Headlines

दिल 550 ग्राम का था, इसलिए धड़कना बंद हो गया:इंदौर में 18 साल के लड़के की मौत; 350 ग्राम का होता है सामान्य हार्ट

इंदौर में एक 18 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसके हार्ट का साइज सामान्य से बड़ा था। सामान्य तौर पर वयस्क व्यक्ति के हार्ट का वजन लगभग 350 ग्राम होता है, लेकिन इस युवक के हार्ट का वजन 550 ग्राम था।

डॉक्टरों का कहना है कि युवक की मौत का कारण हार्ट का असामान्य आकार होना है। हार्ट का सामान्य से बड़ा आकार और ज्यादा वजन कभी भी मौत का कारण बन सकता है। एक अन्य कारण शराब की लत भी हो सकती है। युवक का विसरा जांच के लिए भेजा गया है। बता दें, किसी भी रहस्यमय मौत के बाद जो चीज सबसे ज्यादा चर्चा में रहती है, उसकी जांच विसरा रिपोर्ट कहलाती है।

युवक का नाम अनुज पिता भगवान सिंह यादव निवासी पालदा है। वह मूल रूप से सागर का रहने वाला था। इंदौर में एक कंपनी में काम करता था। मंगलवार को उसे उल्टियां हुईं। भाई ऋतिक और दोस्त उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। यहां उल्टियों के साथ सीने और पेट में दर्द हुआ। डॉक्टरों ने दूसरे प्राइवेट हॉस्पिटल में रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो गई। मामला संदिग्ध था, इसलिए पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया। जांच में जो कारण सामने आया वह काफी चौंकाने वाला है।

डॉ. वाजपेयी ने बताया मौत का कारण

18 हजार से ज्यादा पोस्टमॉर्टम कर चुके डॉ. वाजपेयी का कहना है कि उनके सेवाकाल में यह इस तरह का चौथा केस है। कई साल पहले एमवाय अस्पताल में ऐसे 2 केस आए थे। 2 साल पहले दिल्ली के एक व्यापारी की फ्लाइट में अचानक मौत हो गई थी। उनका हार्ट भी आधा किलो से ज्यादा वजनी था। उनकी मौत का कारण सिर्फ हार्ट का बड़ा होना था।

अनुज की मौत के कारण को लेकर उन्होंने बताया कि उसके पेट में अल्कोहल जैसी स्थिति भी पाई गई। इस पर परिवार से बात की तो पता चला कि युवक ने एक दिन पहले दोस्तों के साथ पार्टी की थी।

विसरा की जांच रिपोर्ट आने में समय लगेगा। डॉ. वाजपेयी ने स्पष्ट कहा है कि हार्ट बड़ा होने पर अचानक मौत हुई तो उसका कारण सिर्फ बड़ा हार्ट ही होता है। युवक काफी दुबला-पतला था। मौत का दूसरा कारण कुछ और नहीं है।

मौत के बाद परिवार को सच्चाई पता चली

भाई ऋतिक ने बताया कि अनुज की मौत के बाद हमें पता चला कि उसका हार्ट बड़ा था। उसे कभी-कभी थकान हो जाती थी। हांफने लगता था। होली के पहले भी उसे ऐसी ही तकलीफ हुई थी। इसका जिक्र उसने मां से किया था, लेकिन फिर ठीक हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024