तस्करों को बचाने वाले कभी आपकी रक्षा नहीं कर सकते। केरल को भ्रष्ट सरकारों के चंगुल से खुद को बचाने की जरूरत है।
- मछुआरों की आजीविका जिसे LDF और UDF ने पिछले कुछ वर्षों में बर्बाद कर दिया है, अब हम उसे संरक्षित करेंगे। हम मछली फिशिंग के लिए नए क्लस्टर स्थापित करेंगे।
- मोदी की गारंटी में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा किसानों को मिलना जारी रहेगा और इन सब के साथ ही गरीबों के लिए 3 करोड़ नए घर भी बनेंगे। 70 साल के ऊपर के हर नागरिक को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। यानी भाजपा के विकास दृष्टिकोण में केरल के हर वर्ग और हर समाज के लिए एक व्यापक रोडमैप मौजूद है।
- बीजेपी सरकार ने पहले भी देश में स्कैम के 17 हजार करोड़ रुपए लोगों को वापस कराए हैं। को-ऑपरेटिव के पीड़ितों को आश्वासन देता हूं कि स्कैम का पूरा आपको वापस मिले, इसके लिए पूरा ताकत लगा दूंगा।
- केरल के पर्यटन में काफी संभावनाएं हैं। हम वैश्विक पर्यटकों को अपनी विरासत से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपनी विरासत को विश्व विरासत के पैमाने पर ले जाने का संकल्प लेते हैं। भाजपा केरल में बड़े पर्यटन स्थलों का विकास सुनिश्चित करेगी। हम केरल में इको-पर्यटन के नए केंद्र स्थापित करेंगें।
अलाथुर (पलक्कड़)में मोदी की स्पीच की 7 मुख्य बातें…
- आयुष्मान योजना के तहत केरल के 70 लाख से अधिक लाभार्थियों को आर्थिक मदद मिली है। अब भाजपा ने घोषणा की है कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज दिया जाएगा। यही मोदी की गारंटी है।
- कांग्रेस ने भारत की छवि कमजोर देश की बना दी थी। भाजपा सरकार ने भारत को मजबूत देश बनाया है। आज जब कोई भारतीय गल्फ देशों में जाता है तो उसे सम्मान से देखा जाता है। पिछले 10 साल में देश में जो हुआ वह सिर्फ ट्रेलर है। अभी बहुत कुछ करना है। हमें केरल को आगे लेकर जाना है।
- केरल सरकार जल जीवन मिशन चलने नहीं दे रही है। वह भ्रष्टाचार की तलाश में है। आज भी केरल में घरों में पीने के पानी का संकट है। यह लेफ्ट सरकार की विफलता का जीता-जागता सबूत है। केरल की सरकार राज्य को पीछे कर रही है। ये लोग नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट को भी रोकना चाहते हैं।
- कुरुवन्नूल को-ऑपरेटिव बैंक स्कैम लेफ्ट की लूट का नया मॉडल है। जिस बैंक में गरीबों ने अपनी मेहनत से कमाए पैसे जमा किए थे। उस बैंक को लेफ्ट वालों ने कंगाल कर दिया। मैंने इस केस की जांच कराई। ED ने मामले से जुड़े लोगों की 90 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है। मैं चाहता हूं कि ये पैसा गरीबों को लौटाया जाए।
- कांग्रेस के युवराज के लिए उत्तर प्रदेश की अपनी खानदानी सीट पर इज्जत बचाना मुश्किल हो गया है। इसलिए उन्होंने केरल में अपना नया ठिकाना बना लिया है।
- कांग्रेस वाले लेफ्ट वालों को केरल में आतंकवादी कहते हैं, लेकिन ये लोग दिल्ली में एक ही थाली में खाना खाते हैं। तमिलनाडु में लेफ्ट और कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन केरल में दोनों अलग-अलग मैदान में उतर रहे हैं।
- लेफ्ट वालों का कैरेक्टर है नथिंग लेफ्ट और नथिंग राइट। यानी जहां लेफ्ट का शासन होता है, वहां कुछ भी बाकी नहीं रहता और कुछ भी सही नहीं रहता है।
केरल में PM मोदी का यह छठा दौरा
केरल में PM मोदी का यह छठा दौरा है। वे आखिरी बार 19 मार्च को केरल आए थे जब उन्होंने पलक्कड़ में रोड शो किया था। वहीं 15 मार्च को PM ने पथानामथिट्टा में रैली की थी। इससे पहले मोदी ने जनवरी में दो बार और फरवरी में एक बार राज्य का दौरा किया था।
