भाजपा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए भारत में गृहयुद्ध भड़काने की साजिश रच रही है। ये अकाउंट पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया, सिंगापुर और अमेरिकी सहित अन्य देशों से चल रहे हैं। राहुल गांधी और लेफ्ट नेताओं के इशारे पर भारत की छवि खराब की जा रही है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पात्रा ने कई X अकाउंट दिखाए और कहा कि ये अकाउंट विदेश से बनाए गए थे, जो चुनाव आयोग, भाजपा-RSS और PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया अभियान चलाते थे। पात्रा ने आरोप लगाया,
2014 से लगातार राहुल गांधी विदेश जाकर देश के खिलाफ बोल ही नहीं रहे हैं। वे केवल जेन-जी से मिलकर देश के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भले ही इसके लिए विदेशी ताकतों की मदद लेनी पड़े।

इधर कांग्रेस ने कहा कि X ने नया फीचर लॉन्च किया है, जिसमें किसी भी अकाउंट की लोकेशन दिखाई देती है। लेकिन X खुद कह रहा है कि यह लोकेशन हमेशा सही नहीं होती। यह ट्रैवल, नेटवर्क या टेक्निकल गलती की वजह से बदल सकती है।
पात्रा के 3 बड़े आरोप
- कांग्रेस से जुड़े कई X अकाउंट पाकिस्तान से चल रहे- पवन खेड़ा का अकाउंट अमेरिका, महाराष्ट्र कांग्रेस का पहले आयरलैंड, और हिमाचल कांग्रेस का थाईलैंड से जुड़ा दिखा। प्रतीक सिन्हा (मलेशिया), Alt News (अमेरिका) और Caravan India (अमेरिका) जैसे अकाउंट भी विदेशी लोकेशन से चल रहे हैं। कुछ लेफ्ट–कांग्रेस हैंडल पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी ऑपरेट हो रहे हैं।
- गृहयुद्ध भड़काने की कोशिश- राहुल गांधी देश में गृहयुद्ध भड़काने की कोशिश कर रहे हैं और विदेशों से भारत के संवैधानिक मामलों में हस्तक्षेप की अपील कर रहे हैं। राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के खिलाफ बातें कर रहे हैं और RSS और बीजेपी को मुस्लिम ब्रदरहुड से तुलना कर रहे हैं।
- विदेशों से नैरेटिव सेट करना- विदेशों में बैठे उनके लोग, जिनका भारत से कोई लेना-देना नहीं है, वो भारत में नैरेटिव सेट करते हैं। इसके 3 उदाहरण है, पहला– वोट चोरी का। दूसरा – ऑपरेशन सिंदूर में PM मोदी और सेना को कमजोर दिखाने की कोशिश की गई और तीसरा- संघ परिवार और मोदी जी पर व्यक्तिगत हमला करना।
कांग्रेस के 2 जबाव
- BJP या नरेंद्र मोदी ‘राष्ट्र’ नहीं- BJP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थकों के कई X हैंडल विदेश से चल रहे हैं। BJP इसे देश के खिलाफ साजिश बता रही है। मैं साफ कहना चाहती हूं कि BJP या नरेंद्र मोदी ‘राष्ट्र’ नहीं हैं।
- BJP ध्यान भटकाने वाले मुद्दे उठा रही- सोशल मीडिया पर लोग मोदी सरकार की नाकामी पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन जवाब देने की बजाय BJP ध्यान भटकाने वाले मुद्दे उठा रही है। चुनाव आयोग के अफसर ज्ञानेश कुमार हलफनामा मांग रहे हैं, जबकि उनके विभाग में 26 BLO की मौत हुई, जिसकी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री मोदी और ज्ञानेश कुमार पर आती है।
अब X के नए फीचर्स के बारे में जानिए…
अकाउंट की लोकेशन सार्वजनिक
X ने हाल ही में नया फीचर शुरू किया, जिससे हर अकाउंट की लोकेशन (देश/क्षेत्र) दिखाई देने लगी है। कंपनी का कहना है कि इससे प्लेटफॉर्म पर पारदर्शिता बढ़ेगी। जैसे ही यह फीचर लॉन्च हुआ, कई यूजर्स हैरान रह गए। उन्हें पता चला कि भारत के कई बड़े राजनीतिक अकाउंट विदेशों से ऑपरेट हो रहे हैं।
X बोला लोकेशन हमेशा 100% सही नहीं होती
लोकेशन को लेकर हुए विवाद को लेकर X ने बताया कि किसी अकाउंट की दिखाई गई लोकेशन बदल भी सकती है। इसके कारण हो सकते हैं:
- यात्रा- अगर यूजर हाल ही में किसी दूसरे देश में गया हो।
- अस्थायी ठिकाना- कभी-कभी लोग अस्थायी रूप से किसी और जगह रहते हैं।
- VPN- इंटरनेट पर VPN का इस्तेमाल करने से असली लोकेशन छुप सकती है।
- तकनीकी गड़बड़िया — नेटवर्क या सिस्टम की दिक्कत के कारण भी गलत लोकेशन दिख सकती है।
X ने कहा कि वे इस फीचर को सुधार रहे हैं और जल्द ही अपडेट आएगा, जिससे लोकेशन लगभग 99.99% सही दिखेगी।
