बदायूं की बाबा कॉलोनी में मंगलवार 19 मार्च को शाम दो सगे भाइयों की उस्तरे से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतकों की उम्र 14 और 6 साल थी। वारदात से गुस्साए भीड़ ने जमकर हंगामा किया। बाइक और दुकान में तोड़फोड़ की।
मंडी समिति पुलिस ने कुछ ही घंटों बाद रात को एक्शन लेते हुए एक आरोपी साजिद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बदायूं के एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस की 4 टीमें आरोपियों को घेराबंदी में लगी थीं। एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने पकड़ने का प्रयास किया। उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया है। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरने वाला आरोपी बाबापुरी इलाके का साजिद है।
वारदात से जुड़े 2 फुटेज…
मृतकों के घर के सामने ही है आरोपियों का सैलून
बाबा काॅलोनी में रहने वाले विनोद कुमार पेशे से ठेकेदार हैं। वो यहां अपनी पत्नी संगीता और बच्चों के साथ रहते हैं। संगीता घर में ही अपना ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वहीं विनोद इस समय किसी काम से बाहर गए थे। इनके 3 बच्चे हैं। इनमें दो बच्चे आयुष (14) और अन्नू उर्फ हनी (6) थे। बताया जा रहा है कि घर के सामने ही साजिद और जावेद सैलून चलाते हैं। इन दोनों का विनोद के परिवार से विवाद चल रहा है।
सीधे दूसरी मंजिल पर गए और करने लगे हमला
मंगलवार देर शाम साजिद और जावेद, विनोद के घर पर आए। चूंकि दोनों की दुकान सामने थी और वह परिवार को जानते थे, इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया। साजिद और जावेद सीधे विनोद के घर की दूसरी मंजिल पर चले गए। संगीता नीचे अपने पार्लर में थीं।
छत पर आरोपियों ने उनके तीनों बच्चों पर उस्तरे से हमला करना शुरू कर दिया। जिसमें आयुष और हनी की मौत हो गई। वहीं तीसरा बच्चा पीयूष घायल हो गया। उसके हाथ में चोट आई है। चीख-पुकार सुनकर घरवाले और आस-पास के लोग ऊपर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग गए।
