Headlines

राहुल आज जर्मनी जाएंगे, अफसरों-भारतीय समुदाय से मिलेंगे:नेता प्रतिपक्ष की 6 महीने में 5वीं विदेश यात्रा; भाजपा ने कहा था- वे लीडर ऑफ पर्यटन

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी के दौरे पर रहेंगे। वहां वे जर्मन सरकार के अफसरों और भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे।

राहुल गांधी का पिछले 6 महीनों में यह 5वां विदेश दौरा है। इससे पहले जुलाई से लेकर सितंबर के बीच वे लंदन, मलेशिया, ब्राजील, कोलंबिया की यात्रा पर गए थे।

राहुल का जर्मनी दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब देश में संसद का शीतकालीन सत्र (1 से 19 दिसंबर तक) चल रहा है। इसको लेकर भाजपा ने राहुल के जर्मनी दौरे पर निशाना साधा था।

राहुल गांधी की यह तस्वीर सितंबर में सामने आई थी, जिसे लेकर दावा किया गया था कि वोटर अधिकार यात्रा के बाद वे सिंगापुर में छुटि्टयां मनाने गए थे।

राहुल के पिछले 6 महीनों की विदेश यात्राएं…

  • 25 जून से 6 जुलाई 2025- लंदन (यूके): 2025 के मध्य में राहुल गांधी लंदन भी यात्रा पर रहे। सुरक्षा एजेंसियों के पत्र में यह विवरण आया है।
  • 4 से 8 सितंबर 2025 – मलेशिया: सितंबर में उन्होंने मलेशिया का दौरा किया- जिसके बारे में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी सुर्खियों में रहे।
  • सितंबर 2025 -दक्षिण अमेरिका (ब्राजील, कोलंबिया): दक्षिण अमेरिका दौरे पर ब्राजील, कोलंबिया समेत चार देशों में छात्रों, व्यापारियों और नेताओं से संवाद किया था।

ऐसा रहेगा जर्मनी दौरे का शेड्यूल

राहुल गांधी 17 दिसंबर को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में होने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे यूरोप के विभिन्न देशों से आए IOC के नेताओं से मुलाकात करेंगे। IOC ने इस दौरे को पार्टी के वैश्विक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल बताया है।

IOC ने कहा कि राहुल बर्लिन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान यूरोप में IOC के लोकल ब्रांच के सभी प्रमुख NRI मुद्दों, कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को विस्तार देने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।

IOC ऑस्ट्रिया के अध्यक्ष औसाफ खान ने कहा कि संगठन गांधी की मेजबानी कर सम्मानित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा जैसे सीनियर नेता भी मौजूद रहेंगे।

पिछले 5 साल में राहुल गांधी की विदेश यात्राएं जो विवादों में रहीं…

  • 28 सितंबर 2025: बॉस्टन में राहुल ने कहा था- यह पूरी तरह साफ है कि भारतीय चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। इस सिस्टम में कुछ गड़बड़ी है। मैं कई बार कह चुका हूं कि महाराष्ट्र में जितने बालिग नहीं हैं, उससे ज्यादा वोटिंग हुई। चुनाव आयोग ने हमें साढ़े पांच बजे वोटिंग का आंकड़ा बताया। इसके बाद 5:30 बजे से शाम 7:30 के बीच 65 लाख वोटिंग हुई।
  • मई 2022- राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर थे। उन्होंने CBI और ED का हवाला देते हुए भारत सरकार की तुलना पाकिस्तान सरकार से की थी। BJP ने राहुल पर विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया
  • दिसंबर 2020- राहुल गांधी नानी से मिलने इटली गए थे। 28 दिसंबर को हर साल कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसमें वे शामिल नहीं हुए। इस पर विवाद हुआ। कुछ महीने बाद पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और यूपी में चुनाव हुए। इसमें कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इसके बाद कई कांग्रेस नेताओं ने इसे राहुल के विदेशी दौरे से जोड़ा। राहुल पर आरोप लगा कि इटली जाने के लिए उन्होंने पंजाब में रैली को कैंसिल करवा दिया।
  • दिसंबर 2019- भारत में CAA के खिलाफ बड़ा आंदोलन चल रहा था। राहुल गांधी तब दक्षिण कोरिया चले गए थे। उनकी इस यात्रा को लेकर कई कांग्रेसी नेताओं ने भी सवाल उठाए थे।
  • अक्टूबर 2019- हरियाणा और महाराष्ट्र में होने वाले चुनाव से सिर्फ 15 दिन पहले राहुल गांधी कंबोडिया चले गए। BJP ने कहा कि राहुल गांधी पर्सनल टूर पर बैंकॉक गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने कहा कि वे मेडिटेशन के लिए कंबोडिया गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024