Headlines

मोदी बोले-इंडी गठबंधन वाले परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं:कहा- कांग्रेस के शहजादे हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश करने की बात करते हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बाड़मेर में चुनावी सभा को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने शुक्रवार को दूसरी चुनावी रैली राजस्थान के बाडमेर में की। यहांं आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन के दल देश से परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं पूछना चाहता हूं कि आप किसके इशारे पर काम कर रहे हैं, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है। आखिर किसके दबाव में आपका गठबंधन हमारी परमाणु ताकत को खत्म करना चाहता है।’

इसके साथ ही मोदी ने कांग्रेस पर संविधान को लेकर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि ये 400 सीट की बात इसलिए हो रही है, क्योंकि आपने दस साल अच्छे काम करने से मुझे रोकने की कोशिश की है। देश आपको सजा देना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘जहां तक संविधान का सवाल है, तो लिखकर ले लीजिए कि बाबा साहेब अंबेडकर खुद आ जाएं तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते हैं। हमारा संविधान हमारे लिए गीता है, रामायण है, बाइबल है, कुरान है। यह चुनाव लोकतंत्र को मजबूत करने का चुनाव है। कांग्रेस ने 5 दशक से ज्यादा देश पर हुकूमत की, लेकिन एक भी ऐसी बड़ी समस्या नहीं है, जिसका पूरा समाधान दिया हो।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

अपडेट्स

03:31 PM12 अप्रैल 2024

कांग्रेस कब्जे के डर से सीमावर्ती गांवों का विकास नहीं करती थी

माेदी ने कहा, ‘राजस्थान के रेगिस्तान में महिलाएं कहती थीं कि घी ढुल जाए तो मेरा कुछ नहीं जाएगा, लेकिन पानी नहीं ढुलना चाहिए। मोदी ने इस समस्या को दूर करने के लिए जल जीवन मिशन की शुरुआत की, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसमें भी भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है।’

मोदी ने कहा कि देश के सीमावर्ती गांवों को वे जानबूझकर विकास से दूर रखते थे। वे कारण बताते थे कि सीमा के पास विकास होगा तो दुश्मन के कब्जा करने की संभावना बढ़ जाएगी। ये शर्म की बात है। किस दुश्मन के कलेजे में हिम्मत है कि वो बाड़मेर की सीमा में कब्जा करने की सोचे। हम देश के सीमावर्ती गांव को पहला गांव मानते हैं।

03:15 PM12 अप्रैल 2024

मोदी ने कहा- राजस्थान की सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त होनी चाहिए

नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस राजस्थान से एक भी सीट जीतने की हकदार नहीं है। इस बार तो उनकी सीटों पर जमानत जब्त होना चाहिए। उन्हें साफ कर दीजिए। वे सुधरेंगे नहीं। जब मैं बाड़मेर रिफाइनरी के इनॉगरेशन के लिए यहां आऊंगा तो आपको इसका महत्व बताउंगा। मेरा अनुरोध है कि पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।

03:11 PM12 अप्रैल 2024

पीएम बोले- कांग्रेस के शहजादे कहते हैं कि हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे

मोदी ने कहा कि कांग्रेस हर उस काम का विरोध करती है जो देशहित में होता है। हम शक्ति की उपासना करते हैं, लेकिन कांग्रेस के शहजादे कहते हैं कि वो हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे। मेरी माताओं-बहनों की ताकत तुम नहीं जानते। इस शक्ति को नष्ट करने वालों को मेरी माता-बहनें ही निपट लेंगी। कांग्रेस राम मंदिर का बहिष्कार करती है। कांग्रेस रामनवमी की शोभायात्रा पर राजस्थान में पत्थरबाजी करने वाले दंगाइयों को संरक्षण देती है। देश में घुसपैठी आते हैं तो कांग्रेस उनका स्वागत करती है, लेकिन देश के विभाजन का विरोध करने वाले दलित-सिख भाई-बहनों को नागरिकता देने वाले सीएए कानून का विरोध करती है।

