मकर संक्रांति-मांझे से यूपी में डॉक्टर का गला कटा, मौत:कर्नाटक में बाइकर की जान गई; प्रयागराज संगम पहुंचे 50 लाख लोग, नर्मदा-शिप्रा घाट पर भीड़
देशभर में मकर संक्रांति दो दिन मनाई जा रही है। कुछ जगह 14 जनवरी को तो कुछ जगह 15 जनवरी को मनाई जाएगी। दरअसल, सूर्य आज दोपहर करीब 3.20 बजे मकर राशि में प्रवेश करेगा।
इस वजह से अगले दिन यानी 15 जनवरी को जो सूर्योदय होगा, उसमें सूर्य मकर राशि में रहेगा, इसलिए 15 तारीख को मकर संक्रांति का पुण्यकाल रहेगा।
गंगा, नर्मदा, शिप्रा नदियों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। प्रयागराज संगम पर दोपहर 1 बजे तक 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। रात 12 बजे से मकर संक्रांति का स्नान शुरू हो जाएगा।
जयपुर, अहमदाबाद, भोपाल में लोगों ने पतंगे उड़ाईं। गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के नारणपुरा में परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ पतंग उड़ाई। पेंच लड़ाते वक्त उनकी पतंग को दूसरे पतंगबाज ने काट दिया।
मांझे से यूपी और कर्नाटक में 2 की मौत
वहीं, मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के दौरान हादसे भी सामने आ रहे हैं। यूपी के जौनपुर में मांझे से गर्दन कटने से एक डॉक्टर की मौत हो गई। वहीं, एमपी के इंदौर और राजस्थान के बांसवाड़ा में दो बाइक सवारों की चाइनीज मांझे से गर्दन कट गई। दोनों अस्पताल में एडमिट हैं। कर्नाटक में भी मांझे से गला कटने से एक 48 साल के बाइक सवार की मौत हो गई।
देशभर में मकर संक्रांति, लोहड़ी और पोंगल सेलिब्रेशन से जुड़ी अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…
अपडेट्स
लुधियाना में गाजर का हलवा खाने से 50 लोग बीमार
पंजाब के लुधियाना में बुधवार को गजरेला (गाजर का हलवा) खाने से 50 लोग बीमार हो गए। गजरेला खाने के कुछ देर बाद लोगों को उल्टी-दस्त होने लगे। साथ में चक्कर भी आया। सभी को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गुजरात के डिप्टी सीएम ने सूरत में पतंग उड़ाई
गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने सूरत में पतंग उड़ाई। एक पतंग काटते ही वे काइपो छे, काइपो छो बोलते हुए झूमने लगे।
राजस्थान में 8 साल का बच्चा छत से गिरा, मौत
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पतंग लूटते समय 8 साल का बच्चा छत से पानी की टंकी में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया- नवीन बावरी छत पर पतंगबाजी देख रहा था। इस दौरान एक पतंग छत के ऊपर से गुजरी। नवीन ने उस पतंग को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका बैलेंस बिगड़ गया और छत से नीचे गिर गया।
कर्नाटक में बाइकर की मांझे से मौत
कर्नाटक में भी मांझे से गला कटने से एक 48 साल के बाइक सवार की मौत हो गई। बीदर जिले में रहने वाले संजूकुमार होसमानी बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान तलामाडगी पुल के पास वे इस हादसे का शिकार हो गए।
उत्तराखंड: हल्द्वानी के गार्गी नदी तट पर डांस करते कत्यूरी वंश के लोग
मकर संक्रांति के मौके पर उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों से कत्यूरी वंशज नैनीताल जिले के रानीबाग पहुंचे। यहां उन्होंने गार्गी नदी में स्नान कर अपनी कुलदेवी जिया रानी की पूजा-अर्चना की।
झारखंड; देवघर में बाबा बैद्यनाथ को तिल-गुड़ का भोग लगा
मकर संक्रांति पर प्राचीन परंपरा के अनुसार देवघर के बाबा बैद्यनाथ को तिल, गुड़ और खिचड़ी अर्पित की गई। मान्यता है कि बाबा को तिल अर्पित करने के बाद ही श्रद्धालु तिल या तिल से बनी वस्तुओं का सेवन करते हैं।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली में भाजपा नेताओं के साथ मकर संक्रांति मनाई
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अन्य भाजपा नेताओं ने दिल्ली भाजपा कार्यालय में मकर संक्रांति मनाई।
गृहमंत्री अमित शाह अहमदाबाद के नारणपुरा में पतंग उड़ाते हुए
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के जगन्नाथ मंदिर में पूजा के बाद गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के कई इलाकों में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ पतंग उड़ाई।
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने गुजरात के पालिताणा में पतंग उड़ाई
टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम का रोल करने वाले और भाजपा सांसद अरुण गोविल इन दिनों गुजरात में है। मकर संक्रांति के मौके पर उन्होंने जैन नगरी के रूप में पहचानी जाने वाली पालिताणा में पतंग उड़ाई।
यूपी के जौनपुर में मांझे से गर्दन कटने से एक डॉक्टर की मौत
जौनपुर में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से एक डॉक्टर की मौत हो गई। वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया और गर्दन की नस कट गई। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनकी गले की हड्डी तक कट गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बांसवाड़ा में मांझे से एक युवक की गर्दन कट गई
राजस्थान के बांसवाड़ा में मकर संक्रांति पर बुधवार को चाइनीज मांझे से एक युवक की गर्दन कट गई। उसके गले में 10 टांके आए हैं। घायल बापूलाल अपनी बाइक से घर लौट रहा था। तभी चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। बाइक रोकने तक उसके गले में गहरा जख्म हो गया था।
इंदौर में बाइक से जा रहे एक युवक का चाइनीज मांझे से गला कट गया
इंदौर के भंवरकुआं इलाके में बाइक से जा रहे एक युवक का चाइनीज मांझे से गला कट गया। गला कटते ही युवक सड़क पर गिर गया। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक की पहचान हेमराज रविन्द्र चौरसिया के रूप में हुई है।
तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन पोंगल सेलिब्रेट करते हुए
CM भगवंत मान और हरियाणा CM नायब सैनी ने एक-दूसरे को लोहड़ी की बधाई दी
पंजाब में मंगलवार को लोहड़ी का त्योहार मनाया गया। चंडीगढ़ स्थित पंजाब लोक भवन में मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी एक साथ नजर आए। CM मान और हरियाणा के सीएम सैनी ने गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी।
गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में पतंग उड़ाई
