Headlines

MP के सागर में ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश:लैंडिंग के समय हवाई पट्‌टी पर बिगड़ा संतुलन, रनवे से उतरा; पायलट सुरक्षित

मध्य प्रदेश में सागर की ढाना हवाई पट्टी पर ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। लैंडिंग के वक्त अनियंत्रित होने के बाद एयरक्राफ्ट की नोज जमीन से आ टकराई। हवाई पट्‌टी पर मौजूद कर्मचारी तुरंत दौड़े। पायलट को बाहर निकाला। एम्बुलेंस से मेडिकल रूप लेकर आए। पायलट खतरे से बाहर है।

हादसा बुधवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। चाइम्स एविएशन एकेडमी के इस एयरक्राफ्ट को ट्रेनी पायलट उड़ा रहे थे।

फिलहाल पायलट का नाम नहीं पता चल सका है।

देखिए, दो तस्वीरें…

सागर की ढाना हवाई पट्‌टी पर लैंडिंग के दौरान ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया।
एविएशन कंपनी के कर्मचारी मौके पर दौड़े और पायलट को एयरक्राफ्ट से बाहर निकाला।

रनवे से नीचे उतरकर हो गया क्रैश चाइम्स एविएशन एकेडमी के कर्मचारियों के मुताबिक, लैंडिंग के वक्त पायलट का एयरक्राफ्ट से नियंत्रण छूट गया। वह एक तरफ झुककर रनवे से नीचे आकर क्रैश हो गया।

हादसे के वक्त ढाना हवाई पट्‌टी से सड़क दुर्घटना में घायल एक जवान को एयरलिफ्ट किया जा रहा था। इसकी वजह से जिला प्रशासन के अधिकतर अधिकारी मौके पर मौजूद थे। एम्बुलेंस भी वहीं खड़ी थी। इससे ट्रेनी पायलट को हवाई पट्‌टी के पास बने मेडिकल रूम में भिजवाया गया।

एविएशन एकेडमी के अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दो दिन पहले सिवनी में क्रैश हुआ था ट्रेनर एयरक्राफ्ट इससे पहले 8 नवंबर को सिवनी में एक ट्रेनर विमान 33 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन से टकराकर क्रैश हो गया था। ट्रेनर पायलट अजित एंथोनी और ट्रेनी पायलट अशोक छाबड़ा घायल हो गए थे।

रेड बर्ड एविएशन कंपनी के इस विमान ने सुकतरा हवाई पट्टी से उड़ान भरी थी। लैंडिंग के दौरान बादलपार सब स्टेशन की 33 केवी लाइन के निचले हिस्से से विमान का पंख टकरा गया। टक्कर होते ही तेज धमाका हुआ और तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। लहराता हुआ विमान खेत में जा गिरा।

ट्रेनर प्लेन ने सुकतरा हवाई पट्टी से उड़ान भरी थी।

इंजन में पावर जनरेट नहीं हो रहा था कुरई टीआई कृपाल सिंह तेकाम ने कहा था- प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विमान के इंजन में पावर जनरेट नहीं हो रहा था। कंट्रोल रूम से संपर्क कर पायलट ने खेत में इमरजेंसी लैंडिंग कराने की तैयारी की थी, लेकिन इसी दौरान विमान बिजली लाइन से टकरा गया था।

दैनिक भास्कर ने रेड बर्ड एविएशन कंपनी के कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024