इंडिगो संकट- 7वें दिन भी 500+ फ्लाइट कैंसिल:राज्यसभा में सिविल एविएशन मंत्री बोले- ऐसा एक्शन होगा, जो मिसाल बनेगा
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की उड़ान सेवाएं सोमवार को भी पटरी पर नहीं लौट सकीं हैं। दिल्ली, श्रीनगर, हैदराबाद, बेंगलुरु, अहमदाबाद एयरपोर्ट से अब तक 500 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल हो चुकी हैं।
एक दिन पहले भी एयरलाइन ने 650 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी थीं। इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने कहा- हालात रोज बेहतर हो रहे हैं। 10 दिसंबर तक ऑपरेशन नॉर्मल होने की उम्मीद है।
राज्यसभा में सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि इंडिगो संकट उसके क्रू रोस्टरिंग और इंटरनल प्लानिंग सिस्टम में समस्याओं के कारण हुआ। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतें हुईं। हम इसे हल्के में नहीं लेंगे। जांच जारी है। हम ऐसा एक्शन लेंगे जो दूसरों के लिए मिसाल बने।
इधर, सुप्रीम कोर्ट ने इंडिगो के खिलाफ दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। CJI सूर्यकांत ने कहा कि भारत सरकार पहले ही इस मुद्दे पर एक्शन ले चुकी है। मामल की सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।
कंपनी का दावा- पायलट पर्याप्त, बफर कम
इंडिगो ने कहा- मौजूदा संकट की वजह जानने के लिए ‘रूट कॉज एनालिसिस’ होगा। एक अधिकारी ने बताया, नई एफडीटीएल व्यवस्था लागू होने के चलते क्रू प्लानिंग में बफर की कमी संकट का प्रमुख कारण रही। हमारे पास पायलटों की कमी नहीं। बस दूसरी एयरलाइन जितना ‘बफर’ स्टाफ नहीं था। संसद की परिवहन, पर्यटन और संस्कृति मामलों की समिति भी इंडिगो और डीजीसीए के अधिकारियों को तलब कर सकती है।
डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ को 24 घंटे और दिए
डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ और अकाउंटेबल मैनेजर को कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए 24 घंटे और दे दिए। दोनों सोमवार शाम 6 बजे तक जवाब दे सकेंगे। कंपनी प्रबंधन ने समय बढ़ाने का आग्रह किया था।
इसके अलावा, इंडिगो ने हालिया उड़ान संकट के दौरान अब तक ₹827 करोड़ के रिफंड प्रोसेस किए हैं। इसके साथ ही 4500 यात्रियों का बैगेज वापस पहुंचा दिया है।
लाइव अपडेट्स
इंडिगो ने अब तक 4500 बैग डिलीवर किए
सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने बताया कि इंडिगो ने सोमवार दोपहर तक 4500 बैग डिलीवर किए हैं और अगले 36 घंटों में यात्रियों को बाकी 4,500 बैग डिलीवर करने का टारगेट है। सोमवार को 138 में से 137 डेस्टिनेशन के लिए 1,802 फ्लाइट्स ऑपरेट करने का प्लान है।
ममता बोलीं- इंडिगो संकट के लिए सरकार जिम्मेदार
पूरे देश में फ्लाइट में रुकावट के लिए केंद्र को ज़िम्मेदार ठहराते हुए, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि यात्री इस मुद्दे पर कोर्ट भी जा सकते हैं। बनर्जी ने कहा कि प्लानिंग की कमी के कारण स्थिति बिगड़ गई है। यह एक आपदा है। केंद्र इसके लिए जिम्मेदार है।
लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो की 7 फ्लाइट कैंसिल, भीड़ कम
लखनऊ एयरपोर्ट पर सोमवार को भी इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट रद्द रहीं। हालांकि, इनकी संख्या एक चौथाई से भी कम रही यानी केवल 7 फ्लाइट कैंसिल हुईं। पिछले दिनों के मुकाबले इंडिगो के काउंटर पर भीड़ कम रही। जिन यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है उनका आक्रोश कम हुआ है। पढ़ें पूरी खबर…
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर से इंडिगो की 20 फ्लाइट कैंसिल
जयपुर, उदयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की कुल 19 फ्लाइट रद्द हुईं। वहीं दिल्ली से जयपुर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX – 2843) भी सोमवार को रद्द हुई। इंडिगो की जयपुर एयरपोर्ट पर 10 और जोधपुर एयरपोर्ट पर 6 फ्लाइट रद्द हुईं
राज्यसभा में बोले सिविल एविएशन मिनिस्टर-सभी को नियम मानना होगा
