Headlines

तूफान मोन्था आंध्र तट से 50 km दूर:15 kmph स्पीड से बढ़ रहा ; 4 राज्यों से 50 हजार लोग हटाए, 120 ट्रेन-52 फ्लाइट कैंसिल

LIVE

तूफान मोन्था आंध्र तट से 50 km दूर:15 kmph स्पीड से बढ़ रहा ; 4 राज्यों से 50 हजार लोग हटाए, 120 ट्रेन-52 फ्लाइट कैंसिल

नई दिल्ली/ अमरावतीकुछ ही क्षण पहले

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवात मोन्था मंगलवार सुबह तूफान में बदल गया है। यह आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम तट से आज शाम को टकराएगा। इसकी रफ्तार 110 kmph तक रहेगी और समुद्र में 5 मीटर (16 फीट) तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मोन्था तूफान अभी आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 50 km, काकीनाडा से 130km और विशाखापट्टनम से 230 km दूर है। जो 15 kmph की रफ्तार से बढ़ रहा है।

इसका असर आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, बंगाल और ओडिशा के जिलों में देखा जा रहा है। इन राज्यों में तेज हवा चल रही है। कई जगह पेड़ उखड़ गए हैं, समुद्र तटों पर लहरे ऊंची उठ रही है। चारों राज्यों के तटीय इलाकों से 50 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

सोमवार-मंगलवार को दक्षिण मध्य रेलवे जोन की कुल 120 ट्रेनें कैंसिल की गई हैं। इसके अलावा विशाखापट्टनम एयरपोर्ट से सभी 32 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। वहीं, विजयवाड़ा एयरपोर्ट से 16 और तिरुपति एयरपोर्ट से 4 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं।

ऐसा है तूफान मोन्था का रूट…

मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान का असर केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और झारखंड में अगले 3 दिन तक बारिश हो सकती है।

तूफान मोन्था को यह नाम थाइलैंड ने दिया है। थाई भाषा में इसका अर्थ है सुगंधित फूल। मंगलवार सुबह से ही आंध्र, तमिलनाडु, बंगाल और ओडिशा के तटीय जिलों में बारिश और 90 से 110kmph की रफ्तार से आंधी चल रही है।

मोन्था प्रभावित राज्यों की 5 तस्वीरें…

ओडिशा में लोगों को समुद्र नहाने से रोक रहे हैं और तटों से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं।
समुद्र में हलचल बढ़ने से ओडिशा के गोपालपुर बंदरगाह पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।
NDRF ने अपनी 25 टीमों को तूफान प्रभावित राज्यों में तैनात किया है, 20 टीमें स्टैंडबाय मोड पर हैं।
ओडिशा में 24 ODRAF, 5 NDRF और 99 फायर सर्विस टीमों के 5 हजार कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
आंध्र प्रदेश- विशाखापट्टनम में प्रशासन ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी गई है।

तूफान मोन्था से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

अभी

मंत्री वैष्णव ने रेलवे की तैयारियों को लेकर बैठक ली

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को चक्रवात ‘मोन्था’ को लेकर रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की।

मंत्री ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में ट्रेन सेवाएं समय पर रोकी जाएं, सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं और जरूरत पड़ने पर यात्रियों को वैकल्पिक सुविधाएं दी जाएं। रेलवे ने हाई अलर्ट जारी कर सभी कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

11 मिनट पहले

आंध्र प्रदेश- कोनासीमा में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही

आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में चक्रवात ‘मोन्था’ के करीब आने से तेज हवाएं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं।

वोडलारेवु बीच पर तेज हवा के झोंके चल रहे हैं और लहरें लगातार किनारे से टकरा रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में हालात और खराब हो सकते हैं, इसलिए मछुआरों और लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी गई है।

11 मिनट पहले

आंध्र प्रदेशः मछलीपट्टनम में तेज हवा से पेड़ गिरा

आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में चक्रवात ‘मोन्था’ के असर से भारी बारिश और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।

तेज हवा के कारण एक पेड़ गिर गया, जिससे मंगीनापुडी बीच रोड पर आवाजाही रुक गई है। बारिश और तेज हवाओं की वजह से शहर के कई इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

05:12 PM28 अक्टूबर 2025

ओडिशा: तूफान प्रभावितों के लिए 2000 सेंटर खोले गए

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि उनकी सरकार चक्रवात मोन्था का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। तूफान से प्रभावित होने की संभावना वाले लोगों के लिए 8 दक्षिणी जिलों में 2,000 से ज्यादा आपदा राहत केंद्र खोले हैं। राज्य सरकार के 2,048 आपदा राहत केंद्रों में 11,396 लोगों को रखा गया है।

05:12 PM28 अक्टूबर 2025

तूफान का असर राजस्थान में भी दिख रहा

चक्रवात ‘मोन्था’ के असर से राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बूंदी जिले में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 130 मिमी बारिश दर्ज की गई।

उदयपुर, कोटा और आसपास के जिलों में आज भी भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अजमेर, जयपुर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।

