राजनाथ बोले-विपक्ष ने वक्फ बोर्ड को लेकर झूठ बोला:संसद में बना कानून कोई नहीं हटा सकता, शाह बोले- बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली नहीं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बिहार के दरभंगा के हायाघाट में चुनावी सभा में कहा, विपक्ष हमेशा वक्फ बोर्ड को लेकर झूठ बोलता रहता है। जो कानून संसद में बना है, वो बना रहेगा। संसद में बना कानून कोई नहीं हटा सकता।
मालूम हो कि दो दिन पहले तेजस्वी यादव ने वक्फ बिल फाड़ने की धमकी दी थी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दरभंगा की सभा में कहा लालू जी, बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है, बेटे को CM बनाने के सपने देखते रहिए।
NDA सरकार ने मैथिली भाषा को आधिकारिक दर्जा दिया। संविधान का भाषा में अनुवाद किया। मिथिला में देवी सीता का मंदिर बनाया जा रहा है, उन्होंने जिन स्थानों का दौरा किया, वे सभी राम सर्किट से जुड़ेंगे।
बिहार चुनाव से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
नीतीश कुमार अब बिहार चलाने की हालत में नहीं- तेजस्वी
बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने पटना में कहा, “…बीजेपी नीतीश कुमार को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रही है। नीतीश कुमार तो बस एक पुतला हैं और बीजेपी उनके पीछे काम कर रही है। बीजेपी जिस तरह से नीतीश कुमार के साथ व्यवहार कर रही है, उसे देखते हुए हमें उनसे पूरी सहानुभूति है। नीतीश कुमार अब बिहार चलाने की हालत में नहीं हैं…।”
मांझी बोले- राहुल वोट के लिए कुछ भी कह सकते हैं
राहुल गांधी ‘डांस’ वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री और HUM नेता जीतन राम मांझी ने पटना में कहा, “…वोट के लिए वह क्या कह सकते हैं। उनकी सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। जब यह सरकार आई, तो यह उन्हें दिया गया…राहुल गांधी को बोलने का कोई अधिकार नहीं है।”
राजनाथ बोले-RJD और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक लग गया था
पटना में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘RJD और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक लग गया था। इस ब्रेक को अगर कोई तोड़ सकता है, तो वह केवल NDA सरकार ही है। हमें जंगलराज नहीं चाहिए, विकास चाहिए।
उन्होंने कहा, पहले एक नारा था- ना खाता न बही, जो लालू कहे वही सही। अब ये नहीं चलेगा। अगर एक भी बच्चे का अपहरण हो जाए तो हम उसको उल्टा कर देंगे। देश को बनाना हमारी जिम्मेदारी है। परिवार बनाने के लिए हम राजनीति नहीं करना चाहते।’
