पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार 15 अप्रैल को कहा कि अगर आप देश की आजादी बचाना चाहते हैं तो बीजेपी को सत्ता से बाहर करें। अगर बीजेपी जीती तो देश में भविष्य में कोई चुनाव नहीं होगा। सरकार निरंकुश हो जाएगी। वे एक नेता, एक देश, एक भाषण और एक भोजन चाहते हैं।
इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर हिंसा में विस्थापित लगभग 18,000 लोगों के लिए वोटिंग की सुविधा की मांग करने वाली याचिका खारिज कर दी। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। हम इस स्टेज पर मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकते। इससे चुनाव में रुकावट पैदा हो सकती है।
मणिपुर निवासी नौलक खामसुअनथांग और अन्य लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी। याचिकाकर्ताओं ने कहा था कि मणिपुर के 18,000 विस्थापित लोग दूसरे राज्यों में रहते हैं। वे लोकसभा चुनाव में मतदान करना चाहते हैं। वे जिन राज्यों में रह रहे हैं, वहां उनके लिए विशेष मतदान केंद्र बनाए जाए।
मणिपुर की दो लोकसभा सीटों के लिए 19 और 26 अप्रैल को दो चरणों में वोटिंग होगी। मणिपुर मई 2023 से हिंसा की चपेट में है। राज्य में 3 मई 2023 को पहली बार हिंसा भड़की थी। अब तक 160 से अधिक लोग मारे गए हैं।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
लाइव अपडेट्स
कांग्रेस के पास नेता, नीति, नीयत नहीं- केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल
सर्बानंद सोनोवाल ने ये भी कहा कि जनता ने विकास देखा है। जनता को मनोबल, सामाजिक न्याय मिला है। मोदी जी ने 10 साल में बहुत काम किया है। लोगों को उन पर भरोसा है। विपक्ष तो जीरो होने जा रहा है।
लोग इधर-उधर की बातें नहीं, समाधान चाहते हैं- प्रियंका
दौसा (राजस्थान) में प्रियंका गांधी ने कहा- भाजपा के शासन से जनता ऊब चुकी है और परिवर्तन चाहती है। जनता समस्याओं का समाधान चाहती है। 10 साल हो गए, महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही हैं, जनता का संघर्ष काफी बढ़ गया है। लोग जैसे भी कमाने की कोशिश कर रहे हैं, वो पूरा नहीं पड़ रहा। लोग ये नहीं चाहते कि इधर-उधर की बातें की जाएं और ध्यान भटकाया जाए।
बीजेपी की भ्रष्टाचार के कारण महंगाई, उनका सफाया होने वाला है- अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जो हवा चल रही है, उससे लगता है कि बीजेपी का सफाया होने वाला है। किसान और युवा समाजवादी पार्टी और INDI गठबंधन के साथ खड़े हुए हैं। 10 साल में किसानों ने आत्महत्या की है, देश गरीब बना है, बेरोजगारी बढ़ी है, नौकरियां छीनी गई हैं, आरक्षण खत्म हुआ है, बिजली से लेकर आम चीजें महंगी हो गई हैं। ये महंगाई बीजेपी के भ्रष्टाचार के कारण है। लूट और छूट ही भाजपा की पहचान हैं।
शक होता है कि कांग्रेस ही बीजेपी मिली हुई है- गुलाम नबी आजाद
डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (DPAP) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मैंने किसी का मैनिफेस्टो नहीं पढ़ा। संसद में मैंने कई बार बताया कि ऐसे मु्द्दों पर बात की जाती है, जो मुद्दे होते ही नहीं। हिंदुस्तान का इश्यू, बेरोजगारी खत्म करना, रोजगार बढ़ाना, बिजली पैदा करना, महंगाई कम करना है। अगर इंडस्ट्री लगाएंगे तो वे कहां से चलेंगी। इसके लिए बिजली चाहिए। फिर चाहे जो भी हुकूमत आए, चाहे ए पार्टी की हो या बी पार्टी की। उनके लिए मुद्दे यही हैं। मुझे कभी-कभी शक होता है कि कांग्रेस, बीजेपी से मिली हुई है।
मणिपुर में हिंसा के बाद कुकी समुदाय के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया, कहा- न्याय नहीं तो वोट भी नहीं
मणिपुर में हुई रविवार को हुई हिंसा के बाद कुकी समुदाय के लोगों ने चुनाव के बहिष्कार करने का ऐलान किया है। उन्होंने नारा लगाया कि न्याय नहीं तो वोट भी नहीं।
भाजपा नेता और एक्ट्रेस कंगना ने धर्मगुरु दलाई लामा से मुलाकात की
बॉलीवुड एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणोत ने सोमवार (15 अप्रैल) को बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा से मुलाकात की।
गृहमंत्री शाह बोले- कांग्रेस ने आदिवासियों का सम्मान नहीं किया, इन्होंने कभी किसी आदिवासी को राष्ट्रपति नहीं बनाया
