तेलंगाना के पूर्व CM के चंद्रशेखर राव की बेटी और भारत राष्ट्र समिति (BRS) नेता के. कविता की जमानत याचिका पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हो रही है। जज कावेरी बावेजा इस मामले की सुनवाई कर रही हैं। सीनियर वकील अभिषेक मनु सिंघवी आरोपी के कविता की ओर से दलील दे रहे हैं। वहीं ED की तरफ से जोहेब हुसैन अपनी बात रख रहे हैं।
ED ने दिल्ली शराब नीति केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कविता को 15 मार्च को गिरफ्तार किया था। वह 23 मार्च तक ED की हिरासत में थीं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 26 मार्च को उन्हें 9 अप्रैल तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था। तब से कविता तिहाड़ जेल में हैं। उन्होंने अपने नाबालिग बेटे की परीक्षा को लेकर अंतरिम जमानत की मांग की थी।
कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई के लिए 1 अप्रैल की तारीख तय की थी। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में नियमों का हवाला देकर उनकी याचिका का विरोध किया था।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 22 मार्च को कविता को जमानत देने से इनकार कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत के लिए ट्रायल कोर्ट में जाने का निर्देश दिया था।
दिल्ली शराब घोटाले में कविता का नाम कब आया?
दिल्ली शराब घोटाले केस में ED ने गुरुग्राम से कारोबारी अमित अरोड़ा को 30 नवंबर, 2022 में गिरफ्तार किया था। ED के मुताबिक, अमित ने अपने बयानों में TRS नेता के. कविता के नाम का लिया था।
जांच एजेंसी ने दावा किया था कि कविता ‘साउथ ग्रुप’ नाम की एक शराब लॉबी की एक मुख्य लीडर थीं। उन्होंने विजय नायर के माध्यम से दिल्ली में AAP सरकार के नेताओं को 100 करोड़ रुपए का भुगतान किया था। AAP ने इस पैसे का इस्तेमाल गोवा और पंजाब विधानसभा चुनाव में किया।
फरवरी 2023 में CBI ने कविता के अकाउंटेंट बुचीबाबू गोरंतला को गिरफ्तार किया। ईडी ने भी बुचीबाबू से पूछताछ की थी। फिर ED ने हैदराबाद के व्यवसायी अरुण रामचंद्रन पिल्लई को 7 मार्च 2023 को गिरफ्तार किया।
पिल्लई ने पूछताछ में बताया था कि कविता और आम आदमी पार्टी के बीच एक समझौता हुआ था। इसके तहत 100 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ, जिससे कविता की कंपनी ‘इंडोस्पिरिट्स’ को दिल्ली के शराब कारोबार में एंट्री मिली।
पिल्लई ने ये भी बताया कि एक मीटिंग हुई थी, जिसमें वो, कविता, विजय नायर और दिनेश अरोड़ा मौजूद थे। इस मीटिंग में दी गई रिश्वत की वसूली पर चर्चा हुई थी।
साउथ ग्रुप क्या है?
साउथ ग्रुप दक्षिण के राजनेताओं, कारोबारियों और नौकरशाहों का ग्रुप है। इसमें अरबिंदो फार्मा के प्रमोटर सरथ रेड्डी, वाईएसर कांग्रेस के लोकसभा सांसद एम. श्रीनिवासुलु रेड्डी, उनके बेटे राघव मगुंटा और कविता शामिल थे। इस ग्रुप का प्रतिनिधित्व अरुण पिल्लई, अभिषेक बोइनपल्ली और बुचीबाबू ने किया था। तीनों को ही शराब घोटाले में गिरफ्तार किए गए हैं।
साल 2023 में कविता को भेजे गए थे तीन समन, इस साल 2 भेजे
ED ने शराब नीति मामले में पूछताछ के लिए कविता को साल 2023 में 3 समन भेजे थे। इस साल 2 समन भेजे गए, लेकिन उन्होंने SC की कार्रवाई का हवाला देते हुए पेश होने से इनकार कर दिया।
इसके बाद ED ने 15 मार्च को सुबह 11 बजे BRS नेता कविता के हैदराबाद स्थित घर पर रेड डाली थी। करीब 8 घंटे की तलाशी और कार्रवाई के बाद शाम 7 बजे उन्हें हिरासत में लिया गया। उसके बाद अरेस्ट किया गया। एजेंसी उन्हें लेकर दिल्ली आ गई थी।
