पंजाब CM को जहरीला केमिकल पोलोनियम देने का दावा:खालिस्तानी आतंकियों ने बेअंत सिंह जैसा हाल करने की धमकी दी, भगवंत मान अस्पताल में भर्ती
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी गई है। खालिस्तान समर्थक संगठन, खालिस्तान नेशनल आर्मी ने प्रशासन को ईमेल भेजकर धमकी दी कि CM मान को भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने पोलोनियम से संक्रमित किया है। अगर वे बच गए तो उनका पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह जैसा हाल करेंगे।
सीएम मान मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी ने इस अस्पताल समेत 16 स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी। दैनिक भास्कर को ज्ञानज्योति स्कूल की डायरेक्टर अनीत बेदी ने धमकी की कॉपी उपलब्ध कराई है।
मोहाली के SP सिटी दिलप्रीत सिंह ने ईमेल की पुष्टि की है। एसपी का कहना है कि धमकी भरा ईमेल आया है। हम सभी चीजों को वैरिफाई कर रहे हैं। मुख्यमंत्री फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट हैं। अस्पताल की अच्छी तरह से जांच की गई है। सब सेफ है। सीनियर्स के अगले आदेश तक फोर्स को हॉस्पिटल में तैनात रखा जाएगा।
दोपहर 1.11 बजे ब्लास्ट की धमकी धमकी भरे मेल में ब्लास्ट का टाइम दोपहर 1.11 बजे दिया गया था, लेकिन तब तक कुछ नहीं हुआ। सुबह साढ़े 7 बजे थ्रेट मेल मिलते ही फोर्टिस अस्पताल और स्कूलों की जांच शुरू की गई। सभी चीजों को वैरिफाई किया जा रहा है। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली लेकिन चांस नहीं लिया जा सकता।
रेडियोएक्टिव पदार्थ है पोलोनियम CM मान को जिस पोलोनियम केमिकल देने की बात सामने आई है, वह दुर्लभ रेडियोएक्टिव पदार्थ है। यह बहुत जहरीला होता है। हालांकि, CM को पोलोनियम से संक्रमित कब, कहां और कैसे किया गया, इसको लेकर ईमेल में कोई जिक्र नहीं था।
CM मान रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने पर मोहाली फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुए थे। फिर सोमवार को डिस्चार्ज होकर मोगा में AAP सरकार की नशा विरोधी रैली में हिस्सा लेने गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोगा में सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें सोमवार शाम करीब 5 बजे उन्हें फिर मोहाली फोर्टिस में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने अभी उनकी सेहत को लेकर बुलेटिन जारी नहीं किया है।
एक हफ्ते में दूसरी धमकी पंजाब में एक हफ्ते के अंदर खालिस्तान नेशनल आर्मी ने इस तरह की धमकी वाली ये दूसरी मेल भेजी है। इससे पहले 11 फरवरी को भी संगठन ने मेल भेजकर दावा किया था कि पंजाब सीएम को 13 फरवरी को मानव बम से उड़ाया जाएगा। उस मेल में भी कुछ स्कूलों को धमकी दी गई थी।
धमकी भरे ई-मेल में क्या लिखा था हंटर फार्ले के नाम से जीमेल के जरिए भेजे ई-मेल में पंजाब को खालिस्तान बताते हुए कहा गया है अपने बच्चे बचा लो और मोहाली के स्कूल बंद रखो। मेल में लिखा गया है कि यह खालिस्तान रेफरेंडम वालों को गैंगस्टर बताकर उनका एनकाउंटर लेने का बदला है।
मेल के अंत में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लिखा है। इसके साथ इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला, डॉ. गुरनिरवीर सिंह और खान राजादा का जिक्र है। हालांकि इससे पहले भी अमृतसर, जालंधर, पटियाला, मोहाली और चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन हर बार यह खोखली निकली और कोई धमाका नहीं हुआ। इस बार CM भगवंत मान को लेकर धमकी की वजह से पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। दैनिक भास्कर इस दावे की पुष्टि नहीं करता।
धमकी भरे ई-मेल की कॉपी…
क्या है पोलोनियम, जिससे CM को संक्रमित करने का दावा पोलोनियम-210 (Po-210) को दुनिया के सबसे घातक जहरों में से एक माना जाता है। यह रेडियोएक्टिव पदार्थ है, जो अल्फा विकिरण उत्सर्जित करता है।
शरीर में यह खाने, पीने या सांस के जरिए चला जाए, तो अंदरूनी अंगों और DNA को तेजी से नष्ट कर देता है। उल्टी और लूज मोशन इसके शुरुआती लक्षण हैं। इसका कोई एंटीडोट नहीं है, यानी इसका असर खत्म करने की कोई दवा नहीं है।
