सीरीज हार के बाद गंभीर बोले- मेरा फैसला BCCI करेगा:मत भूलिए, मैंने चैंपियंस ट्रॉफी जिताई; इंडियन कोच पर सवाल की 4 वजह
इंडियन क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने घरेलू सीरीज में साउथ अफ्रीका से हार की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिम्मेदारी सबसे पहले मुझ पर आती है।
गंभीर ने कहा- किसी एक खिलाड़ी या किसी एक शॉट को दोष नहीं दिया जा सकता। जिम्मेदारी सभी की है और शुरुआत मुझसे होती है। मैंने कभी किसी खिलाड़ी को दोष नहीं दिया और आगे भी नहीं दूंगा।
गंभीर से जब उनकी फ्यूचर कोचिंग के बारे में पूछा गया, तब उन्होंने कहा-

मेरे भविष्य का फैसला BCCI करेगा। यह मत भूलिए कि मैंने ही इंग्लैंड में नतीजे दिए। मैं ही चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाला कोच था।

भारत को बुधवार को गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 408 रनों की हार मिली। रनों के लिहाज से यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार है। इसी के साथ टीम पिछले 13 महीनों में दूसरी बार घर में ही क्लीन स्वीप हो गई है।
टीम इंडिया का 13 महीने में दूसरी बार क्लीन स्वीप
- गौतम गंभीर की कोचिंग में भारत ने 19 में से 10 टेस्ट हारे हैं। इनमें पिछले साल न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को घर में 3-0 और अब साउथ अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया।
- गंभीर को जुलाई 2024 में भारत का हेड कोच बनाया गया। उनकी कोचिंग में भारत को पिछले 13 महीन में अपने घर में दूसरी बार क्लीन स्वीप झेलना पड़ा है।
- टीम में लगातार बदलाव करने और टेस्ट क्रिकेट में विशेषज्ञ खिलाड़ियों की जगह ऑलराउंडर्स पर ज्यादा भरोसा करने के लिए गंभीर की आलोचना हो रही है।
गंभीर की कोचिंग पर सवाल उठाते- 2 बयान
1. अनिल कुंबले ने कहा- इतने बदलाव जरूरी नहीं दिग्गज स्पिनर और पूर्व कोच अनिल कुंबले ने कोच गौतम गंभीर की लगातार टीम में बदलाव करने की रणनीति पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा-

टेस्ट क्रिकेट अलग मेंटैलिटी मांगता है। इतने सारे ऑलराउंडर, इतने बदलाव, बैटिंग ऑर्डर में इतने फेरबदल… हर दूसरे मैच में नए खिलाड़ी और दो खिलाड़ियों को बाहर कर देना, यह नहीं चल सकता।

कुंबले ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा-

आप 1-2 अनुभवी खिलाड़ियों के साथ बाकी नए खिलाड़ियों से उम्मीद नहीं कर सकते कि वे खुद को ढूंढ लेंगे। टीम में स्थिरता जरूरी है।

2. वेंकटेश प्रसाद बोले- ऑलराउंडर्स के जुनून ने बर्बाद किया पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने ऑलराउंडर के जुनून को हार के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा-

भारत की टेस्ट क्रिकेट अप्रोच बेहद निराशाजनक है। ऑलराउंडर्स का जुनून पूरी तरह गलत है, खासकर जब आप उन्हें गेंदबाजी ही नहीं कराते। खराब रणनीति, खराब स्किल, खराब बॉडी लैंग्वेज… लगातार दो घरेलू सीरीज में व्हाइटवॉश। उम्मीद है यह बात यूं ही धुल नहीं जाएगी।

