2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी लिस्ट बुधवार (6 मार्च) को आ सकती है। भाजपा के संसदीय बोर्ड के सदस्य और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को इसके संकेत दिए हैं।
येदियुरप्पा ने कहा- वह केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने बुधवार को दिल्ली जा रहे हैं। संभवतः इसी दिन कर्नाटक सहित दूसरी सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है। मेरा मानना है कि परसों सूची फाइनल हो जाएगी। हालांकि, अंतिम फैसला वरिष्ठ नेता लेंगे।
भाजपा ने इससे पहले 2 मार्च को शाम 6 बजे 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। इतने ही सांसदों का टिकट काटा गया है। सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम हैं। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट हैं।
पहली लिस्ट आने से पहले दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर और झारखंड के हजारीबाग से सांसद जयंत सिन्हा ने राजनीति से अलग होने की घोषणा कर दी। लिस्ट आने के बाद पश्चिम बंगाल के आसनसोल से प्रत्याशी बनाए गए भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। वहीं चांदनी चौक से टिकट कटने के बाद पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।
