मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम बदल गया। शनिवार को सिवनी और बालाघाट में तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। बालाघाट के लालबर्रा क्षेत्र में तो ओले भी गिरे। सिवनी में करीब 40 मिनट तक पानी गिरा। जिले में कुछ जगह पर ओले भी गिरे।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन यानी 19 मार्च तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश और ओले गिर सकते हैं। जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन संभाग में हल्के बादल छा सकते हैं। कहीं कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
इसलिए बदलेगा मौसम
IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, अभी उत्तरी ओडिशा के ऊपर से छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इस कारण दक्षिण-पश्चिमी हवाएं अरब सागर से नमी ला रही है।
दक्षिण-पूर्वी हवाएं बंगाल की खाड़ी से मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी नमी ला रही है। इस वजह से बारिश, ओले और तेज आंधी चल सकती है। जबलपुर संभाग के सभी जिलों में ओलावृष्टि और बारिश होगी। पूर्वी हिस्से में मौसम बदला रहेगा।
MP में 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 17 मार्च: मंडला, डिंडोरी और छिंदवाड़ा में ओले-बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, बैतूल, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, जबलपुर, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में भी बारिश, ओले गिरने का अनुमान है।
- 18 मार्च: लगातार दूसरे दिन मंडला, डिंडोरी और पांढुर्णा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनके अलावा बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, मैहर, रीवा में भी बारिश-ओले का अनुमान है। 30 से 50Km प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
- 19 मार्च: जबलपुर, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और डिंडोरी में तीसरे दिन भी मौसम बदला रहेगा। ओले गिरने के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, बालाघाट में भी बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।
सिस्टम लौटने के बाद ऐसा रहेगा मौसम
20 मार्च की रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होगा। इसका असर भी प्रदेश में देखने को मिलेगा। इसके लौटने के बाद फिर से गर्मी का असर बढ़ेगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत प्रदेश के शहरों का 10 साल का रिकॉर्ड देखें तो आखिरी दिनों में यहां तेज गर्मी का ट्रेंड है। इससे अनुमान है कि 26 से 31 मार्च के बीच ज्यादातर शहरों में दिन का टेम्प्रेचर 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