दक्षिण भारत में मोदी की पिछली 5 रैलियों के बारे में सिलसिलेवार पढ़ें…
14 अप्रैल: PM ने कर्नाटक के मैसूरू में रैली की, मंगलुरु में रोड शो
पीएम मोदी ने रविवार (14 अप्रैल) को कर्नाटक का दौरा किया। उन्होंने मैसुरु में जनसभा में कहा कि इंडी अलायंस के लोग सनातन को समाप्त करना चाहते हैं। हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश करना चाहते हैं, लेकिन जब तक मोदी है, जब तक मोदी के साथ आपका आशीर्वाद है, ये नफरती ताकतें कभी भी सफल नहीं होंगी। 2024 का लोकसभा चुनाव अगले 5 साल नहीं, बल्कि 2047 के विकसित भारत का भविष्य तय करेगा। पूरी खबर पढ़ें…
19 मार्च: तमिलनाडु में PM का INDI गठबंधन पर निशाना, केरल में रोड शो निकाला
19 मार्च को पीएम ने पहले केरल के पलक्कड़ में रोड शो किया था। इसके बाद तमिलनाडु के सेलम में उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए 17 मार्च की INDI अलायंस की रैली का जवाब दिया था। उन्होंने कहा- I.N.D.I.A वाले हिंदू धर्म का बार-बार अपमान करते हैं। हिंदू धर्म की जिस शक्ति में आस्था होती है, DMK और कांग्रेस इस शक्ति का विनाश करना चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर…
18 मार्च: मोदी ने तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक का दौरा किया, रोड शो भी निकाला
पीएम मोदी ने 18 मार्च को तीन राज्यों तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु का दौरा किया था। तेलंगाना के जगतियाल में जनसभा को संबोधित किया। वहीं कर्नाटक के शिवमोगा में कहा- कई राजनीतिक जानकार कहते रहे हैं कि नारी शक्ति मोदी की साइलेंट वोटर है। लेकिन मेरे देश की नारी शक्ति वोटर नहीं, बल्कि मां शक्ति स्वरूपा है। दिन के अंत में पीएम ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में चार किमी लंबा रोड शो निकाला। पढ़ें पूरी खबर…
17 मार्च- आंध्र में मोदी बोले: कांग्रेस गठबंधन को इस्तेमाल करके फेंक देती है, इसीलिए INDI गठबंधन बना
आंध्र प्रदेश के पलनाडु में 17 मार्च को NDA की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा- NDA में हम सबको साथ लेकर चलते हैं, दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है जिसका एक ही एजेंडा है गठबंधन के लोगों को यूज एंड थ्रो करना। आज कांग्रेस के लोगों को भले ही मजबूरी में INDI गठबंधन बनाना हो, लेकिन इनकी सोच वही है। पूरी खबर पढ़ें…
16 मार्च- तेलंगाना में PM बोले: लोग BRS के खिलाफ गुस्से से भरे, जनता फिर से मोदी को लाएंगे
लोकसभा चुनाव 2024 में NDA को प्रचंड जीत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 मार्च को तेलंगाना के नगरकुर्नूल में रैली की। पीएम ने यहां लोगों से कहा कि तेलंगाना के लोग BRS के खिलाफ गुस्से से भरे हुए हैं। लोगों ने मोदी को फिर से लाने का फैसला सुना दिया है। पूरी खबर पढ़ें…
15 मार्च- तमिलनाडु में PM बोले: BJP का प्रदर्शन I.N.D.I. गठबंधन का घमंड तोड़ देगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 मार्च को तमिलनाडु के कन्याकुमारी में भी जनसभा की। PM ने कहा- आज कन्याकुमारी से देश के इस दक्षिणी छोर से जो लहर उठी है, ये लहर बहुत दूर तक जाने वाली है। तमिलनाडु में भाजपा का प्रदर्शन इस बार DMK और कांग्रेस के INDI गठबंधन का सारा घमंड तोड़ कर रख देगा। पूरी खबर पढ़ें…
लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।
