राजस्थान के माउंट आबू में पारा शून्य:बद्रीनाथ में झील-झरने जमे; MP के 26 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, स्कूलों की टाइमिंग बदली
पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं से उत्तर भारत ठिठुर रहा है। दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान तेजी से लुढ़क रहा है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में पारा माइनस 8 डिग्री चला गया है, जिससे वहां झरने और झीलें जम गई हैं।
राजस्थान में साल 2021 के बाद पहली बार नवंबर में टेम्परेचर 5 डिग्री से नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान फतेहपुर में सबसे कम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य के 15 शहरों में तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। माउंट आबू में 15 साल में पहली बार नवंबर में ही पारा शून्य पर पहुंच गया है। इससे ओस की बूंदें जम गई। पिछले साल माउंट आबू में पिछले साल ओस की बूंदें 10 दिसंबर 2024 को बर्फ बनी थीं।
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और राजगढ़ समेत 26 जिलों में मंगलवार को शीतलहर की चेतावनी दी गई है। इंदौर में आज से स्कूलों की टाइमिंग सुबह 9 बजे से कर दी गई है। भोपाल में नर्सरी से 8वीं क्लास तक स्कूलों की टाइमिंग सुबह 8:30 बजे के बाद लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली में सोमवार को 3 साल की सबसे ठंडी सुबह रही। सोमवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले नवंबर में सबसे कम तापमान 29 नवंबर 2022 को 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, मंगलवार को भी कोहरा छाया हुआ है।
देशभर में ठंड और कोहरे की 4 तस्वीरें…
राज्यवार मौसम की खबरें…
पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी के कारण स्कूल-कॉलेज बंद
पुडुचेरी के शिक्षा मंत्री ए. नामचिवायम ने आज भारी बारिश की चेतावनी के कारण पुडुचेरी और कराईकल में सभी निजी और सरकारी स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने की घोषणा की है। पुडुचेरी में 16 नवंबर (रविवार) से भारी बारिश हो रही है, जिसके बाद एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश को देखते हुए आज के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मध्य प्रदेश: राज्य के आधे हिस्से में आज शीतलहर का अलर्ट, 9 शहरों में स्कूल की टाइमिंग बदली
मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में मंगलवार को तेज शीतलहर का अलर्ट है। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, देवास, झाबुआ, छिंदवाड़ा, सागर, शहडोल और खंडवा में स्कूलों के खुलने का समय बढ़ा दिया गया है। सोमवार को राज्य के 9 शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम रहा। राजगढ़ में सबसे कम 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
