दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ रविवार को इंडिया गेट पर हुए प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान कुछ लोगों ने उन पर पेपर स्प्रे (चिली स्प्रे) कर दिया। इसमें 3-4 पुलिसकर्मी घायल हुए और उन्हें RML अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारी इंडिया गेट के पास जमा थे और हवा की खराब गुणवत्ता पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी बीच कुछ लोग C-हैक्सागन तक पहुंच गए, बैरिकेड तोड़ दिए और सड़क पर बैठ गए, जिससे एम्बुलेंस और मेडिकल वाहनों का रास्ता रुक गया। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ आक्रामक हो गई।
जब पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, तभी कुछ प्रदर्शनकारियों ने पेपर स्प्रे का इस्तेमाल कर दिया। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारियों को इलाके से हटाकर ट्रैफिक सामान्य किया गया।
