जम्मू-कश्मीर को दो अलग राज्य बनाने की मांग:सज्जाद लोन बोले- सौहार्दपूर्ण अलगाव पर विचार का समय, कश्मीर को आतंकवादी बताने वाला रवैये मंजूर नहीं
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने जम्मू और कश्मीर को दो अलग राज्यों में बांटने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब दोनों क्षेत्रों के बीच सौहार्दपूर्ण अलगाव पर गंभीरता से विचार करने का समय आ गया है।
लोन ने कहा कि कश्मीर ऐसे क्षेत्रीय रवैये को बर्दाशत नहीं कर सकता, जो लगातार कश्मीरियों को बदनाम करता रहा। देश के बाकी हिस्सों में यह धारणा फैलाए कि जम्मू देश के साथ है और कश्मीर आतंकवाद का क्षेत्र है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री सज्जाद लोन ने यह बातें बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहीं।
कुछ दिन पहले भाजपा के जम्मू नॉर्थ से विधायक श्याम लाल शर्मा ने जम्मू को अलग राज्य बनाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि जम्मू अब कश्मीर का बोझ नहीं उठा सकता।
कश्मीर में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की मांग
लोन ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से कश्मीर के बडगाम में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) स्थापित करने का चुनावी वादा पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा यही है कि किए गए वादे को निभाया जाए और यूनिवर्सिटी बडगाम में ही रहे।
लोन ने कहा कि अब दोनों क्षेत्रों के बीच प्रशासनिक व्यवस्था पर नए सिरे से विचार किया जाना चाहिए। शायद अब सौहार्दपूर्ण अलगाव का समय आ गया है। यह सिर्फ विकास से जुड़ा मामला नहीं है। जम्मू अब कश्मीर को निशाना बनाने का जरिया बन गया है।
लोन बोले- बिचौलियों की जरूरत नहीं
लोन ने कहा कि कश्मीर का भारत के बाकी हिस्सों से जुड़ाव उन लोगों के जरिए नहीं हो सकता, जो लगातार कश्मीर की छवि खराब करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ना है, तो यह ऐसे बिचौलियों के जरिए नहीं हो सकता जो कश्मीरियों को लगातार बदनाम करते है। देश से कहते है कि कश्मीर आतंकवादी क्षेत्र है।
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस ने कहा- कश्मीर में बदली भावनाएं
लोन ने कहा कि कश्मीर में क्षेत्रीय संबंधों को लेकर भावनाएं काफी बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण जैसे मुद्दों पर कश्मीरियों को पीछे किया जा रहा है।अब लोग इसे और सहन नहीं कर पा रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि कश्मीर में अलगाव की इच्छा पहले से कहीं ज्यादा बढ़ चुकी है। अब नेतृत्व को साफ-साफ बात कहने की जरूरत है।
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा विधायक श्याम लाल शर्मा ने जम्मू को अलग राज्य बनाने की मांग कर विवाद खड़ा किया था। हालांकि बाद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने इस बयान से दूरी बनाते हुए कहा था कि यह पार्टी का रुख नहीं है।
