राहुल की 28 मिनट की स्पीच में 5 बार हंगामा:राज्यसभा में खड़गे ने वंदे मातरम् के नारे लगाए…VIDEOS में देखें मोमेंट्स
संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। आज इसका 7वां दिन है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने SIR-चुनाव सुधार पर अपने संबोधन में कहा- केंद्र सरकार और RSS देश के संस्थानों पर कब्जा करना चाहते हैं। राहुल की 28 मिनट की स्पीच के दौरान 5 बार हंगामा हुआ। स्पीकर ने विपक्ष को फटकार भी लगाई। राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वंदे मातरम् के नारे लगाए।
1. स्पीकर की चेतावनी पर राहुल ने विपक्षी सांसदों को शांत कराया
मंगलवार शाम राहुल गांधी ने चुनाव सुधार और SIR के मुद्दे पर कहा कि केंद्र सरकार और RSS देश के संस्थानों पर कब्जा करना चाहते हैं। राहुल के इतना कहने पर NDA सांसदों ने हंगामा किया। स्पीकर ने राहुल को समझाइश दी। विपक्षी सांसद इससे नाराज हो गए। उन्होंने शोर मचाया। स्पीकर ने सदन की गरीमा बनाए रखने की चेतावनी दी। विपक्षी सांसद और शोर करने लगे। इस पर राहुल ने साथी सांसदों को शांत कराया और अपनी बात पूरी की।
2. राज्यसभा में खड़गे ने लगाए वंदे मातरम् के नारे
मंगलवार को राज्यसभा में ‘वंदे मातरम् के 150 साल पूरे’ होने पर चर्चा हुई। नेता विपक्ष कांग्रेस सासंद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं। मैं 60 सालों से यह गाना गा रहा हूं, चाहे विधायक, सांसद या राज्यसभा सदस्य के तौर पर ‘वंदे मातरम्’ गाना हमेशा मेरी आदत रही है। मैं उन लोगों को भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने हाल ही में इसे पहली बार गाना शुरू किया है। अपने संबोधन के दौरान खड़गे ने ‘वंदे मातरम्, वंदे मातरम्’ के नारे लगाए।
3. पीएम ने विपक्ष को कहा- Thank You, Thank You
प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा शुरू की। इस दौरान उन्होंने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को ‘बंकिम दा-बंकिम दा’ कहा। पीएम 4 बार बंकिम दा कह चुके थे। तभी तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद सौगत रॉय उठे, उन्होंने पीएम को टोकते हुए कहा- क्या कह रहे हैं… बंकिम दा नहीं… बंकिम बाबू कहिए। उनके इतना कहते ही पीएम रुके, उन्होंने सौगत से कहा- बंकिम बाबू कहें…थैंक्यू-थैक्यू… आपकी भावनाओं का मैं आदर करता हूं।
4. प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- जितना नेहरू जेल में रहे, मोदी उतने वक्त से पीएम
सोमवार शाम 4 बजे के करीब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सदन को वंदे मातरम् पर संबोधित किया था। उन्होंने कहा- जहां तक जवाहरलाल नेहरू की बात है, जितनी देर हमारे प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री हैं… लगभग 12 साल हो गए हैं। उतने ही सालों के लिए जवाहर लाल नेहरू जेल में रहे हैं। नेहरू देश के लिए, देश की सेवा करते-करते दम तोड़ा। पीएम को मेरी छोटी सी सलाह है। पीएम ने विपक्ष द्वारा उनके 90,99 अपमान की लिस्ट निकाली थी। पीएम को नेहरू जी से जितनी भी शिकायतें हैं, इसकी भी लिस्ट निकालें। फिर हम उस पर चर्चा के लिए समय तय कर लेंगे।
5. राजनाथ सिंह ने विपक्ष को फटकारा, बोले- कौन बैठाने वाला है
लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जब सदन को संबोधित कर रहे थे। विपक्ष बार-बार टोक रहा था। विपक्षी सांसदों ने रक्षा मंत्री को बैठ जाने की बात कही। राजनाथ ने नाराजगी जताते हुए कहा- कौन बैठाने वाला है, कौन बैठाएगा. क्या बात करते हैं, बैठ… ये हिम्मत हो गई है, अध्यक्ष जी इनको रोकिए।