इंडिगो संकट पर राज्यसभा में सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने कहा कि जिन भी पैसेंजर्स को देरी और कैंसिलेशन की वजह से दिक्कत हुई है, उनके लिए सख्त सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स (CARs) लागू हैं। एयरलाइन ऑपरेटर्स को इन रिक्वायरमेंट्स को मानना होगा। सॉफ्टवेयर इशू के बारे में, एक इंक्वायरी की गई है। इस सेक्टर में लगातार टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन होता रहता है। सरकार की तरफ से हमारा विजन देश में एविएशन सेक्टर के लिए टॉप ग्लोबल स्टैंडर्ड्स रखना है।
लोकसभा में इंडिगो को लेकर हंगामा, विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा
विपक्ष ने लोकसभा में मांग की कि सरकार देश को बताए कि इंडिगो फ्लाइट में रुकावट और देश भर के अलग-अलग एयरपोर्ट पर लोगों को हो रही परेशानी के बाद वह क्या कर रही है।
स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सिविल एविएशन मिनिस्टर के राममोहन नायडू आज या कल लोअर हाउस में इस मामले पर डिटेल में बयान देंगे।
डेडलाइन खत्म होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल वन में रखा लगेज
IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 से मिली तस्वीरों में दिख रहा है कि कई बैग अभी भी फंसे हुए हैं। इंडिगो की पेंडिंग बैगेज वापस करने की डेडलाइन कल खत्म हो गई।
दिल्ली हाईकोर्ट में भी इंडिगो के खिलाफ याचिका दायर
इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द होने से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए केंद्र को निर्देश देने की मांग वाली एक याचिका दिल्ली दिल्ली हाईकोर्ट में भी दायर की गई है। दिल्ली HC का कहना है कि इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन पर याचिका बुधवार को सुनवाई के लिए लिस्ट की जाएगी।
तिरुवनंतपुरम से इंडिगो की 5 फ्लाइट कैंसिल
तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट इंडिगो की कुल 5 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। इनमें 3 डिपार्चर और 2 अराइवल शामिल हैं।
अहमदाबाद से इंडिगो की 18 फ्लाइट कैंसिल
अहमदाबाद एयरपोर्ट ने सुबह 8 बजे तक इंडिगो की 18 फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी दी। जिसमें 9 आने वाली और 9 जाने वाली फ्लाइट शामिल हैं।
चेन्नई एयरपोर्ट से इंडिगो की 71 फ्लाइट कैंसिल
चेन्नई एयरपोर्ट पर भी सोमवार को इंडिगो की 71 उड़ानें रद्द हो गईं। इनमें 38 डिपार्चर और 33 अराइवल फ्लाइट शामिल हैं।
बेंगलुरु से आज इंडिगो की 127 फ्लाइट कैंसिल
केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी लिमिटेड (KIAL) के मुताबिक बेंगलुरु से इंडिगो ने 65 आने वाली और 62 जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं। अगला अपडेट शाम 6 बजे के बाद शेयर किया जाएगा।
दिल्ली से आज 134 फ्लाइट कैंसिल
IGI एयरपोर्ट ने जानकारी दी है कि सोमवार को इंडिगो ने कुल 134 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। इनमें 75 जाने वाली और 59 आने वाली फ्लाइट शामिल हैं
श्रीनगर एयरपोर्ट से इंडिगो की 16 फ्लाइट कैंसिल
श्रीनगर एयरपोर्ट पर 64 शेड्यूल्ड फ्लाइट्स (32 अराइवल और 32 डिपार्चर) में से इंडिगो की 36 फ्लाइट्स (18 अराइवल और 18 डिपार्चर) ऑपरेट कर रही है, जिसमें 16 कैंसिल हुई हैं। दूसरी एयरलाइन्स के लिए किसी कैंसिलेशन की रिपोर्ट नहीं आई है, और बाकी सभी इंडिगो फ्लाइट्स शेड्यूल पर चल रही हैं।
हैदराबाद एयरपोर्ट से इंडिगो की 77 फ्लाइट कैंसिल
सोमवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) पर इंडिगो की 77 फ्लाइट्स में रुकावट आई, जिनमें से 38 आने वाली और 39 जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल हुईं।
DGCA के वे नए नियम, जिससे इंडिगो में स्टाफ की कमी हुई
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयलाइंस, खासकर इंडिगो को 10 फरवरी 2026 तक अस्थायी राहत दी है। वीकली रेस्ट के बदले कोई भी छुट्टी नहीं देने के फैसले को वापस ले लिया।
DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और बाकी क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए थे। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ।
वहीं, 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इस कारण इंडिगो के पास पायलट-क्रू मेंबर्स की कमी हो गई है।
