Headlines

दिल्ली में I.N.D.I.A की लोकतंत्र बचाओ रैली:राहुल-प्रियंका, उद्धव-अखिलेश समेत 27 दलों के नेता पहुंचे; सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन भी मौजूद

लोकसभा चुनाव से पहले I.N.D.I.A. ब्लॉक के 27 दल रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाओ रैली कर रहे हैं। राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव मंच पर पहुंच गए हैं।

उनके साथ शिवसेना (UBT) के संजय राउत, CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी, आदित्य ठाकरे, NCP-SCP प्रमुख शरद पवार, AAP नेता आतिशी, गोपाल राय, PDP चीफ महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला भी मौजूद हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी इस रैली में शामिल होने के लिए पहुंची हैं।

रामलीला मैदान में भारतीय गठबंधन की रैली पर भाजपा ने कहा- भ्रष्टाचारियों का एक बड़ा गिरोह रामलीला मैदान में खड़ा होकर अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रो रहा होगा। यह दृश्य उसी जगह हो रहा होगा जहां एक बार अरविंद केजरीवाल ने खड़े होकर इन सभी लोगों को भ्रष्टाचारी कहा था और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी।

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस और अन्य पार्टियों के वरिष्ठ नेता अंदर ही अंदर मुस्कुरा रहे होंगे। वहां खड़े गैंग यही सोच रहे होंगे कि अरविंद केजरीवाल के साथ जो हो रहा है वो बिल्कुल सही है।

लाइव अपडेट्स

2 मिनट पहले

केजरीवाल ने INDIA गुट की तरफ से देश के लिए 6 गारंटी दीं

सुनीता केजरीवाल ने अरविंद की तरफ से छह गारंटी दीं। केवल नाम में इंडिया गठबंधन नहीं है। दिल में इंडिया है। आज 6 गारंटी देता हूं।

पहली- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। मंजूर है।

दूसरा- पूरे देश के गरीबों की बिजली फ्री करेंगे।

तीसरी- हर गांव और हर मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल।

चौथी- हर गांव और मोहल्ले में मोहल्ला क्लीनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलटी सरकारी अस्पताल। हर आदमी के लिए इलाज फ्री।

पांचवीं- किसानों को स्वामीनाथन आयोग के मुताबिक सही फसलों पर MSP निर्धारित कर दाम दिलाएंगे।

छठी- दिल्ली की जनता ने 75 साल से अत्याचार सहा, ये अन्याय खत्म करेंगे। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे।

अपने संदेश में केजरीवाल ने यह भी लिखा था कि ये ऐलान करने से पहले मैंने गठबंधन के साथियों से मंजूरी नहीं ली। जेल में हूं इसलिए ऐसा नहीं कर पाया। उम्मीद है, किसी को ऐतराज नहीं होगा। इसकी प्लानिंग मैंने जेल में कर ली है। मैं जेल में स्वस्थ हूं।

8 मिनट पहले

सुनीता केजरीवाल बाेलीं- जेल से केजरीवाल ने आपके लिए संदेश दिया

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि केजरीवाल जी को केंद्र सरकार ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन केजरीवाल जी शेर हैं। जेल से केजरीवाल ने आपके लिए संदेश भेजा है। उन्होंने कहा है कि मैं आपसे वोट नहीं मांग रहा। मैं आपसे किसी को हराने या जिताने को नहीं बोल रहा हूं।

जब कुछ नेता सुबह-शाम लच्छेदार भाषण देते हैं। देश लूटने में लगे रहते हैं तो भारत मां को बहुत गुस्सा आता है। ऐसे लोगों को भारत मां से सख्त नफरत है। आइए एक नया भारत बनाते हैं। जहां हर किसी को खाना मिलेगा, रोजगार मिलेगा, कोई गरीब नहीं होगा। हर एक को अच्छी शिक्षा मिलेगी। हर बीमार को अच्छा इलाज मिलेगा। चाहे वो अमीर हो या गरीब।

15 मिनट पहले

उद्धव बोले- पूरा देश सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन के साथ

INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, आप (कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल) चिंता मत करो, सिर्फ हम ही नहीं पूरा देश आपके साथ है। कुछ दिन पहले आशंका थी कि क्या हमारा देश तानाशाही की ओर जा रहा है? लेकिन अब ये आशंका नहीं सच्चाई है। भाजपा को लग रहा होगा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने से लोग डर जाएंगे लेकिन उन्होंने अपने देशवासियों को कभी पहचाना नहीं।

22 मिनट पहले

उद्धव बोले- सुनीता और कल्पना के साथ हम भाई बनकर साथ देंगे

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रैली को सबसे पहले संबोधित किया। उन्होंने कहा- केंद्र सरकार संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। विपक्ष के नेताओं को ED, CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों के जरिए धमकाया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों की पत्नियां आज मंच पर आई हैं। हम अपनी बहनों की लड़ाई में भाई बनकर इनके साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

23 मिनट पहले

राहुल गांधी के साथ भगवंत मान, फारूक अबदुल्ला और तेजस्वी यादव

27 मिनट पहले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024