03:04 PM12 अप्रैल 2024

माेदी ने कहा- कांग्रेस राजस्थान का कश्मीर से वास्ता पूछती है

मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भारत को सिर्फ जमीन का टुकड़ा मानती है। कांग्रेस अध्यक्ष कहते हैं कि कश्मीर से 370 हटाई तो राजस्थान से क्या वास्ता? ये राजस्थान की राष्ट्रभक्ति पर सवाल करने की हिम्मत करते हैं। जिस राजस्थान के वीरों ने कश्मीर के लिए सीने पर गोली खाई, उससे पूछते हो कि कश्मीर से क्या वास्ता? जिस राजस्थान में कश्मीर में जन्में बाबोसा रामदेवजी की घर-घर में पूजा होती हो, उससे पूछते हो कि कश्मीर में क्या वास्ता? राजस्थान ने कश्मीरी पंडितों को गले लगाया था, उन्हें पता नहीं होगा कि कारगिल के लोग ईरान गए थे। वहां कोविड में फंस गए थे। उन्हें वापस लाना था। उन्हें हिंदुस्तान लाकर राजस्थान की वीर भूमि जैसलमेर में रखा गया। माइनस तापमान में रहने वाले यहां तपती गर्मी में रहे।

02:53 PM12 अप्रैल 2024

पीएम ने कहा- इंडिया गठबंधन के दल परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं

मोदी ने कहा कि भारत के खिलाफ इंडिया गठबंधन वाले कितनी नफरत से भरे हुए हैं, ये इनके घोषणा पत्र में नजर आता है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में बंटवारे की गुनहगार मुस्लिम लीग की छाप नजर आती है। अब इस गठबंधन में शामिल एक और दल ने देश के खिलाफ बहुत खतरनाक ऐलान किया है। उन्होंने अपने घोषणा पत्र में लिखा है कि हम भारत के परमाणु हथियार नष्ट कर देंगे। भारत जैसा देश, जिसके दोनों तरफ के देश के पास परमाणु हथियार हो, उस देश के पास से परमाणु हथियार समाप्त करने की घोषणा इनकी नीयत उजागर करता है। मैं पूछना चाहता हूं कि आप किसके इशारे पर काम कर रहे हैं, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है। आखिर किसके दबाव में आपका गठबंधन हमारी परमाणु ताकत को खत्म करना चाहता है। एक तरफ मोदी भारत को शक्तिशाली बना रहा है, दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन भारत को कमजोर करना चाहता है।

02:47 PM12 अप्रैल 2024

कांग्रेस ने संविधान दिवस मनाने के निर्णय का विरोध किया : मोदी

मोदी ने कहा कि कांग्रेस आजकल एक पुराना रिकॉर्ड बजा रही है। चुनाव आते ही संविधान के नाम पर झूठ बोलना उनका फैशन है। कांग्रेस ने अंबेडकर को भारत रत्न नहीं मिलने दिया, उन्हें चुनाव हरवाया, वो कांग्रेस मोदी को गाली देने के लिए संविधान के नाम पर झूठ की आड़ ले रही है। ये मोदी है, जिसने देश में पहली बार संविधान दिवस मनाना शुरू किया है। कांग्रेस ने संसद में संविधान दिवस मनाने का विरोध किया था। ये बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान है।

02:44 PM12 अप्रैल 2024

अमेरिकी राष्ट्रपति के भोज में श्रीअन्न था

मोदी ने कहा कि मैं अमेरिका गया तो राष्ट्रपति ने भोज पर बुलाया। वहां मुझे बाजरा-मक्का से बना भोजन परोसा गया। ये श्रीअन्न हम पूरी दुनिया में बेच रहे हैं।

02:41 PM12 अप्रैल 2024

राजस्थान में कांग्रेस सरकार नहीं होती तो रिफाइनरी का उद्घाटन हो जाता : मोदी

मोदी ने कहा कि अगर यहां कांग्रेस की सरकार नहीं होती तो मैं दूसरे टर्म में ही बाड़मेर की रिफाइनरी का उद्घाटन कर जाता, लेकिन मैं गारंटी देता हूं कि तीसरे टर्म में उद्घाटन करने जरूर आउंगा। आने वाले समय में यहां रोजगार के अवसर पैदा होंगे। गुजरात के कच्छ में भी बाड़मेर जैसे हालात थे, लेकिन हमने वहां खूब काम किया। आज मुंबई से महंगी जमीन कच्छ में है। ऐसा ही विकास बाड़मेर का करेंगे। कांग्रेस सरकार ने अड़ंगा नहीं लगाया होता तो यहां का एयरपोर्ट भी तैयार हो जाता।

02:30 PM12 अप्रैल 2024

देश में ब्रह्मोस मिसाइल-प्रचंड हेलिकॉप्टर बन रहे, 2014 से पहले नहीं बनते थे : भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भारत तेजी से विकास कर रहा है। आज अर्जुन टैंक, हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर प्रचंड हेलिकॉप्टर, आईएनएस विक्रांत, अर्जुन टैंक, पिनाका रॉकेट और ब्रह्मोस का उत्पादन भारत में हो रहे हैं। 2014 से पहले भारत में एक भी इस तरह का निर्माण नहीं होता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024