कर्नाटक के बेंगलुरु में मशहूर रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार (1 मार्च) को हुए बम ब्लास्ट के तार आतंकी संगठन ISIS से जुड़ गए हैं। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने (NIA) मंगलवार को मामले में 7 राज्यों में 17 ठिकानों पर छापे मारे हैं।
NIA की टीम ने बेंगलुरु के आरटी नगर में टी नजीर के घर पर छापा मारा। टी नजीर के ISIS से जुड़े होने का शक है। उसने कथित तौर पर कैफे ब्लास्ट के लिए आतंकवादियों को उकसाया था। इससे पहले आरटी नगर और सुल्तानपालिया में ग्रेनेड की खरीद के मामले में रेड की गई थी।
इन छापों में गोलियां और ग्रेनेड्स बरामद हुए हैं। जुनैद नाम का शख्स रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। उसके खिलाफ हवाला लेनदेन के संबंध में पहले से ही मामला दर्ज है। NIA की टीम छानबीन के लिए बेंगलुरु सेंट्रल जेल भी गई थी।
तमिलनाडु के चेन्नई के रामनाथपुरम में शमशुद्दीन के घर पर भी रेड जारी है। NIA ने चेन्नई के सिद्दरपेट और बिडयार से 5 लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।7
