Headlines

4 दिन में 1200+ फ्लाइट रद्द, सरकार बैकफुट पर:पायलट का वीकली रेस्ट नियम वापस; एयरपोर्ट्स पर मारपीट के हालात; दूसरी फ्लाइट्स का किराया दोगुना

4 दिन में 1200+ फ्लाइट रद्द, सरकार बैकफुट पर:पायलट का वीकली रेस्ट नियम वापस; एयरपोर्ट्स पर मारपीट के हालात; दूसरी फ्लाइट्स का किराया दोगुना

नई दिल्ली/बेंगलुरु/मुंबई/हैदराबाद4 मिनट पहले

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो की पिछले 4 दिनों में 1200 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल होने के बाद केंद्र सरकार शुक्रवार को बैकफुट पर आ गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयलाइंस, खासकर इंडिगो को 10 फरवरी 2026 तक अस्थायी राहत दी है। वीकली रेस्ट के बदले कोई भी छुट्टी नहीं देने के फैसले को वापस ले लिया।

इधर दूसरी एयरलाइन के किराए में उछाल देखने को मिला है। यात्रियों को ऑप्शनल फ्लाइट्स की तलाश में सामान्य से दोगुनी कीमत पर टिकट खरीदने पड़ रहे हैं। बुकिंग साइट MakeMyTrip के अनुसार, 6 दिसंबर को दिल्ली से बेंगलुरु की सबसे सस्ती फ्लाइट का किराया 40,000 रुपए से ज्यादा है, जबकि कुछ फ्लाइट्स का किराया 80,000 रुपए तक हैं।

दरअसल इंडिगो शुक्रवार को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स की कमी से जूझ रही है। इसके कारण दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। यात्री 24-24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री पानी, खाना और जरूरी सामानों के लिए स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों से बहस करते और झगड़ा करते देखे गए।

यात्रियों के झगड़ते, बहस करने के 3 फोटो

छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों सुरक्षाकर्मी और इंडिगो के कर्मचारियों से भिड़ गए।
दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री सुरक्षाबल के साथ धक्का-मुक्की करते देखे गए।
एक यात्री इंडिगो के स्टाफ से झगड़ते दिखा। बच्चे के लिए सेनेटरी नैपकिन मांग रहा था।

दिल्ली एयरपोर्ट सभी फ्लाइट्स रद्द, जानें कहां-कैसे हालात हैं

  • दिल्ली IGI: दिल्ली में सबसे ज्यादा 225 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। इंडिगो ने दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सभी घरेलू फ्लाइट्स आज रात 12 बजे तक रद्द कर दी हैं। टर्मिनल पर हजारों सूटकेस पड़े रहे। कई यात्रियों को 12 घंटे से ज्यादा अपना सामान लेने में लगे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि यात्री फर्श और सीढ़ियों पर बैठकर घंटों उड़ानों का इंतजार करते रहे।
  • मुंबई: कई फ्लाइट्स रद्द होने के बाद इंडिगो काउंटर पर लंबी कतारें लगीं।
  • रायपुर: बुजुर्गों और छोटे बच्चों को कुर्सियों पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्री स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से बहस करते दिखे।
  • पुणे: यहां के एयरपोर्ट आज सुबह से 32 फ्लाइट्स रद्द हो गईं। रद्द फ्लाइट्स के बाद यात्रियों का सामान ट्रॉलियों में जमा रहा। यात्रियों को सामान वापस लेने में लंबा इंतजार करना पड़ा।
  • हैदराबाद: यहां 32 उड़ानें रद्द हुई हैं। उड़ान कैंसिल होने और देरी के कारण देश भर में हजारों यात्री परेशान है।
  • बेंगलुरु: बेंगलुरु102 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। यहां भी लोग एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार कर वापस लौटते देखे गए।

इंडिगो को नए नियमों से राहत, सरकार ने हाईलेवल कमेटी बनाई

केंद्र सरकार ने एयरलाइंस, खासकर इंडिगो को फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नए नियमों से आशिंक राहत दी है। सरकार ने अपना वह आदेश तत्काल वापस ले लिया है, जिसके तहत पायलटों समेत अन्य क्रू को हर सप्ताह लगातार 48 घंटे का वीकली रेस्ट देना अनिवार्य किया गया था।

नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने बताया कि सरकार ने इस पूरे घटनाक्रम पर उच्चस्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं, ताकि इस संकट के कारण और जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों में इंडिगो की उड़ानें पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी।

