Headlines

राहुल बोले-30 लाख सरकारी नौकरी देंगे, महिलाओं को 50% रिजर्वेशन:ठेका-प्रथा बंद होगी; आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आय करेंगे दोगुनी

फलोदी में हुई सभा में राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज राजस्थान के अनूपगढ़ और फलोदी में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो हम 30 लाख सरकारी नौकरी युवाओं को देंगे। महिलाओं को सरकारी नौकरी में 50% रिजर्वेशन दिया जाएगा। जो आशा कार्यकर्ता हैं और आंगनबाड़ी में काम करती हैं, उनकी आमदनी दोगुनी कर देंगे। सरकार और पीएसयू में ठेकेदारी प्रथा बंद होगी। लोगों को परमानेंट नाैकरी दी जाएगी।

राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान की 200 सबसे बड़ी कंपनियों के मालिक और सीनियर मैनेजमेंट में पिछड़े वर्ग के लोग नहीं हैं। मोदी ने इन कंपनियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए हैं। हिंदुस्तान के 25-30 अमीर लोगों का इतना पैसा माफ कर दिया, जितना 24 साल तक मनरेगा के जरिए मजदूरों को मिलता।

राहुल गांधी ने कहा कि जितना पैसा मोदी ने अरबपतियों को दिया है, चुनाव जीतने के बाद हम गरीब, पिछड़ों, आदिवासियों, दलितों को देंगे। लोग कहते हैं कि इससे आदत बिगड़ेगी, लेकिन कोई यह बताए कि जब मोदी अमीरों के पैसे माफ करते हैं तो उनकी आदत नहीं बिगड़ती क्या? मेरे दिमाग में 16 लाख करोड़ का नंबर है, मैं उसे देखकर चल रहा हूं।

अनूपगढ़ में हुई सभा में राहुल गांधी के पूर्व सीएम अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह भी मौजूद थे।

अपडेट्स

06:26 PM11 अप्रैल 2024

इंटरनेशनल लेवल पर चल रही हफ्तेबाजी: राहुल

  • राहुल गांधी ने कहा- नरेंद्र मोदी जी ने कहा था मैं भ्रष्टाचार मिटाना चाहता हूं और इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम लाए। इस स्कीम में बीजेपी को हजारों करोड़ रुपए उद्योगपतियों ने दिए। मोदी जी ने स्कीम कैसी बनाई, जो स्कीम में पैसा देगा, उसका नाम किसी को नहीं मालूम होना चाहिए। कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट कहता है कि यह स्कीम गैर कानूनी है, इसे कैंसिल कर देना चाहिए। जिन उद्योगपतियों ने नरेंद्र मोदी जी, बीजेपी को पैसा दिया, उनके नाम पब्लिक के सामने रख देना चाहिए।
  • जब लिस्ट निकली तो उसमें तारीख भी थी कि इस दिन इस उद्योगपति ने बीजेपी को पैसे दिए। हमने देखा कि कौन-कौन सी डेट को इनको पैसा मिला। पता लगता है कि सड़क का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट एक उद्योगपति को मिलता है, उसके 5-10 दिन बाद उद्योगपति हजारों करोड़ रुपए मोदी और बीजेपी को दे देते हैं। हर उद्योगपति के सामने डेट है।
  • दो तरीके से ये पैसे ले रहे हैं। एक तरीका सड़क, डिफेंस आदि का कॉन्ट्रैक्ट देते हैं और कुछ ही दिन बाद उद्योगपति इनको पैसा दे देता है। कट दे देता है। दूसरा तरीका- ये सीबीआई, ईडी का केस लगाते हैं। उद्योगपति इनको पैसा देता है और फिर केस गायब हो जाता है। इंटरनेशनल लेवल पर हफ्तेबाजी चल रही है, एक्सटॉर्शन चल रहा है और उसका नाम इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम है।
  • नरेंद्र मोदी जी ने भ्रष्टाचार की मोनोपॉली खोल रखी है। देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री और बीजेपी कर रही है।
06:05 PM11 अप्रैल 2024

कानूनी एमएसपी बना देंगे, कर्जा माफ करेंगे: राहुल

  • राहुल गांधी ने कहा- मैं किसानों से कहना चाहता हूं कि जैसे ही हमारी सरकार आएगी, हम कानूनी एमएसपी आपके लिए बना देंगे।
  • जिस तरह नरेंद्र मोदी जी ने 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा अरबपतियों का माफ किया है, वैसे ही हम हिंदुस्तान के किसानों का कर्जा माफ कर देंगे।
06:03 PM11 अप्रैल 2024

शिक्षित युवाओं को अप्रेंटिसशिप और एक लाख रुपए देंगे: राहुल

राहुल गांधी ने कहा- हिंदुस्तान के शिक्षित युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देने जा रहे हैं। ग्रेजुएट, डिप्लोमा होल्डर को प्राइवेट कंपनियों, पब्लिक सेक्टर, सरकारों में एक साल के लिए अप्रेंटिसशिप मिलेगी। एक साल के लिए उसे एक लाख रुपए हम देंगे।

