नया अपडेट
LIVE
फिल्मफेयर अवॉर्ड सेरेमनी:जीनत अमान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, लापता लेडीज के लिए नितांशी गोएल बनीं बेस्ट डेब्यू फीमेल; किल को 4 अवॉर्ड
गुजरात के अहमदाबाद में 70वीं फिल्मफेयर अवॉर्ड सेरेमनी शुरू हो चुकी है। शाहरुख खान सेरेमनी होस्ट कर रहे हैं। अनन्या पांडे और अक्षय कुमार परफॉर्मेंस दे चुके हैं। अब तक फिल्म लापता लेडीज को 3 और किल को 4 अवॉर्ड मिले हैं। जीनत अमान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
रेड कार्पेट पर अभिषेक बच्चन ने भास्कर से कहा- आज मेरे पापा का बर्थडे है। मैं आज उनके साथ नहीं हूं, इसलिए बुरा लग रहा है। पापा आज भी शूटिंग कर रहे हैं। वहीं रवि किशन ने पहला नॉमिनेशन मिलने पर खुशी जाहिर की।
इस साल फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने 24 नॉमिनेशन हासिल कर रिकॉर्ड बना लिया है। ये फिल्मफेयर के 70 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा नॉमिनेशन हासिल करने वाली फिल्म बन गई।
फिल्मफेयर सेरेमनी के मिनट-टु-मिनट अपडेट जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाएं…
लाइव अपडेट्स
अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची को बेस्ट सिंगर अवॉर्ड
अरिजीत सिंह ने फिल्म लापता लेडीज के गाने सजनी के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड 2025 में बेस्ट प्लेबैक सिंगर (मेल) का अवॉर्ड जीता।
वहीं, स्ट्री 2 के गाने ‘आज की रात’ के लिए मधुबंती बागची को बेस्ट प्लेबैक सिंगर (फीमेल) का अवॉर्ड मिला।
जीनत अमान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
वेटरन एक्ट्रेस जीनत अमान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
अक्षय कुमार ने दी परफॉर्मेंस
खिलाड़ी कुमार अक्षय ने फिल्म धड़कन के गाने पर परफॉर्मेंस दी है।
लक्ष्य ललवानी को बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड
फिल्म किल के लिए लक्ष्य ललवानी को बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड मिला है। ये अवॉर्ड उन्होंने पेरेंट्स को डेडिकेट किया है।
फिल्मफेयर में दिया गया नूतन को ट्रिब्यूट
फिल्मफेयर में वेटरन एक्ट्रेस नूतन को ट्रिब्यूट दिया गया। उनके बेटे मोहनिश बहल और प्रनूतन बहल ने मंच पर आकर इस सम्मान के लिए सिने आइकन अवॉर्ड लिया।
जया बच्चन, करण जौहर और शाहरुख खान भी मंच पर मौजूद रहे।
नितांशी गोएल को बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड
लापता लेडीज के लिए नितांशी गोएल को बेस्ट फीमेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला है।
शाहरुख ने उनकी ड्रेस की वील उठाई और उन्हें मंच तक पहुंचाया।
कुणाल खेमू को बेस्ड डेब्यू डायरेक्टर का अवॉर्ड
कुणाल खेमू को फिल्म मडगांव एक्सप्रेस के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला है।
से बातचीत में कुणाल ने कहा, बचपन से ये ट्रॉफी दूसरों के हाथों में और दूसरों के घरों में देखी थी। हमेशा अपनी चाही थी और आज अपनी पाई है।
कुणाल के अलावा आदित्य सुहास जंभाले को भी फिल्म आर्टिकल 370 के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला है।
जवान के गाने पर ली शाहरुख खान ने ली मंच पर एंट्री
फिल्म किल को 3, लापता लेडीज को अब तक मिले 2 अवॉर्ड
- बेस्ट VFX- फिल्म- मुंज्या
- बेस्ट कोरियोग्राफी- बोस्को-सीजर, गाने- तौबा तौबा (फिल्म- बैड न्यूज)
- बेस्ट एडिटिंग- शिवकुमार वी. पैनिकर (फिल्म- किल)
- बेस्ट एक्शन- सियायोंग ओह- परवेज शेख (फिल्म- किल)
- बेस्ट साउंड डिजाइन- सुभाष साहो (फिल्म- किल)
- बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर- राम संपत (फिल्म- लापता लेडीज)
- बेस्ट कॉस्ट्यूम अवॉर्ड– दर्शन जलाल (फिल्म- लापता लेडीज)
अनन्या पांडे ने दी मन मोहिनी गाने पर परफॉर्मेंस
अनन्या पांडे ने फिल्मफेयर अवॉर्ड सेरेमनी में परफॉर्मेंस दी है। उन्होंने फिल्म हम दिल दे चुके सनम के गाने मन मोहिनी पर डांस किया है
रेड कार्पेट पर पहुंचे शाहरुख खान
17 साल बाद सेरेमनी होस्ट कर रहे शाहरुख खान सेरेमनी में पहुंच चुके हैं। वो सेरेमनी में परफॉर्म भी करने वाले हैं।
सेलेब्स का सेरेमनी में पहुंचने का सिलसिला जारी
