Headlines

गोवा अग्निकांड- लूथरा ब्रदर्स को थाइलैंड से दिल्ली लाया गया:गोवा पुलिस ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया; 25 लोगों की मौत के बाद भागे थे

गोवा अग्निकांड- लूथरा ब्रदर्स को थाइलैंड से दिल्ली लाया गया:गोवा पुलिस ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया; 25 लोगों की मौत के बाद भागे थे

नई दिल्ली4 मिनट पहले
बैंकॉक एयरपोर्ट पर फ्लाइट में बैठने से पहले गौरव और सौरभ लूथरा चेहरे पर मास्क पहने हुए सुरक्षा अधिकारियों के साथ दिखे।

गोवा के नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाइलैंड से दिल्ली लाया गया है। भारतीय सुरक्षा अधिकारी दोनों भाइयों के साथ मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरे।

दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस की एक टीम ने दोनों को एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया जाएगा। ट्रांजिट रिमांड की इजाजत मिलते ही पुलिस दोनों को लेकर गोवा जाएगी।

सौरभ और गौरव लूथरा बिर्च नाइट क्लब के मालिक हैं। क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे। थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट में दोनों भाइयों को हिरासत में लिया। आज सुबह उन्हें बैंकॉक से भारत डिपोर्ट किया गया था।

सुरक्षा अधिकारियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी से पहले दोनों भाइयों की तस्वीर जारी की।

दोनों भाई थाईलैंड में खाना खाने निकले, तभी पकड़े गए

सूत्रों के अनुसार, 9 दिसंबर को थाई अधिकारियों को पता चला कि भारतीय सुरक्षा एजेसियां जिन भाइयों को ढूंढ रही है, वे फुकेट में छिपे हैं। भारतीय एजेंसियों से इनपुट मिलने के बाद थाई अधिकारियों ने पहले ही होटलों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।

11 दिसंबर को जब दोनों भाई होटल से बाहर खाना खाने के लिए निकले तो थाई इमिग्रेशन और पुलिस अधिकारियों ने उनकी पहचान और यात्रा की डिटेल्स वेरिफाई कीं और पकड़ लिया। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।

थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को सौरव और गौरव लूथरा को हिरासत में लेने के बाद यह तस्वीर जारी की थी।

लूथरा बद्रर्स ने आग लगने के समय थाईलैंड के टिकट बुक किए थे

  • जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ और गौरव लूथरा ने थाईलैंड के लिए फ्लाइट टिकट उस समय बुक किए, जब गोवा में उनके नाइट क्लब में फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने और फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश कर रही थीं।
  • अधिकारियों ने बताया कि लूथरा भाइयों ने 6 दिसंबर की रात 1:17 बजे ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी की वेबसाइट पर लॉग इन किया था। दोनों सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 से दिल्ली से फुकेट के लिए रवाना हो गए।
  • गोवा पुलिस ने विदेश मंत्रालय और CBI के जरिए इंटरनेशनल क्रिमिनल पुलिस ऑर्गेनाइजेशन (Interpol) से उनकी गिरफ्तारी की अपील की थी। इसके बाद इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था।
  • लूथरा ब्रदर्स, उनके बिजनेस पार्टनर, मैनेजर और कुछ कर्मचारी दिल्ली के रहने वाले हैं। इसलिए गोवा पुलिस के साथ अब दिल्ली पुलिस भी अग्निकांड मामले की जांच कर रही है। दिल्ली में भी एक केस दर्ज किया गया है।

लूथरा ब्रदर्स फर्जी कंपनियों के डायरेक्टर या पार्टनर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ और गौरव, बर्च क्लब के अलावा अन्य 42 कंपनियों से भी जुड़े हैं, जिनमें कई सिर्फ कागज पर मौजूद हैं। ये सभी कंपनियां दिल्ली में एक ही पते (2590, ग्राउंड फ्लोर, हडसन लाइन, नार्थ वेस्ट दिल्ली) पर रजिस्टर्ड हैं।

कॉर्पोरेट रिकॉर्ड से पता चलता है कि लूथरा भाई फर्जी कंपनियों और लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप (LLPs) में डायरेक्टर या पार्टनर के तौर पर लिस्टेड हैं। ऐसी कंपनियों का इस्तेमाल आमतौर पर बेनामी लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया जाता है। हालांकि, अभी इसकी जांच होना बाकी है।

बर्च नाइट क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई भारत छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। थाई पुलिस ने दोनों को फुकेट में एक होटल के कमरे से हिरासत में लिया। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024