DGCA के वो नए नियम, जिससे इंडिगो में स्टाफ क्राइसिस हुई

DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए हथे। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ।

वहीं 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इस कारण एयरलाइन कंपनियों के पास पायलटों और क्रू मेंबर्स की अचानक कमी पड़ गई है। DGCA ने बताया कि नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें कैंसिल की गईं, जिनमें FDTL नियमों के कारण 755 उड़ानें शामिल हैं।​​​​​​

यात्री बोले- दूसरी एयरलाइंस ने किराया डबल किया

गोवा एयरपोर्ट पर एक यात्री ने बताया- मुझे रायपुर जाना था। एयरपोर्ट पर पता चला कि हमारी उड़ान रद्द कर दी गई है। वे हमें एक्सचेंज ऑफर दे रहे हैं। कह रहे हैं कि हम की फ्लाइट से चल जाएं, लेकिन यह तय नहीं है कि वह उड़ान रवाना होगी भी या नहीं। कल की फ्लाइट का समय तक नहीं बता रहे हैं। अब गोवा में एक दिन और रुकना मजबूरी हो गई है।

गोवा में एक अन्य यात्री ने कहा- हम अभी दिल्ली से गोवा एयरपोर्ट पर पहुंचे हैं। यहां से लक्षद्वीप के लिए हमारी कनेक्टिंग फ्लाइट थी, लेकिन देर से पहुंचने के कारण वो फ्लाइट छूट गई। यह सब इंडिगो की वजह से हुआ है। वे हमारी कोई मदद भी नहीं कर रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी किसी ने कुछ भी नहीं बताया था।

गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक यात्री ने बताया, ‘कल (4 दिसंबर) दोपहर में अहमदाबाद से वाराणसी के लिए मेरी फ्लाइट थी। कई बार देरी के बाद फ्लाइट रद्द कर दी, लेकिन अब तक हमारा सामान वापस नहीं मिला है।’

DGCA ने इंडिगो से हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी

DGCA अधिकारियों ने गुरुवार को इंडिगो एयरलाइन के अधिकारियों से मुलाकात की थी। एयरलाइन ने अपने A320 बेड़े के विमानों के लिए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के कुछ प्रावधानों में अस्थायी छूट मांगी और कहा कि संचालन सामान्य करने में तीन महीने लग सकते हैं।

DGCA ने इंडिगो से सुधार के लिए कुछ जरूरी पहलुओं पर काम करने को कहा है। DGCA ने इंडिगो से क्रू की भर्ती, ट्रेनिंग रोडमैप, रोस्टर रीस्ट्रक्चरिंग, सेफ्टी प्लान देने और हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजने को कहा।

इधर, इंडिगो फ्लाइट्स के कैंसिल होने का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हर दिन लगभग 170-200 उड़ानें कैंसिल हो रही हैं। गुरुवार को दिल्ली-मुंबई समेत 10 से ज्यादा एयरपोर्ट पर 550+ फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। इंडिगो ने यात्रियों से माफी भी मांगी और कहा कि वह ऑपरेशन जल्द ठीक करने पर काम कर रही है।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने नाराजगी जताई, बोले- जल्द समस्या सुलझाएं नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने गुरुवार को रिव्यू मीटिंग की। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नए नियमों को लेकर तैयारी का इतना समय था, फिर भी स्थिति कैसे बिगड़ गई।

नायडू ने एयरलाइन को निर्देश दिया कि फ्लाइट ऑपरेशन जल्द से जल्द सामान्य किए जाएं और हवाई किराए में किसी भी तरह की बढ़ोतरी न की जाए। इसके अलावा देरी या कैंसिलेशन की स्थिति में यात्रियों को होटल, खाना और अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

इंडिगो के पास सबसे ज्यादा प्लेन, इसलिए ज्यादा असर

एयरलाइन दिन भर में लगभग 2,300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ऑपरेट करती है। यह संख्या एअर इंडिया के एक दिन में संचालित उड़ानों की लगभग दोगुनी है। इतने बड़े पैमाने पर यदि 10–20 प्रतिशत उड़ानें भी देर से चलें या रद्द हों, तो इसका मतलब होता है 200–400 उड़ानें प्रभावित होना। हजारों यात्रियों के लिए बड़ी मुश्किलें आना। बुधवार को भी इंडिगो की 200 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा था।

