यूपी की गिटार वाली दुल्हन को बिना घूंघट देखिए:मुंह दिखाई पर गाना गाया, पति अफसर, खुद प्रोफेसर; पहला VIDEO इंटरव्यू
गाजियाबाद की गिटार वाली दुल्हन इन दिनों इंस्टाग्राम, फेसबुक पर वायरल हो रही है। पेशे से असिस्टेंट प्रोफेसर तान्या सिंह के उस वीडियो को खूब वाहवाही मिल रही है। ये वीडियो उनकी शादी के बाद मुंह दिखाई की रस्म का है।
वीडियो में वह पीले रंग की साड़ी में लंबा घूंघट किए दिख रहीं हैं। हाथ में गिटार है। धुन और सुर ऐसे कि लोग सुनने को मजबूर हो गए। उन्होंने गाना गाया- तेरा मेरा प्यार अमर…। घर में उन्हें घेरकर महिलाएं बैठी थीं, जो घूंघट वाली दुल्हन का गाना सुनकर फिदा हो गईं।
अपना वीडियो वायरल होने के बाद तान्या सिंह कहती हैं-
शादी के बाद मैं पहली बार ससुराल पहुंची। गांव में संगीत का प्रोग्राम हो रहा था। पति ने मेरे हाथों में गिटार दे दिया। मैंने गिटार बजाया। रिश्तेदार और परिवार वाले वीडियो बना रहे थे। मेरा यही वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। मुझे नहीं पता था कि ये इतना वायरल हो जाएगा।

तान्या एटा जिले के अंबेडकरनगर की रहने वाली हैं। वह म्यूजिक की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। 28 नवंबर को उत्तराखंड के सोन प्रयाग के त्रियुगी नारायण मंदिर में उन्होंने शादी की। फिर 30 नवंबर को पति आदित्य गौतम के साथ गाजियाबाद के मोहम्मदपुर कदीम गांव में अपनी ससुराल पहुंचीं।
पति आदित्य यूपी पावर कापोर्रेशन लिमिटेड में SDO हैं। दोनों की पोस्टिंग सहारनपुर में है। तान्या ने गाजियाबाद में अपने पति के पैतृक घर पर दैनिक भास्कर से बात की। पूरा इंटरव्यू पढ़िए…
सवाल. शादी कैसे तय हुई? अरेंज है या लव मैरिज? तान्या. अरेंज मैरिज है। मेट्रिमोनियल साइट के जरिए आदित्य से मेरी मुलाकात हुई। फोन पर करीब 2 साल तक हमारी बातचीत होती रही। नेचर समझ आया तो अपने-अपने परिवार में भी रिश्ते के बारे में बता दिया। कोई दबाव नहीं था, मगर धीरे-धीरे मामला शादी तक पहुंच गया।
सवाल. आपने उत्तराखंड में ही क्यों शादी की? तान्या. मैंने और आदित्य ने पहले ही तय किया था कि शादी उत्तराखंड के मंदिर में करेंगे। वो देवभूमि है, हमें ईश्वर का आशीर्वाद मिलेगा। आजकल लोग अपनी शादी पर बेवजह खर्च करते हैं। हमें तो सिंपल शादी करनी थी। मगर चार धाम के कपाट बंद होने की वजह से शादी करीब एक साल तक टलती रही। फाइनली 28 नवंबर को उत्तराखंड के सोन प्रयाग के त्रियुगी नारायण मंदिर में हमारी शादी हुई।
सवाल. आप असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। गिटार बजाना कब सीखा? तान्या. मैंने क्लासिकल म्यूजिक दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट से सीखा। गिटार मैंने कहीं से प्रोफेशनली नहीं सीखा। लॉकडाउन के दौरान मेरे भाई ने गिटार खरीदा। मैंने यूट्यूब देखकर खुद ही इसे सीखा। गूगल पर टेरिटोरियल वीडियो देखकर बजाने लगी।
सवाल. शादी के बाद गिटार पर आपने पहली बार कौन-सा गाना गाया? तान्या. तेरा मेरा प्यार अमर… गाया था, क्योंकि अभी वही गाना ट्रेंड में चल रहा है। उसके बाद तो लोगों की डिमांड आने लगी। फिर एक-एक करके कई गाने गाए। मैंने अपने पति को डेडिकेट करते हुए गाया- एक दिन आप यूं हमको मिल जाएंगे, मैंने सोचा ना था…। मगर लोग जो वीडियो लोग शेयर कर रहे हैं, वो तेरा-मेरा प्यार अमर गाने का है।
