मन की बात का 127 वां एपिसोड:PM मोदी ने छठ की बधाई दी; कहा- त्योहारों में स्वदेशी वस्तुओं की जबरदस्त खरीदारी हुई
प्रधानमंत्री के रेडियो शो मन की बात के 127वां एपिसोड टेलीकास्ट हुआ। पीएम ने छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और लोगों से इस उत्सव में शामिल होने की अपील की। पीएम मोदी ने मन की बात में GST बचत उत्सव, सरदार पटेल की 150वीं जयंती, रन फॉर यूनिटी जैसे विषयों पर बात की।
पीएम ने कहा कि इस बार त्योहारों के दौरान GST बचत उत्सव को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। बाजारों में स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी में जबरदस्त वृद्धि हुई है।
कार्यक्रम की शुरुआत- छठ पर्व को लेकर लोगों को बधाई दी
पीएम ने कहा कि देश में त्योहारों का उल्लास है। कुछ दिन पहले दीवाली मनाई गई और अब छठ पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आप जहां भी हैं वहीं से छठ पर्व में भाग लें। पीएम ने छठ को लेकर सभी को बधाई भी दी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस अवसर पर मैंने पत्र लिखकर अपनी भावनाएं साझा की थी। कई मुद्दों पर बात की थी। लोगों का इसपर मुझे जवाब मिला। ऑपरेशन सिंदूर से लोगों में गर्व है। इस बार माओवादी क्षेत्रों में दिवाली की रौनक दिखी।
7 नवंबर को राष्ट्रगीत वंदे मातरम का 150 वर्ष पूरे होंगे, यादगार बनाने की अपील की
पीएम मोदी देशवासियों से आह्वान किया कि वे 7 नवंबर को ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष को यादगार बनाएं। उन्होंने कहा कि यह गीत हर भारतीय के दिल में भावनाओं और गर्व का संचार करता है, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के लिए इसकी विरासत को आगे बढ़ाना ज़रूरी है।
मोदी ने कहा कि आगामी दिनों में देशभर में ‘वंदे मातरम’ से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पूरे मन से इस आयोजन में भाग लें। प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि ‘वंदे मातरम’ पहली बार 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने गाया था, और यह गीत भारत की आज़ादी की भावना का एक अहम प्रतीक रहा है।
बेंगलुरु के इंजीनियर की तारीफ की
पीएम ने कहा कि बेंगलुरु में इंजीनियर कपिल शर्मा ने 6 झीलों और 40 कुओं को साफ कर दोबारा जिंदा किया। स्वच्छता को लेकर लोगों में काफी जागरूकता देखने को मिल रही है। पीएम ने कपिल शर्मा को धन्यवाद भी कहा।
मैंग्रोव को बढ़ावा देने की अपील
समंदर के किनारे मैंग्रूव को ज्यादा से ज्यादा लगाने की पीएम ने अपील की। उन्होंने कहा कि ये मैंग्रोव हमें सुनामी और अन्य आपदाओं से बचाते हैं।
अहमदाबाद के धोलेरा तट पर साढ़े तीन हजार हेक्टेयर में इसे लगाया गया। मछली पालकों को भी इससे फायदा हो रहा है। जलीय जीव में भी इससे बढ़ोत्तरी देखने को मिली।
भारतीय नस्ल के कुत्तों को अपनाने की अपील की
पीएम ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे भारतीय नस्ल के कुत्तों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि ये कुत्ते हमारे परिवेश में आसानी से ढल जाते हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने भी इन्हें अपनाया है।
PM के संबोधन की बड़ी बातें…
- दिवाली और छठ पर्व: मोदी बोले- कुछ दिन पहले हम सभी ने दिवाली मनाई और अब बड़ी संख्या में लोग छठ पूजा में व्यस्त हैं। छठ का महापर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज की गहरी एकता का प्रतिबिंब है। समाज का हर वर्ग छठ घाटों पर एक साथ आता है।
