बिहार चुनाव- NDA का संकल्प पत्र, KG-PG तक मुफ्त शिक्षा:1 करोड़ नौकरी का वादा; कांग्रेस बोली- 26 सेकेंड में मेनिफेस्टो जारी किया, इनके वादे झूठे
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज शुक्रवार को NDA ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। एनडीए ने 1 करोड़ नौकरी देने का वादा किया है। साथ ही महिलाओं को 2 लाख तक की मदद दी जाएगी। इसके अलावे 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
साथ ही गरीबों के लिए KG से PG तक मुफ्त शिक्षा का भी वादा किया गया है। मां जानकी के मंदिर को अगले 5 सालों में पूरा किया जाएगा। इलाके को ‘सीतापुरम’ के नाम से विकसित किया जाएगा। आनेवाले समय में बिहार के 4 शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।
पटना के होटल मौर्या में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और HAM(S) नेता जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने घोषणा पत्र जारी किया।
मेनिफेस्टो जारी करने के साथ ही सीनियर लीडर चुनाव प्रचार के लिए निकल गए। संकल्प पत्र के बारे में सम्राट चौधरी ने अकेले मीडिया को सारी जानकारी दी।
26 सेकेंड में जारी किया संकल्प पत्रः कांग्रेस
संकल्प पत्र जारी करने के 2 मिनट में ही नीतीश कुमार, चिराग, जीतनराम मांझी, जेपी नड्डा कार्यक्रम से लौट गए। मंच से अनाउंस किया गया कि अब सभी नेता अपने-अपने इलाकों में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे।
पत्रकार साथी रुकेंगे और सम्राट चौधरी। इसके बाद सम्राट चौधरी ने मीडिया को संकल्प पत्र के बारे में जानकारी दी।
इसे लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है। पार्टी के सीनियर लीडर और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- ‘आज इतिहास रच दिया गया है। नीतीश कुमार और जेपी नड्डा प्रेस कॉन्फ्रेंस में थे और 26 सेकेंड के भीतर चले गए। उनके उपमुख्यमंत्री ने बाद में घोषणापत्र पढ़ा। इसका मतलब है कि उन्हें अपने घोषणापत्र पर विश्वास नहीं है।’
NDA संकल्प पत्र में 25 वादे
NDA के मेनिफेस्टो से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…..
अपडेट्स
गहलोत बोलेः मेनिफेस्टो जारी करने की फॉर्मेलिटी पूरी की गई
सम्राट बोले- हमने युवा-महिला, EBC, दलित और किसानों सबकी चिंता की है
NDA के संयुक्त ‘संकल्प पत्र’ पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “युवा, महिला, अति पिछड़ा, दलित समाज और किसानों की चिंता NDA ने की है और सभी वर्गों को साथ लेकर बिहार की समृद्धि के लिए काम करने का संकल्प है।किसानों को और समृद्ध करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जो किसान सम्मान निधि देते हैं, उसमें हमने कर्पूरी ठाकुर जी के नाम से एक योजना चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें हम उन्हें 3000 रुपए अतिरिक्त देंगे।”
कुशवाहा बोले- सबका साथ सबका विकास पर काम करते रहेंगे
आरएलएम के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “एनडीए ने सामूहिक रूप से अपना संकल्प व्यक्त किया है कि हम बिहार को बहुत आगे ले जाएंगे। हम समाज के सभी वर्गों के लिए काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। ‘सबका साथ सबका विकास’, जो हमारा पुराना संकल्प है, उसी संकल्प के साथ हम बिहार को आगे बढ़ाएंगे।”
हमने 5 साल में 50 लाख नौकरियां दींः जदयू
जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “नीतीश कुमार ने बिहार में काम किया है। जिसमें भविष्य के रोज़गार के लिए कैबिनेट की मंज़ूरी भी शामिल है, बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये की सड़कें बन रही हैं। हमने इतना काम किया है कि विपक्ष को खुली चुनौती है कि वे अपना इतिहास भी साझा करें। नीतीश कुमार ने 2005 से 2020 के बीच 8 लाख नौकरियां और 2020 से 2025 के बीच 50 लाख नौकरियां दीं।”
मनोज झा बोले- रोज़गार के मोर्चे पर PM और टीम का रिकॉर्ड जीरो
एनडीए के संयुक्त ‘संकल्प पत्र’ पर राजद के सीनियर लीडर मनोज कुमार झा ने कहा, “सीधे शब्दों में कहें तो यह दबाव है। हमने समय से पहले घोषणापत्र जारी कर दिया। लोगों में इसका आकर्षण है और वे इसे उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। तेजस्वी यादव ने स्पष्ट प्रतिबद्धता जताई है। रोज़गार के मोर्चे पर प्रधानमंत्री और उनकी टीम का रिकॉर्ड शून्य है।”
NDA अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त शासन का नाम हैः मनोज तिवारी
NDA के संयुक्त ‘संकल्प पत्र’ पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “NDA विकास का ही नाम है। NDA अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त शासन का नाम है और मेरा मानना है कि बिहार के लोगों को यह घोषणा पत्र ध्यान से पढ़ना चाहिए क्योंकि भाजपा जो कहती है, NDA जो कहती है, उसे जरूर करती है। हमारे NDA शासन में बिहार ने प्रगति की है। अब बिहार के लोग जो बाहर काम करते थे, वे वापस बिहार आ रहे हैं।”
घोषणा पत्र पर जानकारी दे रहीं रिपोर्टर संस्कृति सिंह
