स्विट्जरलैंड के रिसॉर्ट में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान ब्लास्ट:40 लोगों के मारे जाने की खबर, 100 घायल; शहर नो-फ्लाई जोन घोषित
स्विट्जरलैंड के क्रांस मोंटाना शहर के ‘अल्पाइन स्की रिसॉर्ट’ में गुरुवार को न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान विस्फोट हुआ। न्यूज मीडिया द मिरर ने लोकल मीडिया से हवाले से बताया कि विस्फोट में 40 लोग मारे गए हैं, जबकि 100 से ज्यादा घायल हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह विस्फोट कॉन्स्टेलेशन बार में लोकल समय के मुताबिक रात 1:30 बजे हुआ। मरने और घायल होने वाले किस देश के हैं, अभी इसकी जानकारी नहीं है।
पुलिस और इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल झुलसे हुए मरीजों से भर गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल विस्फोट के वजह की जांच की जा रही है। क्रांस-मोंटाना शहर को नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। स्विस पुलिस आज दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हादसे की डिटेल्स शेयर करेगी।
हादसे से जुड़ी 4 तस्वीरें…
आतिशबाजी की वजह से ब्लास्ट की आशंका
स्विस न्यूज आउटलेट ब्लिक के मुताबिक यह धमाका और उसके बाद लगी आग शायद एक कॉन्सर्ट के दौरान इस्तेमाल की गई आतिशबाजी की वजह से हुई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर विस्फोट वाली जगह और उसके आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हर 10 मिनट में रेस्क्यू हेलिकॉप्टर उड़ते नजर आए। स्विस मीडिया के मुताबिक, सभी उपलब्ध रेस्क्यू हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं। इटली से भी एक हेलिकॉप्टर मदद के लिए भेजा गया।
क्रांस-मोंटाना में हॉलिडे पर बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं
क्रांस-मोंटाना स्विट्जरलैंड के आल्प्स पर्वत क्षेत्र में स्थित एक लग्जरी स्की रिसॉर्ट है। यह जगह स्विस राजधानी बर्न से करीब दो घंटे की दूरी पर है और यहां हर साल बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं, खासकर सर्दियों और नए साल के समय।
यह देश के सबसे खास और महंगे इलाकों में गिना जाता है और अपनी सालभर की धूप के लिए मशहूर है। इसकी वजह यह है कि यह रोन घाटी में एक दक्षिण की ओर ढलान वाले पठार पर स्थित है।
समुद्र तल से करीब 1,500 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस इलाके से आल्प्स पर्वत के शानदार नजारे दिखते हैं। क्रांस-मोंटाना की आबादी करीब 15 हजार है।
कॉन्स्टेलेशन बार की 4 पुरानी तस्वीरें…
फॉरेंसिक टीमें हादसे के सबूत जुटा रही
फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं और बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में बार में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, हालांकि पुलिस ने इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और इलाके में भीड़ न लगाने की अपील की है। सुरक्षा कारणों से क्रांस-मोंटाना को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
