इंडियन एयरफोर्स का अपाचे हेलीकॉप्टर बुधवार को ट्रेनिंग के दौरान लद्दाख में क्षतिग्रस्त हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऊंचाई और कठिन रास्ते होने की वजह से यह घटना घटी है। हेलीकॉप्टर को चलाने वाले दोनों पायलट सुरक्षित हैं। फिलहाल मामले में आगे की जांच चल रही है।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
कास्ट सर्टिफिकेट मामले में भाजपा कैंडिडेट नवनीत राणा को राहत, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का आदेश पलटा
लोकसभा चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी नवनीत राणा को सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बड़ी राहत दी। सुप्रीम कोर्ट ने कास्ट सर्टिफिकेट केस में बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले को पलट दिया है।
हाईकोर्ट ने कहा था कि नवनीत राणा ने अपना कास्ट सर्टिफिकेट फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हासिल किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जांच कमेटी ने पाया कि राणा का सर्टिफिकेट वास्तविक दस्तावेजों के आधार पर बनाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राणा भाजपा के टिकट पर अमरावती से चुनाव लड़ सकेंगी। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है।
कर्नाटक के वियजपुरा में 16 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 2 साल के बच्चे का 18 घंटे बाद रेस्क्यू
कर्नाटक के वियजपुरा के लाचयन गांव में बुधवार शाम 6:30 बजे 16 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 2 साल के बच्चे को रेस्क्यू कर लिया गया है। बच्चा घर से बाहर खेलने निकला था, जब वह बोरवेल में गिर गया। बच्चे को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। फिलहाल उसकी हालत कैसी है, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
