Headlines

बर्फ से ढका बद्रीनाथ धाम, उत्तराखंड में जमने लगी झील:राजस्थान में सर्दी से थोड़ी राहत; मध्य प्रदेश के 7 जिलों में शीतलहर

बर्फ से ढका बद्रीनाथ धाम, उत्तराखंड में जमने लगी झील:राजस्थान में सर्दी से थोड़ी राहत; मध्य प्रदेश के 7 जिलों में शीतलहर

नई दिल्ली/भोपाल35 मिनट पहले

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी है। उत्तराखंड के चमोली में स्थित बद्रीनाथ धाम में गुरुवार को नवंबर की पहली बर्फबारी हुई थी। इसके बाद पूरा मंदिर परिसर बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। यहां का तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

चमोली जिले की ही शेषनेत्र झील भी जम गई है। वहीं 14500 फीट की ऊंचाई पर स्थित पिथौरागढ़ का आदि कैलाश इलाके में भी बर्फबारी हुई है। इससे इलाके की सभी झीलें जम गई हैं। इलाके की सुंदरता को देखने पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।

इधर, राजस्थान में सप्ताह भर बाद सर्दी से राहत मिली है, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री तक बढ़कर कई शहरों में सिंगल से डबल डिजिट में आ गया। अगले 2 सप्ताह तक तापमान में गिरावट नहीं होगी। हालांकि, उत्तरी-पश्चिमी हवा से धुंध (स्मॉग) छानी शुरू हो गई है। इससे दिन में धूप अन्य दिनों के मुकाबले कमजोर रही है।

मध्य प्रदेश में बीते दो दिन में सर्दी से 2 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर समेत 7 जिलों में शीतलहर चली। पचमढ़ी में पहली बार पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नर्मदापुरम में विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई।

उत्तराखंड की 4 तस्वीरें…

14500 फीट की ऊंचाई पर स्थित आदि कैलाश इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढंक गया।
चमोली स्थित बद्रीनाथ धाम में नवंबर की पहली बर्फबारी हुई।
बद्रीनाथ के पास रेलिंग में बर्फ जमी नजर आई। रास्ते पर फिसलन बढ़ गई है।
चमोली जिले में ठंड के कारण शेषनेत्र झील में पानी जम गया।
MP के शाजापुर में शनिवार को धुंध के कारण 100 मीटर विजिबिलिटी नहीं है।

पिछले दशक में भारत का औसत तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ा एक स्टडी में कहा गया है कि पिछले दशक (2015-2024) में भारत का औसत तापमान लगभग 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। जिसके चलते देश में हीट वेव ज्यादा रहती है और हर दशक में गर्म दिनों की संख्या में 5 से 10 दिन का इजाफा हो रहा है।

स्टडी में पता चला है कि 1950 के दशक के बाद से साल के सबसे गर्म दिन में पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी भारत में तापमान में 1.5-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। यह रिपोर्ट भारत, नार्वे और नेपाल के क्लाइमेट एक्सपर्ट की टीम ने मिलकर तैयार की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024