मुंबई में शिंदे के सभी 29 पार्षद होटल में शिफ्ट:मेयर के लिए भाजपा को 25 पार्षद चाहिए; कैबिनेट मीटिंग में नहीं पहुंचे शिंदे-अजित
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव रिजल्ट के एक दिन बाद मुंबई में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। शिवसेना (शिंदे) ने सभी 29 पार्षदों को ताज होटल शिफ्ट कर दिया है।
शिवसेना (शिंदे) के इस फैसले को मुंबई के मेयर पद से जोड़कर देखा जा रहा है। 227 पार्षदों वाली बीएमसी में भाजपा ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की है। बहुमत का आंकड़ा 114 है। भाजपा को मेयर बनाने के लिए 25 पार्षदों की जरूरत होगी।
सूत्रों ने दैनिक भास्कर को बताया कि शिंदे गुट और अजित पवार गुट को जितनी उम्मीद थी, परिणाम वैसा नहीं आया। दोनों डिप्टी सीएम अपनी पार्टियों की सीटें कम आने से भाजपा से नाराज हैं।
शनिवार को महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट बैठक में भी दोनों उप मुख्यमंत्री नहीं गए। शिवसेना की ओर से कहा गया शिंदे बीमार हैं।
उधर CM फडणवीस ने कहा, मेयर कौन बनेगा और कब चुना जाएगा। ये सभी फैसले मैं, एकनाथ शिंदे और हमारे पार्टी नेता मिलकर लेंगे। इस पर कोई विवाद नहीं है।
महाराष्ट्र में निगम चुनावों में बीजेपी ने कुल 29 नगर निगमों में से 17 पर जीत दर्ज की है। वहीं, उसके नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 8 निगमों में जीत हासिल की। इस तरह भाजपा गठबंधन को 25 नगर निगमों में जीत मिली है।
चुनाव नतीजों के बाद किसने, क्या कहा…
- राज ठाकरे, मनसे चीफ: दुख की बात है कि मनसे उम्मीद के मुताबिक कामयाबी नहीं मिली, लेकिन हम हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं। हमारी लड़ाई मराठी लोगों, मराठी भाषा, मराठी पहचान और एक खुशहाल महाराष्ट्र के लिए है। यह लड़ाई हमारे वजूद की है। ऐसी लड़ाइयां लंबे समय तक चलती हैं।
- उद्धव ठाकरे, UBT शिवेसना चीफ: यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है… यह तब तक ऐसे ही जारी रहेगी जब तक मराठी व्यक्ति को वह सम्मान नहीं मिल जाता जिसके वे हकदार हैं।
- संजय राउत, सांसद, शिवसेना(UBT): अगर एकनाथ शिंदे शिवसेना के जयचंद नहीं बनते, तो BJP को मुंबई में कभी मेयर नहीं मिलता! मराठी लोग शिंदे को जयचंद के रूप में याद रखेंगे।
जीत के बाद फडणवीस की 2 तस्वीरें…
ग्राफिक्स में देखें बाकी नगर निगमों का रिजल्ट
भाजपा-शिवसेना (शिंदे) के गठबंधन ने उद्धव ठाकरे से BMC छीनकर, उनका तीन दशक पुराना दबदबा खत्म कर दिया है। बीएमसी में भाजपा 89 जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
राज्य चुनाव आयोग की तरफ से घोषित फाइनल रिजल्ट के मुताबिक BJP+ ने 29 नगर निगमों में 2,869 सीटों में से 1,425 सीटें जीती हैं।
शिवसेना ने 399, कांग्रेस ने 324, NCP ने 167, शिवसेना (UBT) ने 155, NCP (SP) ने 36, MNS ने 13, BSP ने 6, SEC में रजिस्टर्ड पार्टियों ने 129, गैर-मान्यता प्राप्त पार्टियों ने 196 और 19 सीटें निर्दलीयों ने जीतीं।
महाराष्ट्र चुनाव में मिली हार के UBT के संजय राऊत ने एकनाथ शिंदे को शिवसेना का जयचंद बताया। उन्होंने X पर लिखा- अगर एकनाथ शिंदे शिवसेना के जयचंद नहीं बनते, तो BJP को मुंबई में कभी मेयर नहीं मिलता। मराठी लोग शिंदे को जयचंद के रूप में याद रखेंगे।