सवाल. ससुराल का माहौल कैसा लग रहा है? तान्या. माहौल तो बहुत अच्छा लगा। नई दुल्हन आई थी, घर पर सब लोग खुश थे। मुंह-दिखाई और स्वागत की रस्में होती हैं, वही कार्यक्रम था। महिलाओं का संगीत चल रहा था। जनवरी में सगाई हो गई थी, इसलिए मैं ससुराल में सभी को पहले से जानती थी। सब बहुत प्यार करते हैं। शादी के बाद ऐसा नहीं लगा कि किसी नए घर में आई हूं।
सवाल. अपना गाना किसे डेडिकेट करके गाया? तान्या. जब से मैं इनसे (आदित्य) मिली हूं, यह गाना मेरे मन में हमेशा चलता रहता है। मैंने कभी सोचा नहीं था कि मुझे इतने सपोर्टिव साथी मिलेंगे। इसलिए मौका मिला तो मैंने वही गाना गा दिया।
सवाल. यूपी ही नहीं, पूरे विश्व में लोग आपके वीडियो को पसंद कर रहे, कैसा लग रहा है? तान्या. पढ़ाई के समय से ही मुझे गिटार बजाने का शौक रहा है। मैंने सोचा नहीं था कि शादी के बाद ससुराल में इस तरह से लोग मुझे जान जाएंगे और इतना फेमस कर देंगे। यह लाइफ में बहुत अच्छे पल हैं। मैं यहीं कहना चाहूंगी कि म्यूजिक और अपनी संस्कृति को भी जिंदा रखने के लिए हमें कुछ न कुछ करते रहना चाहिए।
अब तान्या के पति आदित्य की बात…
‘2 साल की बात के बाद सिंपल शादी का फैसला किया’ आदित्य कहते हैं- तान्या सिंह म्यूजिक की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। वह सहारनपुर के मुन्नालाल डिग्री कॉलेज में पढ़ाती हैं। मैं यूपी पावर कापोर्रेशन लिमिटेड में SDO हूं। मेरी पोस्टिंग भी सहारनपुर में है।
मैंने 2014 में यूपी बोर्ड से 12वीं पास की। पिता सत्यवीर सिंह एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट में ऑफिसर रहे। बचपन से ही मेरा सपना इंजीनियर बनने का था। 2018 में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बिजनौर से बीटेक की पढ़ाई की। उसके बाद तैयारी शुरू की। कभी कोचिंग नहीं गया। घर पर ही 6-8 घंटे तैयारी करता था।
आदित्य आगे कहते हैं- हम दोनों दोस्त थे। 2 साल तक मेरी और तान्या सिंह की फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद हम दोनों ने बिना दहेज और सिंपल तरीके से शादी करने का फैसला लिया। यह बात परिवार को बताई तो सभी शादी के लिए राजी हो गए।
‘तान्या ढोलक बजाने वाली थी, मैंने ही गिटार दिया’ हमने पूछा- आपका क्या लगता है कि तान्या का वीडियो इतना वायरल क्यों हो रहा है? आदित्य कहते हैं- शादियों में कई तरह की रस्में होती हैं। ऐसी ही एक रस्म मुंह दिखाई की होती है, जहां दुल्हन शर्माकर बैठती है और महिलाएं उसे देखने आती हैं। नई नवेली दुल्हन से ढोलक भी बजवाई जाती है। कुछ सोहर या गीत गाने के लिए बोला जाता है।
लेकिन पहली बार एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें दुल्हन ढोलक की जगह गिटार बजाती हुई नजर आ रही है। शायद इसलिए ये ज्यादा लोग पसंद कर रहे हैं। दरअसल, उस दिन तान्या ढोलक ही बजाने वाली थी। फिर मैंने सोचा कि गिटार दे देता हूं। मैंने तान्या को गिटार दिया। उन्होंने गिटार पर ऐसा गाना गाया कि माहौल बन गया।
