ठीक एक हफ्ते बाद 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग है। इसके चलते नेताओं की ताबड़तोड़ सभाएं हो रही हैं। गया में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने मीसा भारती पर निशाना साधा। चिराग ने कहा- ये किस तरह की भाषा है? इस तरह की भाषा से आप देश और दुनिया को किस तरह का मैसेज दे रही हैं? इस तरह की भाषा वे लोग इस्तेमाल कर रहे हैं, जो खुद भ्रष्टाचार में आरोपी हैं। उनके परिवार के कई सदस्य भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी हैं। यह बदले की भाषा है।
हाल ही में लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने कहा था कि हमारी (I.N.D.I. गठबंधन) की सरकार बनी तो पीएम मोदी जेल जाएंगे। RJD ने मीसा भारती को पाटलिपुत्र और उनकी छोटी बहन रोहिणी आचार्य को सारण से टिकट दिया है।
इस बीच, मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनोट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम का अंश बताया। ये भी कहा कि हम सब उनकी (पीएम मोदी) चेतना, उनके त्याग और उनके चरित्र का अंश हैं।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
लाइव अपडेट्स
मोदी ही फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में कहा- सभी जानते हैं कि अगली सरकार भी NDA की ही होगी। पीएम मोदी ही फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।
राहुल बोले- देश में विचारधारा की लड़ाई
राहुल ने तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में कहा- देश में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ पेरियार के विचार है, सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता-समानता हैं, दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार है। देश में कई भाषाएं और संस्कृतियां हैं, हम सबका सम्मान करते हैं। मोदी कहते हैं- एक देश, एक नेता और एक भाषा होनी चाहिए।
मोदी का दौसा में रोड शो
हेमा मालिनी ने प्रचार के दौरान गेहूं की फसल काटी
मथुरा सांसद व लोकसभा प्रत्याशी हेमा मालिनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हेमा मालिनी चुनाव प्रचार के दौरान महिला किसानों के साथ गेहूं काटते दिख रही हैं।
हेमा मालिनी गुरुवार (11 अप्रैल) को बलदेव विधानसभा के गढ़ी गोहनपुर गांव में चुनाव प्रचार कर रही थीं। हेमा मालिनी खेतों में फसल काट रही महिलाओं से मिलने खेत में पहुंच गईं। उनसे हालचाल पूछा। इसके बाद वोट देने की अपील की और केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। हाथ में हंसिया लेकर गेहूं की फसल भी काटी।
हम सब मोदी की चेतना, त्याग और चरित्र का अंश- कंगना
कंगना रनोट ने कुल्लू में कहा- हम दिलों में धर्म की चिंगारी पीएम नरेंद्र मोदी ने जगाई है। आज के चिंगारी आग बन चुकी है। हमारे प्रधानमंत्री साक्षात श्रीराम का अंश हैं। श्रीराम की पूजा उनके शरीर या मूर्ति की ही नहीं होती, उनके चरित्र की होती है। उनमें (पीएम मोदी) में वही संयम, वही त्याग, वही परिश्रम, वही करुणा, वही क्षमा, वही भाव देखने को मिलते हैं। मैं भी रामसेतु की एक गिलहरी हूं। आप-मैं हम लोगों का कोई अस्तित्व होना ही नहीं चाहिए। हम सब नरेंद्र मोदी हैं। हम सब उनकी चेतना, उनके त्याग और उनके चरित्र का अंश हैं। नरेंद्र मोदी की जो योजनाएं हैं, जो मकसद हैं, हम उसके लिए लड़ेंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने छिंदवाड़ा में 2014 के पहले के हालात बयां किए