गंभीर सवाल उठने की वजह उनकी 4 बड़ी गलतियां
गलती-1: सिर्फ 3 स्पेशलिस्ट बैटर
गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया व्हाइट बॉल के साथ रेड बॉल क्रिकेट में भी ऑलराउंडर्स पर बहुत ज्यादा जोर देने लगी। इसका असर ये हुआ कि टीम में 3 या 4 स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों को ही मौका मिल पा रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में तो भारत ने दोनों टेस्ट में 3-3 स्पेशलिस्ट बैटर्स को ही खिलाया। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने दोनों टेस्ट खेले, वहीं पहले में शुभमन गिल और दूसरे में साई सुदर्शन को मौका मिला।
पहले मैच में भारत के 3 बैटर्स स्पिन पिच पर कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन दूसरे मुकाबले की पहली पारी में तीनों ने 95 रन बनाए। जबकि 4 से 7 नंबर के बल्लेबाज मिलकर 23 रन ही बना सके। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी तो रिस्की शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट दे बैठे। जबकि इस फॉर्मेट में इन शॉट्स की कुछ खास जरूरत भी नहीं रहती।
गलती-2: बैटिंग ऑर्डर में ज्यादा एक्सपेरिमेंट
गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया की नंबर-3 की बैटिंग पोजिशन फिक्स नहीं हो पा रही। साउथ अफ्रीका टेस्ट को ही देखें तो यहां पहले मुकाबले में वॉशिंगटन सुंदर और दूसरे में साई सुदर्शन ने नंबर-3 पर बैटिंग की। इस पोजिशन पर करुण नायर को भी मौका दिया गया, लेकिन किसी भी प्लेयर को ज्यादा समय तक यह पोजिशन नहीं मिली।
गंभीर के कोच बनने से पहले 25 साल भारत को इस पोजिशन की चिंता नहीं करनी पड़ी। पहले राहुल द्रविड़ तो बाद में चेतेश्वर पुजारा ने इस पोजिशन को संभाला और कई तरह की सिचुएशन में टीम को बिखरने से रोका। नंबर-5 की पोजिशन भी परेशानी की बात है, यहां ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा को ट्राई किया जा रहा है। इस पोजिशन को वीवीएस लक्ष्मण और अजिंक्य रहाणे ने संभाले रखा था, लेकिन अब यहां भी बहुत ज्यादा एक्सपेरिमेंट हो रहे हैं। जिससे टीम में स्थिरता नहीं आ पा रही।
गलती-3: स्ट्राइक फिंगर स्पिनर की कमी
टीम इंडिया में विकेट टेकिंग फिंगर स्पिनर की भी कमी होने लगी है। एशियन कंडीशन में 2013 से 2023 तक भारत के दबदबे की बड़ी वजह रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की स्पिन जोड़ी रही। न्यूजीलैंड से पिछले साल घर में क्लीन स्वीप के बाद भारत के सेकेंड टॉप विकेट टेकर रविचंद्रन अश्विन ने रिटायरमेंट ले लिया।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अश्विन की जगह ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को प्राथमिकता दी गई। जिसके बाद उन्होंने आगे खेलना कंटिन्यू नहीं किया। अश्विन टीम के स्ट्राइक बॉलर थे, उनके जाने के बाद जडेजा अकेले पड़ जा रहे हैं। नए कप्तान भी जडेजा की बॉलिंग को उतने बेहतर तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पा रहे, जिस तरीके से एमएस धोनी और विराट कोहली करते थे।
टीम मैनेजमेंट अब सुंदर और अक्षर पटेल जैसे स्पिन ऑलराउंडर्स पर फोकस कर रही है, लेकिन उनमें अश्विन जैसी विकेट लेने वाली क्षमता नजर नहीं आती। घरेलू क्रिकेट में साई किशोर, सारांश जैन और सौरभ कुमार जैसे स्ट्राइक फिंगर स्पिनर्स हैं, लेकिन उन्हें मौके नहीं मिल रहे।
गलती-4: ऑलराउंडर्स बेदम साबित हो रहे
सुंदर, अक्षर, जडेजा और नीतीश रेड्डी की ऑलराउंड स्किल पर बहुत ज्यादा भरोसा दिखाया जा रहा है। ज्यादातर मुकाबलों में 4 में से 3 खिलाड़ी तो प्लेइंग-11 का हिस्सा रहते ही हैं। उनकी काबिलियत अच्छी है, लेकिन यह टेस्ट में टीम इंडिया के काम नहीं आ रही। सुंदर और अक्षर बैट से तो प्रभाव छोड़ पा रहे हैं, लेकिन टेस्ट टीम में ऑफ स्पिनर का काम नहीं कर पा रहे।
जडेजा कई बार विकेट झटक ले रहे हैं, लेकिन एशियन कंडीशन में उनकी बैटिंग फ्लॉप ही साबित हो रही। नीतीश रेड्डी को तो इंडियन कंडीशन में प्लेइंग-11 में शामिल करने का कोई मतलब ही नहीं नजर आ रहा। न तो उनके बैट से रन आ रहे और न ही वे अपनी गेंदबाजी में कमाल कर पा रहे। उन्हें ज्यादा बॉलिंग के मौके भी नहीं दिए जा रहे। उनकी जगह किसी स्पेशलिस्ट बल्लेबाज को मौका देकर टीम ज्यादा फायदा हासिल कर सकती है।
