पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के हत्याकांड में मास्टरमाइंड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी रात 10 बजे श्री मुक्तसर साहिब की पुलिस ने 2 साल पुराने मामले में की है। गैंगस्टर के माता-पिता अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास होटल में ठहरे हुए थे।
गिरफ्तारी के बाद पिता शमशेर सिंह और माता पीरतपाल कौर को श्री मुक्तसर साहिब कोर्ट में पेश किया गया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नीरज कुमार सिंगला ने दोनों को 30 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दोनों की पेशी का वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल, 2 साल पहले शिक्षक से 50 लाख रुपए रंगदारी मांगी गई थी। उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। तीन दिसंबर 2024 को पुलिस ने FIR दर्ज की थी। मुक्तसर पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर के माता-पिता फिरौती की रकम से गुजारा कर रहे थे।
अब पढ़िए क्या है पूरा मामला…
- विदेशी नंबर से कॉल आई: गांव उडेकरन के रहने वाले शिक्षक ने बताया कि वह पिछले 33 सालों से शिक्षा विभाग में तैनात है। 27 नवंबर 2024 को सुबह के समय वह स्कूल में अपनी ड्यूटी पर था। सुबह साढ़े दस बजे से 11 बजे के बीच उसे वॉट्सएप पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई।
- 50 लाख रुपए रंगदारी मांगी: जब फोन उठाया तो दूसरी तरफ बात कर रहे व्यक्ति ने खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताया। उसने 50 लाख रुपए रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। कॉल करने वाले ने कहा कि इस कॉल को हल्के में न ले।
- जान से मारने की धमकी दी: काल करने वाला ने कहा कि अगर पैसों का इंतजाम नहीं किया गया तो उसके परिवार के सदस्यों को नुकसान उठाना पड़ेगा और वह उन्हें भी जान से मार देगा। उसने यह भी कहा कि उसे उसके परिवार की पूरी जानकारी है।
- 6 दिन बाद दोबारा कॉल की: आरोपी की कॉल्स का यह सिलसिला एक बार नहीं, बल्कि उसी दिन कई बार चला, जिससे वह काफी डर गया। इसके बाद 6 दिन बीत जाने के बाद, तीन दिसंबर को फिर कॉल आई, जब वह गांव में कहीं जा रहा था। डर के कारण उसने कॉल नहीं उठाई।
- दोबारा कॉल की तो शिकायत दी: वह पूरे दिन मानसिक रूप से परेशान रहा। आखिरकार उसने यह सारी बात अपने घर में बताई। परिवार की सलाह के बाद वह इस संबंध में श्री मुक्तसर साहिब पुलिस थाने में पहुंचा और उस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस बोली- फिरौती की रकम से गुजारा कर रहे माता-पिता मुक्तसर साहिब पुलिस के मुताबिक, जब इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई, उस समय बंबीहा गैंग और गोल्डी बराड़ साथ-साथ काम कर रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गोल्डी के परिजनों के पास इनकम का कोई वैलिड सोर्स नहीं था और वे फिरौती से मिली रकम पर ही गुजर-बसर कर रहे थे।
कौन है गैंगस्टर गोल्डी बराड़…
- मुक्तसर साहिब में जन्म, पिता ASI रिटायर्ड: गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का असली नाम सतविंदर सिंह गोल्डी है। वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। उसका जन्म 1994 में हुआ था। गोल्डी के पिता शमशेर सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई रहे हैं।
- 20 से ज्यादा हत्याएं करवा चुका: गोल्डी बराड़ को लॉरेंस गैंग का अहम सदस्य माना जाता था। वह अब तक राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 20 से ज्यादा हत्याएं करवा चुका है। साथ ही साथ गोल्डी पर हत्या, रंगदारी, हथियारों की तस्करी सहित अन्य 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
- अमेरिका से गैंग को ऑपरेट कर रहा: गोल्डी बराड़ स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और वहीं की नागरिकता हासिल कर ली। इसके बाद उसने विदेश बैठकर अपराधी नेटवर्क खड़ा किया। वह अभी अमेरिका से गैंग को ऑपरेट कर रहा है।
- 2022 में पंजाब सिंगर की हत्या करवाई: उसका नाम सबसे ज्यादा चर्चा में तब आया जब उसने 29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मानसा में हत्या करवाई। इसके बाद से वह लगातार चर्चाओं और जांच एजेंसियों के निशाने पर बना हुआ है। उसने लॉरेंस गैंग के इशारे पर कई कारोबारियों से रंगदारी मांगी और कई जगहों पर फायरिंग भी करवाई थी। हालांकि अब वह लॉरेंस से अलग हो चुका है।
- गोल्डी के बढ़ते अपराधों को देखते हुए जून 2022 में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। वहीं जनवरी 2024 में भारत सरकार ने उसे आतंकवादी घोषित कर दिया और उस पर यूएपीए (UAPA) के तहत कार्रवाई की गई।
