हिमाचल के सोलन में भीषण आग, बच्चा जिंदा जला:9 लापता, क्षत-विक्षत हालत में मिल रहे बॉडी पार्ट्स, 8 मकान राख
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में रविवार आधी रात भीषण आग भड़की। इस हादसे में आठ साल के एक बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई। SDM निशांत तोमर ने बताया कि कुछ के क्षत-विक्षत हालत में शरीर के अंग जैसे हाथ-टांगे इत्यादि मिल रहे हैं।
SDM ने बताया कि दो परिवारों के करीब 9 लोगों के लापता होने की सूचना है। इनमें 5 बच्चे, 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल है। प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश में सुबह से ही सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चला रखा है। घटनास्थल पर जेसीबी से मलबा निकाला जा रहा है।
SDRF, पुलिस और होमगार्ड जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे है। इस दौरान दो शवों के कुछ बॉडी पार्ट्स मिले है। वहीं जिस बच्चे का सुबह के वक्त शव बरामद किया गया, उसकी पहचान प्रियांश पुत्र राकेश निवासी बिहार के तौर पर हुई है।
7 परिवार बाहर निकाले, 2 परिवार अंदर फंसे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग रविवार रात करीब ढाई बजे बाजार में एक रिहायशी दो मंजिला मकान से भड़की। इसकी निचली मंजिल में दुकानें और ऊपर वाली मंजिल में नेपाल व बिहार के 9 परिवार रहते थे। 7 परिवारों को आग लगने के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। मगर 2 परिवार के लोग अंदर फंस गए।
कुछ ही देर में आग ने आसपास की दुकानों और अन्य भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक के बाद एक कई एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे आग और भड़क गई। इससे हालात और भी भयावह हो गए। सिलेंडरों के धमाकों की आवाज से पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही शिमला के बालूगंज, अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री दाड़लाघाट और बनलगी से दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुबह सात बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि, तब तक आठ से 10 मकान जलकर राख हो गए।
अर्की बाजार में आग लगने के कुछ PHOTOS…
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक संजय अवस्थी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक संजय अवस्थी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग रात करीब तीन बजे भड़की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विधायक ने कहा कि जो लोग लापता बताए जा रहे हैं, उनकी तलाश के लिए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। मलबा हटाने का काम भी किया जा रहा है, ताकि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। प्रभावितों को 25-25 हजार की फौरी राहत: अवस्थी
अवस्थी ने बताया कि SDRF टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत दे दी गई है। मौके पर जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है।
दहशत में बाजार के लोग
इस हादसे के बाद अर्की बाजार और आसपास के क्षेत्रों में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए तुरंत राहत, मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की जांच करवाई जाएगी और पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाएगी।
CM व BJP नेताओं ने जताया शोक
हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने व शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने करने की शक्ति देने की अपील की है। उन्होंने कहा- प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दे दिए गए है।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप और अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम ने भी अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया।