रवि किशन बोले- 33 साल बाद फिल्मफेयर के मंच पर पहुंचा
लापता लेडीज फिल्म में श्याम मनोहर का किरदार निभाने पर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए नॉमिनेट हुए रवि किशन सेरेमनी में पहुंच चुके हैं। नॉमिनेशन मिलने पर उन्होंने दैनिक भास्कर से कहा, ‘प्रार्थना करिए मिल जाए, फिंगर क्रॉस। 33 साल बाद जीवन में फिल्मफेयर के मंच पर हम आ रहे हैं। मैं इंतजार कर रहा था, कब मेरा नाम नॉमिनेशन में आएगा और महादेव बोलते हैं ना, उसके घर में देर है, अंधेर नहीं।’
लापता लेडीज को सबसे ज्यादा 24 नॉमिनेशन मिले हैं। इस पर उन्होंने कहा, ‘बस आज हम उम्मीद कर रहे हैं कि सारे 24 जीत जाएं।’
अभिषेक बच्चन बोले- खुशी है सब अहमदाबाद में इकट्ठा हुए
अभिषेक बच्चन सेरेमनी में पहुंच चुके हैं, जिन्हें बेस्ट एक्टर और बेस्ट एक्टर क्रिटिक कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। इस पर दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत खुश, बहुत शुक्रगुजार हूं। खुशी इस बात की है कि आज हमारी फिल्म इंडस्ट्री अहमदाबाद में आई है। आशा है कि आज की शाम लोगों को पसंद आए। सबने बहुत मेहनत की है, मैं भी परफॉर्म करूंगा। प्रार्थना करूंगा कि सबको परफॉर्मेंस पसंद आए।’
अभिषेक ने पिता अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के मौके पर उनके साथ न होने पर अफसोस भी जाहिर किया है। उन्होंने कहा, ‘दुखी हूं कि मैं उनके साथ नहीं हूं, वो आज भी शूटिंग कर रहे हैं, लेकिन काम पहले आता है।’
सेरेमनी में पहुंचे करण जौहर
पॉपुलर फिल्ममेकर करण जौहर फिल्मफेयर अवॉर्ड सेरेमनी में पहुंच चुके हैं। करण, शाहरुख खान के साथ सेरेमनी होस्ट करेंगे
विजेताओं को मिलती है ‘द ब्लैक लेडी’
फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने वाले सभी विजेताओं को ट्रॉफी मिलती है, जिसे द ब्लैक लेडी कहते हैं।
1954 में शुरू हुए फिल्मफेयर अवॉर्ड
- फिल्मफेयर अवॉर्ड की शुरुआत 1954 में द टाइम्स ऑफ इंडिया की फिल्मफेयर मैगजीन ने की थी।
- 1954 में ही फिल्मफेयर अवॉर्ड के साथ-साथ नेशनल अवॉर्ड की भी शुरुआत हुई थी।
- पहली अवॉर्ड सेरेमनी 1 मार्च 1954 को मुंबई के मेट्रो थिएटर में हुई।
- अवॉर्ड का नाम टाइम्स ऑफ इंडिया की एडिटर क्लैर मेंडोन्का पर क्लैर अवॉर्ड रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर फिल्मफेयर अवॉर्ड कर दिया गया।
- पहली सेरेमनी में पांच कैटेगरी बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर थीं।
- बलराज साहनी, निरुपा रॉय और मीना कुमारी स्टारर फिल्म दो बीघा जमीन फिल्मफेयर बेस्ट फिल्म अवॉर्ड जीतने वाली पहली फिल्म थी। इसी के लिए बिमल रॉय को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला।
- मीना कुमारी को फिल्म बैजू बावरा के लिए पहला फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला, वहीं बेस्ट एक्टर फिल्म दाग के लिए दिलीप कुमार रहे। नौशाद अली को बैजू बावरा के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला।
- पहली सेरेमनी में हॉलीवुड स्टार ग्रेगोरी पेक बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर बुलाए गए थे, लेकिन फ्लाइट में देरी होने के कारण वो सेरेमनी में पहुंच नहीं सके। उन्होंने सिर्फ डिनर अटेंड किया था।
- 1998 में इस अवॉर्ड में बेस्ट सीन की कैटेगरी जोड़ी गई थी, लेकिन साल 2012 में इस कैटेगरी को डिस-कंटीन्यू कर दिया गया।
- शाहरुख खान और दिलीप कुमार के पास बेस्ट एक्टर के सबसे ज्यादा 8 फिल्मफेयर अवॉर्ड हैं। जबकि शाहरुख ने अलग-अलग कैटेगरी में कुल 15 और दिलीप कुमार ने कुल 10 फिल्मफेयर अवॉर्ड हासिल किए हैं।
- गुलजार के पास सबसे ज्यादा 22 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड है। दूसरे नंबर पर ए.आर.रहमान (17 अवॉर्ड), तीसरे नंबर पर अमिताभ बच्चन (16 अवॉर्ड), चौथे नंबर पर शाहरुख खान (15 अवॉर्ड) और पांचवे नंबर पर दिलीप कुमार (10 अवॉर्ड) हैं।
- मौजूदा समय में टेक्निकल, क्रिटिक और स्पेशल मिलाकर फिल्मफेयर अवॉर्ड में 33 कैटेगरी में अवॉर्ड दिए जाते हैं।
जैकी श्रॉफ समेत कई सितारे सेरेमनी में पहुंचे
एक्टर जैकी श्रॉफ हमेशा की तरह मिनी पौधा लेकर सेरेमनी में पहुंचे हैं।
रेड कार्पेट पर सेलेब्स के आने का सिलसिला शुरू
