महिला क्रिकेट- IND Vs SL पांचवां टी-20 मैच:भारत ने पावरप्ले में दूसरा विकेट गंवाया, शेफाली के बाद कमलिनी आउट; स्कोर 34/2
भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच 5 टी-20 मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है।
भारतीय टीम ने 5 ओवर में दो विकेट पर 34 रन बना लिए हैं। हरलीन देओल और कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर हैं। डेब्यू मैच खेल रहीं जी कमलिनी (12 रन) LBW हो गईं। जबकि, शेफाली वर्मा (5 रन) निमाषा मीपागे की बॉल पर कैच आउट हो गईं।
इस मुकाबले में भारतीय टीम के पास सीरीज को 5-0 से क्लीन स्वीप करने का मौका है। टीम इंडिया ने पिछला मैच 30 रन से जीता था। फिलहाल, इंडिया सीरीज में 4-0 से आगे है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी।
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, कविषा दिलहारी, निलाक्षी डी सिल्वा, कुशीनी नुथयांगना, रश्मिका सेवांदी, मलकी मदारा, इनोका रनवीरा, निमाषा मीपागे।
लाइव अपडेट्स
शेफाली के बाद कमलिनी LBW आउट हुईं
5वें ओवर में भारत ने दूसरा विकेट गंवाया। यहां पर डेब्यू मैच खेल रहीं जी कमलिनी 12 रन बनाकर आउट हुईं। कविषा दिलहारी की बॉल पर कमलिनी के पैड पर लगी। फील्ड अंपायर ने आउट भी दे दिया। ऐसे में कमलिनी ने रिव्यू लिया, लेकिन फैसला नहीं बदला।
शेफाली वर्मा 5 रन बनाकर कैच आउट
भारत ने दूसरे ओवर की पहली बॉल पर पहला विकेट गंवाया। यहां शेफाली वर्मा 5 रन बनाकर आउट हुईं। वे मिडिल-लेग स्टंप की गुड लेंथ बॉल को लॉन्ग ऑन पर खेलना चाहती थीं, लेकिन मिस टाइम कर गईं और इमेशा दुलानी को कैच थमा बैठीं।
शेफाली वर्मा ने चौके से खाता खोला
भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा ने मलकी मदारा की बॉल पर चौका लगाकर अपना और टीम का खाता खोला। उन्होंने मलकी की दूसरी बॉल पर फ्लिक किया और बाउंड्री के बाहर पहुंचाया। पहली बॉल शेफाली के पैड पर लगी, लेकिन श्रीलंकाई टीम ने रिव्यू नहीं लिया। इस ओवर से महज 5 रन आए।
17 साल की जी कमलिनी को हरमनप्रीत ने डेब्यू कैप दी
दोनों टीमों में 2-2 बदलाव, स्नेह राणा की वापसी
इस मैच के लिए दोनों टीमों ने पिछले मैच की प्लेइंग-11 में दो-दो बदलाव किए हैं। भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना और रेणुका ठाकुर को आराम दिया गया है, जबकि तमिलनाडु की स्पिनर जी कमलिनी डेब्यू कर रही हैं। उन्हें भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने डेब्यू कैप दी। स्नेह राणा की वापसी हुई है। श्रीलंकाई टीम में रणवीरा और मदारा की वापसी हुई है।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी
श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। श्रीलंका ने लगातार दूसरे मैच में टॉस जीता है। अटापट्टू ने कहा- हम चेज करना चाहेंगे। हमने इस सीरीज से बहुत कुछ सीखा है।
