लोकसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को है। इस बीच हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बताया कि मंडी से विक्रमादित्य सिंह के नाम पर सहमति बनी है। विक्रमादित्य, हिमाचल में मंत्री हैं।भाजपा ने मंडी से एक्ट्रेस कंगना रणोट को टिकट दिया है।
उधर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जलपाईगुड़ी में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी झूठी हैं। ये सिर्फ चुनावी जुमला हैं। भाजपा चुनाव में 200 सीटें भी नहीं जीत रही है। देश के जिस संविधान को बीआर अंबेडकर ने लिखा, भाजपा उसे खत्म करने में लगी है।
वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि भाजपा नपी-तुली रणनीति के तहत विपक्ष को हिंदू विरोधी और पीएम नरेंद्र मोदी को हिंदुओं का रक्षक बता रही है। इस बार चुनाव में हमारी पार्टी 2019 की तुलना में अच्छा प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस को पिछले लोकसभा चुनाव में 52 सीटें मिली थीं।
चिदंबरम ने ये भी कहा कि इस चुनाव में ममता बनर्जी अहम रोल निभाएंगी। वे न केवल अपना किला (पश्चिम बंगाल) बचाएंगी, बल्कि I.N.D.I. गठबंधन को भी मजबूत करेंगी। I.N.D.I. अलायंस को तमिलनाडु में रिकॉर्ड जीत मिलेगी। वहीं, केरल में UDF और LDF 20 सीट शेयर करेंगे। भाजपा के हाथ कुछ नहीं लगेगा। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और दिल्ली में भी हम अच्छा करेंगे।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
लाइव अपडेट्स
प्रचार के दौरान कंगना का डांस
मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रणोट ने जोगिंदरनगर में लोगों के साथ डांस किया।
केंद्र सरकार ने दान के पैसों से वैक्सीन बनवाई- प्रियंका
हरिद्वार में प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार को कंपनियों से डोनेशन मिला था, इसी वैक्सीन तैयार की गई। नोटबंदी के चलते छोटे व्यापारियों को नुकसान हुआ। फिर सरकार जीएसटी ले आई। इसने छोटे उद्योगों ने बाजार से बाहर कर दिया। पूरी खबर पढ़ें…
मंडी से विक्रमादित्य सिंह के नाम पर सहमति- प्रतिभा सिंह
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमने राज्य के 2-3 नाम शॉर्टलिस्ट किए थे, उन पर चर्चा हुई। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे किस पर मुहर लगाते हैं, ये उन पर निर्भर है।
प्रतिभा सिंह ने ये भी बताया कि मंडी सीट पर इस बार किसी नौजवान को उतारने की बात थी। यहां से विक्रमादित्य सिंह के नाम पर सहमति बनी है। विक्रमादित्य, प्रतिभा सिंह और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे हैं।
हिमाचल की 4 सीटों पर चर्चा, घोषणा जल्द- सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य की 4 सीटों के लिए पार्टी में चर्चा हो रही है। मंडी के लिए टिकट के ऐलान जल्द होगा।
हिमाचल की सीटों के लिए कांग्रेस CEC की बैठक
हिमाचल प्रदेश की लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो रही है।
अधीर रंजन चौधरी की TMC कार्यकर्ता से बहस
कांग्रेस नेता और बेहरामपुर से उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी की मुर्शिदाबाद में TMC कार्यकर्ता से बहस हुई।
बाद में अधीर रंजन ने बताया कि मैं प्रचार के बाद घर जा रहा था। तभी कुछ लोग आए और वापस जाओ के नारे लगाने लगे। जब मैं कार के बाहर आया तो उन्होंने कहा कि हमने पांच साल में कुछ नहीं किया।
नगालैंड में नड्डा बोले- मोदी और नेफ्यू रियो के नेतृत्व में राज्य बदल रहा है
नगालैंड में जनसभा में जेपी नड्डा बोले- वे (कांग्रेस) लोकसभा सीटों के लिए लड़ रहे हैं, वे दिल्ली के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन कोहिमा में उनके पास एक भी सीट नहीं है। यहां विधानसभा में उनके पास एक भी सीट नहीं है। पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के नेतृत्व में नगालैंड बदल रहा है।
सिद्धारमैया का दावा- कर्नाटक में भाजपा ऑपरेशन चलाने की कोशिश कर रही
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा कर्नाटक में ऑपरेशन लोटस चलाने की कोशिश कर रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इसका दावा किया है। सिद्धारमैया ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए 50-50 करोड़ रुपए का ऑफर किया है।
लोकसभा चुनाव के बाद कर्नाटक की कांग्रेस सरकार गिर जाएगी। इस सवाल पर सिद्धारमैया ने कहा कि ऐसा मुमकिन नहीं है। हमारे विधायक ऐसा नहीं करेंगे। भाजपा के लोग पिछले एक साल से हमारी सरकार गिराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे असफल रहे। हमारी सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
चुनावी माहौल, कार्टूनिस्ट चंद्रशेखर हाड़ा और मंसूर नकवी की कलम से…