05:49 PM11 अप्रैल 2024

मैंने सवाल उठाया तो मेरी सदस्यता रद्द कर दी: राहुल

राहुल गांधी ने कहा- नरेंद्र मोदी जी ने पिछले 10 साल चुने हुए लोगों को देश का पूरा धन दे दिया। हिंदुस्तान के कोने-कोने में चले जाओ, एक ही नाम दिखाई देगा। एयरपोर्ट अडानी, बिजली अडानी। सारा का सारा फायदा एक व्यक्ति को नरेंद्र मोदी ने दिया है। मैंने उनके बारे में पार्लियामेंट में भाषण दिया। मेरी सदस्यता ले गए। सुप्रीम कोर्ट ने मुझे फिर से एमपी बनाया। मैंने सिर्फ नरेंद्र मोदी जी से ये पूछा- हर इंडस्ट्री में अडानी जी क्यों दिखते हैं। मैंने मोदी जी से पूछा कि आपका इनके साथ क्या रिश्ता है। मेरी सदस्यता रद्द कर दी और फिर मेरा घर ले लिया। ये सोचते हैं कि मैं चुप हो जाऊंगा। मैंने चाबी इनको दी और कहा- मुझे घर नहीं चाहिए। मेरे करोड़ों घर हैं हिंदुस्तान में।

05:36 PM11 अप्रैल 2024

प्रधानमंत्री ने 15 लाख डाले नहीं, निकाल लिए: राहुल

जोधपुर लोकसभा सीट के फलोदी में जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे राहुल गांधी।

राहुल गांधी ने अनूपगढ़ के बाद फलोदी में भी जनसभा को संबोधित किया। राहुल ने फलोदी में कहा- पिछले 10 साल प्रधानमंत्री ने आपको अलग-अलग वादे किए। डाले नहीं, 15 लाख रुपए निकाल लिए। किसान, मजदूर, युवाओं और छोटे व्यापारियों के लिए कुछ नहीं किया।

03:02 PM11 अप्रैल 2024

सरकारी नौकरी में ठेका प्रथा बंद होगी, अग्निवीर योजना बंद होगी : राहुल

  • राहुल गांधी ने कहा कि 30 लाख सरकारी पोस्ट को नरेंद्र मोदी ने खाली रखा अपने 20-25 लोगों की मदद करने के लिए। हम 30 लाख सरकारी रोजगार लोगों को देंगे। सरकार और पीएसयू में ठेकेदारी प्रथा बंद होगी। सरकार की संस्थाओं में काम करने वालों को परमानेंट नाैकरी दी जाएगी।
  • राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानून लागू करेंगे। अगर नरेंद्र मोदी कर्जा माफ कर सकते हैं तो कांग्रेस फिर से किसानों का कर्जा माफ करके दिखाएगी।
  • राहुल गांधी ने कहा कि सेना गांरटी देती थी कि यदि आप शहीद हुए तो परिवार को मुआवजा मिलेगा, कैंटीन मिलेगी, पेंशन मिलेगी। नरेंद्र मोदी ने अग्निवीर स्कीम लाकर भरोसा तोड़ा है। ये आर्मी ने नहीं कहा कि हमें अग्निवीर चाहिए, ये पीएम ऑफिस से लागू हुई है। जैसे ही सरकार आएगी, अग्निवीर योजना रद्द कर देंगे। पहले जैसी सुविधाएं देंगे।
02:57 PM11 अप्रैल 2024

हर महीने 8500 रुपए महिलाओं को देंगे : राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के हर गरीब परिवार की एक महिला को हमारी सरकार साल का एक लाख रुपए बैंक अकाउंट में डालेगी। हर महीने 8500 रुपए सरकार उस दिन तक देगी, जब तक कि आप गरीबी रेखा से बाहर न आ जाएं। यदि आप गरीबी रेखा के नीचे हो, आपके बैंक अकाउंट में हर महीने 8500 रुपए आते रहेंगे। एक झटके में हिंदुस्तान से हम गरीबी को मिटा देंगे।

02:51 PM11 अप्रैल 2024

दूध का दूध, पानी का पानी करेंगे : राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि हम चुनाव जीतने के बाद जातिगत जनगणना करेंगे। यह पता लगाएंगे कि हिंदुस्तान का धन कितने और किन लोगों के हाथ में है। हर संस्था, बड़ी कंपनियों को देखेंगे। पिछड़ों, दलित, आदिवासी, गरीबों की भागीदारी का पता लगाएंगे। दूध का दूध, पानी का पानी करेंगे।

02:46 PM11 अप्रैल 2024

पहली बार किसान को टैक्स देना पड़ रहा है : राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी ले आए। हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार किसान टैक्स दे रहा है। जितना टैक्स आप देते हो, उतना ही अंबानी-अडानी देते हैं। पैसा आपका है। वो कहते हैं कि मैं पिछड़े वर्ग का हूं, लेकिन हिंदुस्तान को चलाने वाले 90 आईएएस अफसरों में सिर्फ 3 लोग।

02:43 PM11 अप्रैल 2024

नरेंद्र मोदी किसानों को आतंकवादी कहते हैं : राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के सबसे अमीर 22 लोगों के पास उतना ही पैसा है, जितना 70 करोड़ लोगों के पास है। एक तरफ 70 करोड़ लोग, दूसरी तरफ 22 लोग। 70 करोड़ में से किसान कह रहे हैं कि हमें न्यूनतम समर्थन मूल्य दे दो, युवा कह रहा है कि रोजगार दे दो, महिला कह रही है कि महंगाई से बचाओ। लेकिन, कोई सुनने वाला नहीं है। नरेंद्र मोदी सीधा कहते हैं कि मैं किसानों को एमएसपी नहीं दूंगा, फिर कहते हैं कि वो तो आतंकवादी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024