आरजेडी चीफ लालू यादव के परिवारवाद वाले बयान का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि 140 करोड़ देशवासी ही मेरा परिवार हैं। इसके बाद भाजपा नेताओं ने अपने X प्रोफाइल पर नाम के आगे ‘मोदी का परिवार’ लिखना भी शुरू कर दिया था।
भाजपा यहीं नहीं रुक रही है। बुधवार (6 मार्च) को भाजपा ने अपने कैंपेन ‘मैं हूं मोदी का परिवार’ के तहत X पर पोस्ट करते हुए लिखा- हर किसी से अपनापन, हर किसी से सरोकार… तभी तो 140 करोड़ देशवासी हैं, पीएम मोदी का परिवार।
दरअसल, पटना में 3 मार्च को महागठबंधन की रैली में लालू यादव ने कहा था- पीएम मोदी आजकल परिवारवाद पर हमला करते हैं। मैं पूछता हूं कि तुम बताओ कि तुम्हारी कोई संतान क्यों नहीं हुई। उनके पास परिवार ही नहीं है। वो हिंदू नहीं है। हिंदू अपनी मां के श्राद्ध में दाढ़ी-बाल बनवाता है। पीएम की माता जी का जब देहांत हुआ तो उन्होंने बाल-दाढ़ी क्यों नहीं बनवाया।
इससे पहले 4 मार्च को भाजपा ने लालू यादव के बयान पर जवाब देते हुए कहा था कि भ्रष्टाचार और राजशाही मानसिकता के गर्त में डूबे लोग समझ लें कि देश का जन-जन मोदी का परिवार है।