DGCA के अनुसार, क्रू की कमी इसकी मुख्य वजह है। इंडिगो में यह दिक्कत पिछले महीने से चल रही है। नवंबर में इसकी 1232 उड़ानें रद्द हुईं। मंगलवार को 1400 उड़ानें देरी से चलीं।

पिछले 1 साल में इंडिगो में पैसेंजर्स को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा।

बच्चे-बूढ़े परेशान, सीढ़ियों-कुर्सियों पर रात गुजारी… 6 तस्वीरों में देखिए

दिल्ली: IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल पर गुरुवार को हजारों सूटकेस पड़े देखे गए। यात्री 12 घंटे से ज्यादा समय तक अपना सामान पाने के लिए संघर्ष करते रहे।
दिल्ली: IGI एयरपोर्ट पर गुरुवार को भीड़ इतनी बढ़ गई कि यात्रियों ने फर्श और सीढ़ियों पर बैठकर घंटों फ्लाइट का इंतजार किया।
मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को कई उड़ानें रद्द होने के बाद यात्री इंडिगो काउंटर पर लंबी कतारों में खड़े रहे।
छत्तीसगढ़: रायपुर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुजुर्ग यात्रियों को कुर्सियों पर घंटों बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा। छोटे बच्चों को कुर्सियों पर सुलाना पड़ा।
पुणे: गुरुवार को कई फ्लाइट्स कैंसिल होने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों का सामान ट्रॉलियों में रखा था। यात्रियों को सामान वापस लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

देशभर के एयरपोर्ट्स के हाल

जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट ​​​​​​: जयपुर में गुरुवार को 3 इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हुई है। जोधपुर से 4 इंडिगो फ्लाइट को रद्द किया गया है। इनमें ज्यादातर फ्लाइट्स बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता आने-जाने वाली थीं।

देहरादून और पंतनगर एयरपोर्टः उत्तराखंड में आज इंडिगो की 15 फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है। इनमें से 13 फ्लाइटें जौलीग्रांट एयरपोर्ट से शेड्यूल थीं, जबकि 2 फ्लाइट्स ऊधम सिंह नगर के पंतनगर एयरपोर्ट से उड़ान भरनी वाली थ

मुंबई एयरपोर्ट: मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो स्टाफ ने बताया कि गुरुवार को कुल 86 फ्लाइट्स कैंसिल हैं। इनमें 41 फ्लाइट मुंबई आने वाली और 45 मुंबई से दूसरे शहरों में जाने वाली फ्लाइट्स थीं।

हैदराबाद एयरपोर्ट: राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को यहां से उड़ान भरने वाली इंडिगो की 33 उड़ानें रद्द होने की आशंका है। हैदराबाद आने वाली 35 फ्लाइट्स भी कैसिंल होने की आशंका है। इंडिगो ने बुधवार को हैदराबाद से 19 उड़ानें रद्द कर दी थीं।​​​​​​

इंदौर एयरपोर्ट: मध्य प्रदेश के इंदौर में इंडिगो की तीन फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। बुधवार को भी इंडिगो की 18 उड़ानें कैंसिल हुई थीं। एयरलाइन के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में जयपुर, दिल्ली, मुंबई, गोवा, चेन्नई और कोलकाता जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं।

देश की 60% घरेलू उड़ानें इंडिगो के पास

  • आखिर इंडिगो से टेंशन क्यों: इंडिगो के पास सबसे ज्यादा 434 विमान हैं। एक दिन में 2300 से ज्यादा उड़ानें हैं। देश की 60% से अधिक घरेलू उड़ानें इसी के पास हैं।
  • अभी कितना स्टाफ है: अभी इसके पास 5456 पायलट और 10212 केबिन क्रू मेंबर हैं। 41 हजार से ज्यादा स्थायी कर्मचारी हैं।
  • फिर क्रू की कमी क्यों है: इंडिगो का कहना है कि नए फ्लाइट टाइम लिमिटेशन नियमों के कारण पायलट और क्रू की कमी हुई है। नए नियमों में पायलटों के उड़ान भरने के नियमों को घटाकर रोजाना 8 घंटे कर दिया गया है। नाइट लैंडिंग 6 से घटाकर 2 कर दी गई हैं। क्रू के लिए 24 घंटे में 10 घंटे आराम का समय रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024