- ऑपरेशन सिंदूर: ने सचमुच हर भारतीय को गर्व से भर दिया है। इस साल उन इलाकों में भी खुशियों के दीप जलाए गए जहां कभी माओवादी आतंक का अंधेरा छाया रहता था।
- GST बचत उत्सव: पीएम ने बताया GST बचत उत्सव को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह है। इस बार त्योहारों के दौरान भी कुछ ऐसा ही सुखद देखने को मिला। बाजारों में स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी में जबरदस्त वृद्धि हुई है।
- छत्तीसगढ़ का गार्बेज कैफे: पीएम ने अंबिकापुर में शहर से प्लास्टिक कचरा साफ करने के लिए एक अनूठी पहल शुरू करने के बारे में बताया। अंबिकापुर में गार्बेज कैफे चलाए जा रहे हैं, जहां प्लास्टिक कचरे के बदले भरपेट खाना परोसा जाता है।
- सरदार पटेल की 150वीं जयंती: सरदार पटेल आधुनिक समय में देश के सबसे महान व्यक्तियों में से एक रहे हैं। गांधीजी से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के लिए खुद को पूरी तरह से समर्पित कर दिया। मैं आग्रह करता हूं कि 31 अक्टूबर को सरदार साहब की जयंती पर हो रही “रन फॉर यूनिटी” में भाग लें, और अकेले ही नहीं, बल्कि दूसरों के साथ भी भाग लें।
22 भाषाओं में ब्रॉडकास्ट होता है मन की बात कार्यक्रम
मन की बात को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी ब्रॉडकास्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तो, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं।
मन की बात की ब्रॉडकास्टिंग आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर से होती है। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था।
‘मन की बात’ के पिछले पांच एपिसोड की खबरें पढ़ें…
- 126वें एपीसोड की शुरुआत लता मंगेश्कर को श्रद्धांजलि देने से की: पीएम ने कहा- आज लता मंगेशकर की जयंती है। भारतीय संस्कृति और संगीत में रूचि रखने वाला कोई भी उनके गीतों को सुनकर अभिभूत हुए बिना नहीं रह सकता। उनके गीतों में वो सब कुछ है जो मानवीय संवेदनाओं को झकझोरता है।
- 125वें एपिसोड में मानसून पर बात की, प्रतिभा सेतु ऐप के बारे में बताया: पीएम ने पिछली बार मानसून से हो रही तबाही पर कहा था कि प्राकृतिक आपदाएं हमारे देश की परीक्षा ले रही हैं। आगे उन्होंने प्रतिभा ऐप और सितंबर में लिबरेशन डे मानने की जानकारी भी दी थी।
- 124वें एपिसोड में स्पेस और शुभांशु शुक्ला पर बात की थी: पीएम ने कहा जैसे ही एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला धरती पर उतरे, लोग उछल पड़े। हर दिल में खुशी की लहर दौड़ गई। पूरा देश गर्व से भर गया। इससे साइंस-स्पेस को लेकर बच्चों में नई जिज्ञासा जागी है। अब छोटे-छोटे बच्चे कहते हैं कि हम भी स्पेस में जाएंगे।
- 123वें एपिसोड में योग दिवस और इमरजेंसी पर बात की थी: पीएम ने शुरुआत में योग दिवस के बारे में बात की। उन्होंने कहा- 21 जून को देश-दुनिया के करोड़ों लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हिस्सा लिया। योग की भव्यता बढ़ती जा रही, लोग दैनिक जीवन में इसे अपना रहे। बाद में कहा- इमरजेंसी के दौर में लोगों को प्रताड़ित किया गया। अनेक लोगों को कठोर यातनाएं दी गई। आखिर में जनता की जीत हुई और आपातकाल हटा लिया गया।
- 122वें एपिसोड में ऑपरेशन सिंदूर को बदलते भारत की तस्वीर बताया: पीएम मोदी ने एपिसोड की शुरुआत में ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बात की। उन्होंने कहा- ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है, ये हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। इस तस्वीर ने पूरे देश को देश-भक्ति के भावों से भर दिया है, तिरंगे में रंग दिया है।
