देश में 29 मार्च से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। शुक्रवार (29 मार्च) को राज्य के सोनमर्ग के हंग इलाके में एवलांच हुआ। इससे दो कारें बर्फ में फंस गई। कार में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया। हालांकि, एवलांच से श्रीनगर-लेह हाईवे बंद हो गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 30 मार्च को भी भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। 19 राज्यों में बूंदाबांदी की संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट है। यहां आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में बादल छाए रहेंगे। इन राज्यों में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
सबसे ज्यादा 5 गर्म शहरों में MP-महाराष्ट्र के 4 शहर
कुछ राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। सबसे ज्यादा गर्मी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के 5 शहरों में हैं। महाराष्ट्र के अकोला में 29 मार्च को 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह पूरे देश में सबसे ज्यादा है।
इसके बाद मध्य प्रदेश का दमोह और गुना दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे। तापमान के मामले में आंध्र प्रदेश का नांद्याल चौथे और महाराष्ट्र का परभणी पांचवें नंबर पर रहा। इन सभी शहरों में पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया।
IMD ने 30 मार्च को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 1 अप्रैल से गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है।
अप्रैल-मई में भीषण गर्मी की आशंका
IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने शुक्रवार (29 मार्च) बताया कि अप्रैल-मई में तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। इस दौरान हीटवेव चलने की आशंका है। अप्रैल में देश के मध्य भाग में हीटवेव की स्थिति रहेगी। मई सीजन का सबसे गर्म महीना होगा। इस दौरान देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी पड़ सकती है।
राज्यों में मौसम का हाल…
राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट: 15 जिलों में ओले गिरने की आशंका, दो दिन खराब रहेगा मौसम
राजस्थान में शुक्रवार (29 मार्च) को वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो गया है। इसके असर से राजस्थान के 15 जिलों में बिजली चमकने, आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है। इससे दिन के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
30 मार्च को राज्य के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, करौली, झुंझुनूं, धौलपुर, दौसा, भरतपुर और अलवर जिले में बारिश होने और बिजली चमकने की संभावना है। अगले 24 घंटो में दौरान तापमान में एक से दो डिग्री गिरावट होने की संभावना है। राज्य के अधिकांश भागों में आने वाले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रह सकता है।पूरी खबर पढ़ें…
रतलाम में बूंदाबांदी, MP में दो दिन बारिश-बादल: आज राजगढ़-शाजापुर में गरज-चमक का अलर्ट
मध्य प्रदेश में दो तरह का मौसम है। जबलपुर, मंडला, दमोह, मैहर, सतना में गर्म हवाएं चल रही हैं। रतलाम में शुक्रवार (29 मार्च) को धूप के बीच बूंदाबांदी हुई। दूसरी तरफ, भोपाल में सुबह से हल्के बादल छाए रहे। हालांकि, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।
भोपाल में गुरुवार (28 मार्च) को सीजन में पहली बार दिन का तापमान 40 डिग्री के पार 40.5 डिग्री पहुंच गया था। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक गर्मी का असर रहने का अनुमान जताया है।हालांकि, कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट हो सकती है। दिन का तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड में कल से बारिश-बिजली का यलो अलर्ट, एक अप्रैल से फिर बढ़ेगा तापमान
झारखंड में 30 मार्च से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर 30 और 31 मार्च को यलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 मार्च को राज्य के दक्षिण, पश्चिमी और मध्य भाग में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जाहिर की है।
31 मार्च को भी मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा। इस दिन दक्षिणी और मध्य भाग में गर्जन के साथ तेज हवाओं की संभावना जाहिर की गई है। इस दिन हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
