Headlines

लोकसभा चुनाव 2024:मोदी बोले- कांग्रेस कड़वे करेले की तरह, उसे घी में तलें या शक्कर में घोलें, कड़वा ही रहेगा 5 मिनट पहले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर में कहा, 2024 का लोकसभा चुनाव स्थिरता बनाम अस्थिरता के बीच का चुनाव है। एक ओर बीजेपी-NDA है, जिसका ध्येय है देश के लिए कड़े फैसले लो और बड़े फैसले लो। दूसरी ओर कांग्रेस और INDI गठबंधन है, जिसका मंत्र है कि जहां भी सत्ता पाओ खूब मलाई खाओ।

कांग्रेस के सांसद भारत के एक और विभाजन की बात कर रहे हैं। I.N.D.I. अलायंस के लोग दक्षिण भारत को अलग करने की धमकी दे रहे हैं। I.N.D.I. अलायंस में शामिल DMK पार्टी सनातन को डेंगू-मलेरिया कह कर उसके खात्मे की बात कर रही है और नकली शिवसेना वाले उन्हीं लोगों को महाराष्ट्र में रैली करवाते हैं।

मोदी के भाषण की 3 खास बातें…

  • आज देश का दलित, पिछड़ा, आदिवासी और गरीब मोदी सरकार को अपनी सरकार मानता है। मोदी किसी शाही परिवार में पैदा होकर प्रधानमंत्री नहीं बना। मोदी एक गरीब परिवार में जन्म लेकर, आपके बीच रहकर, यहां तक आया है।
  • राजनीतिक पार्टियों का दायित्व होता है कि वो जनता की समस्याओं का समाधान करे, लेकिन कांग्रेस पार्टी खुद ही समस्याओं की जननी है। पिछले 10 वर्षों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। आपने NDA को पूर्ण बहुमत दिया। हमने देश की बड़ी-बड़ी समस्याओं का स्थायी इलाज किया है।
  • पीएम ने ये भी कहा कि INDI गठबंधन ने हमेशा देश को अस्थिरता में झोंका। INDI गठबंधन की जब तक केंद्र में सरकार रही, तब महाराष्ट्र की लगातार उपेक्षा होती रही। कड़वे करेले को घी में तलें या शक्कर में घोलें, वो फिर भी कड़वा का कड़वा ही रहता है। ये कहावत कांग्रेस पर सटीक लागू होती है। कांग्रेस कभी नहीं बदल सकती।

देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…

लाइव अपडेट्स

7 मिनट पहले

TMC का डेलिगेशन चुनाव आयोग से मिला, CBI-ED-NIA प्रमुख को बदलने की मांग

तृणमूल कांग्रेस (TMC) का 10 सदस्यीय डेलिगेशन सोमवार (8 अप्रैल) को चुनाव आयोग की फुल बेंच से मिला। इसमें डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन, साकेत गोखले और सागरिका घोष शामिल थे। डेलिगेशन ने CBI, ED और NIA प्रमुख को बदलने की मांग की।

डेलिगेशन ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। जिस तरह से CBI, ED और NIA काम कर रही हैं और TMC नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, यह शर्मनाक है।

बताया जा रहा है कि NIA की टीम 6 अप्रैल को पूर्व मेदिनीपुर में 2022 ब्लास्ट केस के दो संदिग्धों को पकड़ने गई थी, तब भीड़ ने उन पर हमला किया। वहीं, ममता बनर्जी और TMC जांच एजेंसी की टीम पर ग्रामीणों पर हमले का आरोप लगा रही है।

15 मिनट पहले

नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस में जम्मू की 2 सीटों के लिए सीट शेयरिंग

जम्मू की दो लोकसभा सीट के लिए I.N.D.I गठबंधन में सहयोगी कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच सीट शेयरिंग फाइल हो गई है। जम्मू और उधमपुर और लद्दाख में कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारेगी। नेशनल कॉन्फ्रेंस इन तीनों पर कांग्रेस का समर्थन करेगी। PDP पहले ही जम्मू की 2 सीटों पर कांग्रेस के समर्थन की बात कह चुकी है।