04:27 PM28 अक्टूबर 2025

मोन्था तूफान आंध्र तट से 70 किमी दूर

चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर 2:30 बजे तक यह तूफान मछलीपट्टनम से 70 किमी दक्षिण-पूर्व, काकीनाड़ा से 150 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापट्टनम से 250 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और गोपालपुर (ओडिशा) से 480 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित था।

‘मोंन्था’ आज शाम या रात के बीच काकीनाड़ा के पास आंध्र प्रदेश तट को पार करेगा। उस समय हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो झोंकों में 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

04:07 PM28 अक्टूबर 2025

ओडिशा: 8 जिलों में रेड अलर्ट, स्कूल बंद, 140 टीमें तैनात

ओडिशा सरकार ने मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़, गजपति, गंजम, नबरंगपुर, कालाहांडी और कंधमाल के आठ जिलों में निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी इलाकों से लोगों को निकाला है और एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन सेवा की 140 बचाव टीम और 5,000 से ज्यादा कर्मियों को तैनात किया है।

नौ जिलों में स्कूलों और आंगनवाड़ी 30 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।

04:06 PM28 अक्टूबर 2025

चेन्नई, एन्नोर और कट्टुपल्ली बंदरगाहों पर चौथी चेतावनी जारी होगी

चेन्नई, एन्नोर और कट्टुपल्ली बंदरगाहों को चक्रवात चेतावनी नंबर 4 जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय मौसम केंद्र (RMC) की निदेशक बी. अमुधा ने बताया कि बंदरगाहों को यह चेतावनी फहराने के लिए कहा गया है।

चेतावनी नंबर 3 और 4 का मतलब होता है कि समुद्र में मौसम खराब है। सिग्नल नंबर 4 का अर्थ है कि सतह पर हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे बंदरगाह पर खड़े जहाजों को खतरा हो सकता है। प्रशासन ने सभी जहाजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

03:50 PM28 अक्टूबर 2025

आंध्र प्रदेश: भारी बारिश से मलकापुरम में दीवार गिरी

03:49 PM28 अक्टूबर 2025

काकीनाड़ा तट पर लहरें ऊंची उठ रही

आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा के तट पर चक्रवात ‘मोन्था’ के करीब आने से तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में उथल-पुथल बढ़ गई है। लहरें ऊंची उठ रही हैं और समुद्र में ज्वार का असर दिख रहा है। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है। अधिकारी हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं।

03:10 PM28 अक्टूबर 2025

आंध्र के विशाखापट्टनम में रेलवे सेवा रोकी गई

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में चक्रवात ‘मोन्था’ के खतरे को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। एहतियात के तौर पर कई आने-जाने वाली ट्रेनों को रद्द या देर से चलाने का फैसला किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि हालात सामान्य होने पर सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी। यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

02:58 PM28 अक्टूबर 2025

तमिलनाडु के कन्याकुमारी में तेज बारिश जारी

तमिलनाडु के कन्याकुमारी में चक्रवात मोन्था के तट के करीब आने से नागरकोइल और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण मछुआरे समुद्र में नहीं जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी है।

02:55 PM28 अक्टूबर 2025

ओडिशा के पुरी में जिला प्रशासन अलर्ट पर

ओडिशा के पुरी में जिला प्रशासन चक्रवात ‘मोन्था’ को लेकर अलर्ट पर है। मौसम विभाग ने इलाके में भारी बारिश की चेतावनी दी है। एहतियात के तौर पर समुद्र में नहाने पर रोक लगा दी गई है। जलभराव से निपटने के लिए प्रशासन ने मोटर पंप तैयार रखे हैं। अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

02:37 PM28 अक्टूबर 2025

बंगाल: कई जिलों में बारिश का अलर्ट, मछुआरों को सलाह- समंदर से दूर रहें

तूफान मोन्था के कारण बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार तक कोलकाता और आसपास के हावड़ा और हुगली जिलों में 30 से 40 kmph की रफ्तार से हवा चलेगी।

02:12 PM28 अक्टूबर 2025

आंध्र प्रदेश: काकीनाड़ा में 10 फीट ऊंची लहरें, किनारे बने घर क्षतिग्रस्त

समुद्र की लहरें तटों और तट के किनारे बनी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रही हैं। स्थानीय प्रशासन ने निवासियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।

01:18 PM28 अक्टूबर 2025

भारतीय रेलवे ने मोन्था के कारण 32 ट्रेनें रद्द कीं

भारतीय रेलवे ने मंगलवार रात काकीनाड़ा तट पर आने वाले मोन्था चक्रवात के कारण यात्रियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए विशाखापत्तनम से गुजरने वाली 32 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की है। मंगलवार को रवाना होने वाली लोकल मेमो और अन्य ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। सभी रद्द ट्रेनों की सूची भारतीय रेलवे के सोशल मीडिया पेजों पर अपलोड की जाएगी।

टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का रूट बदल दिया गया है और भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस, राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस समेत दो ट्रेनों को बीच में ही रोक दिया गया है।

01:08 PM28 अक्टूबर 2025

एनडीआरएफ ने चक्रवात मोन्था के लिए 45 टीमें तैनात की

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने चक्रवात मोन्था के मद्देनजर राहत और बचाव कार्यों के लिए बचाव दल की 45 टीमें तैनात की हैं। यह चक्रवात मुख्य रूप से तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा को प्रभावित करेगा।