24 मिनट पहले

भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर घोटाला किया- AAP सांसद संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम के जरिए भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर घोटाला किया। कुछ कंपनियों ने मुनाफे से ज्यादा भाजपा को चंदा दिया। कुछ कंपनियों को टैक्स में छूट भी दी गई।

संजय सिंह ने कहा- 33 कंपनियां ऐसी हैं, जिन्होंने सात साल में 1 लाख करोड़ रुपए का घाटा उठाया है और भाजपा को 450 करोड़ रुपए का चंदा दिया है। 17 कंपनियां ऐसी हैं, जिन्होंने या तो शून्य टैक्स चुकाया है या फिर उन्हें टैक्स में छूट मिली है।

6 कंपनियों ने भाजपा को 600 करोड़ रुपए का चंदा दिया है। एक कंपनी ने अपने मुनाफे से तीन गुना ज्यादा चंदा दिया। एक ऐसी कंपनी है जिसने अपने मुनाफे का 93 गुना दान कर दिया है। तीन कंपनियां हैं जिन्होंने 28 करोड़ रुपए का चंदा दिया है और शून्य कर का भुगतान किया है।

54 मिनट पहले

केंद्रीय मंत्री की कार से भाजपा कार्यकर्ता की मौत, शोभा करंदलाजे बोलीं- जो कर सकते हैं, करेंगे

कर्नाटक के बेंगलुरु में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे की कार से टक्कर के बाद बीजेपी कार्यकर्ता की मौत हो गई। घटना सोमवार (8 अप्रैल) को केआर पुरम में हुई। बताया गया कि केंद्रीय मंत्री की कार का दरवाजा खुला हुआ था। इससे टकराने के बाद बीजेपी कार्यकर्ता प्रकाश पास से गुजर रही बस के नीचे आ गया और उसकी जान चली गई।

केंद्रीय मंत्री की कार को ट्रैफिक पुलिस ने जब्त कर लिया है। घटना पर शोभा करंदलाजे ने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारी पार्टी के वफादार कार्यकर्ता प्रकाश जो हमारे लिए प्रचार करते थे, उनकी मृत्यु हो गई। हम उनके परिवार के साथ हैं। उनके लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, वह करेंगे।

05:08 PM8 अप्रैल 2024

राजस्थान में कांग्रेस और BAP के बीच गठबंधन, लेकिन बांसवाड़ा में दोनों पार्टियों के उम्मीदवार रहेंगे

राजस्थान की बांसवाड़ा लोकसभा सीट पर सियासत ने नाटकीय रूप ले लिया है। कांग्रेस ने इस सीट से अपने उम्मीदवार अरविंद डामोर को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। वजह ये कि उन्होंने कांग्रेस और भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) के बीच गठबंधन होने के ऐलान के बाद नाम वापस नहीं लिया।

दिलचस्प बात यह है कि निष्कासन के बावजूद डामोर कांग्रेस के उम्मीदवार रहेंगे, क्योंकि निष्कासन से पहले ही पार्टी डामोर को चुनाव चिह्न दे चुकी थी। पहले यहां से कांग्रेस और भारतीय आदिवासी पार्टी(बीएपी) के उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म भरे। सोमवार 8 अप्रैल को कांग्रेस ने बीएपी से गठबंधन का ऐलान कर दिया, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार अरविंद डामोर अचानक गायब हो गए और उनसे किसी का संपर्क नहीं हो पाया।

अब कांग्रेस भले ही अपने उम्मीदवार का प्रचार न करे, लेकिन उसका प्रत्याशी मैदान में रहेगा। अब बांसवाड़ा में भाजपा के महेंद्रजीत सिंह मालवीय, बीएपी के राजकुमार रोत और कांग्रेस के अरविंद डामोर के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024