NDRF ने बताया कि आंध्र प्रदेश में 10, ओडिशा में 6, तमिलनाडु और तेलंगाना में 3-3, छत्तीसगढ़ में 2 और पुडुचेरी में 1 टीम तैनात की गई है। 20 अतिरिक्त टीमों को “स्टैंडबाय” पर रखा गया है।

11:54 AM28 अक्टूबर 2025

आंध्र प्रदेश: CM बोले- 3,778 गांवों में भारी बारिश होगी

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि तूफान मोन्था का प्रभाव मंगलवार सुबह से और तेज हो गया है। 3,778 गांवों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि मोन्था सुबह लगभग 5.30 बजे तूफान में बदल गया। अधिकारियों के अनुसार, 338 मंडलों और 3,778 गांवों में भारी बारिश होने का अनुमान है। सरकार ने 22 जिलों में 3,174 पुनर्वास केंद्र बनाए हैं।

11:36 AM28 अक्टूबर 2025

तमिलनाडु: चेन्नई में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

चक्रवात मोन्था चेन्नई की ओर बढ़ रहा है, जिससे पट्टिनापक्कम समुद्र तट पर उथल-पुथल मची हुई है। यहां समुद्र में तेज हवाओं के कारण ऊंची लहरें उठने की खबर है। मछुआरे अपनी नावों और जालों के साथ सुरक्षित रूप से तट पर मौजूद हैं।

11:02 AM28 अक्टूबर 2025

आंध्र प्रदेश: उप्पदा की 25 बस्तियों में NDRF तैनात; घर खाली कराए

तूफान मोन्था के कारण NDRF की टीमें कोठापट्टनम गांव में घोषणाएं कर रही हैं, और लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा है। उप्पदा की 25 बस्तियों में NDRF की टीमें तैनात की गई हैं। NDRF इंस्पेक्टर बिस्वास कहते हैं- टीम यहां 24 घंटे तैनात हैं। हम दो दिन पहले यहां आए थे। जिन इलाकों को खाली कराने और लोगों को अस्थायी शिविरों तक पहुंचाने की जरूरत है, वहां अभियान चला रहे हैं। तूफान शाम को आ रहा है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

10:52 AM28 अक्टूबर 2025

तमिलनाडु: तिरुवल्लूर में भारी बारिश की आशंका; स्कूलों में छुट्टी

मोन्था के आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने के साथ, तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में मंगलवार को भारी बारिश की संभावना है। तिरुवल्लूर जिला आपदा प्रबंधन के अनुसार पिछले 24 घंटों में मंगलवार सुबह 6 बजे तक तिरुवल्लूर के पोन्नेरी और अवादी में 72 मिमी और 62 मिमी बारिश हुई। तिरुवल्लूर जिला कलेक्टर एम प्रताप ने भारी बारिश की आशंका के चलते मंगलवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी।

10:44 AM28 अक्टूबर 2025

ओडिशा: तूफान के कारण मछली पकड़ने आई 50 नावें फंसी

तूफान मोन्था के कारण आंध्र प्रदेश से आई मछली पकड़ने वाली नावें लौट नहीं पा रही हैं। सभी 50 मछली पकड़ने वाली नावें गंजम जिले के गोपालपुर बंदरगाह में लंगर डाले खड़ी हैं। ओडिशा की मछली पकड़ने वाली नावें चक्रवात के मद्देनजर गोपालपुर के घाट पर ही रखी गई हैं।

10:31 AM28 अक्टूबर 2025

साइक्लोन मोन्था से 4 राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट

ओडिशा- ओडिशा के मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि NDRF, ODRAF और फायर सर्विस की 128 टीमें (करीब 5,000 कर्मी) तैनात कर दी गई हैं। 28-29 अक्टूबर को हवा की रफ्तार 80 से 110kmph तक पहुंच सकती है।

राहत की बात है कि तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है, क्योंकि इससे समुद्र में ऊर्जा इकट्ठा नहीं होगी और नुकसान कम होने की उम्मीद है।

आंध्र प्रदेश- पीएम नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू से बात की और हालात का जायजा लिया। आंध्र प्रदेश के कृष्णा, गुंटूर, बापटला और वेस्ट गोदावरी जिलों में अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना है। इसके कारण सोमवार को स्कूल बंद रखे गए हैं।

तमिलनाडु- चेन्नई और आसपास के तीन जिलों रानीपेट, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं पुडुचेरी और विल्लुपुरम में भी बारिश के आसार हैं।

पश्चिम बंगाल- बंगाल में मंगलवार से शुक्रवार तक कई जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, 24 परगना, मेदिनीपुर, बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में भारी बारिश और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है।

10:29 AM28 अक्टूबर 2025

छत्तीसगढ़: 5 जिलों में रेड अलर्ट, बस्तर में 80 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी

छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक चक्रवात ‘मोन्था’ का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आज दक्षिण छत्तीसगढ़ के पांच जिलों नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बस्तर में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यह अधिकतम 80 किमी तक पहुंच सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024