हरियाणा IPS सुसाइड, ADGP मित्तल सचिवालय पहुंचे:कपूर को छुट्टी पर भेज कार्यवाहक DGP बनाए जा सकते हैं; कल परिवार की महापंचायत
हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई पूरन कुमार के पोस्टमॉर्टम को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार दोपहर को डॉक्टर्स, फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और वीडियोग्राफी टीम चंडीगढ़ PGI की मॉर्च्युरी में पहुंची, लेकिन परिवार का कोई सदस्य नहीं आया।
चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर का कहना है कि परिवार की सहमति के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसी बीच रोहतक के SP नरेंद्र बिजारणिया को पद से हटा दिया गया है। वहीं, सीएम नायब सैनी ने कैबिनेट मीटिंग स्थगित कर मंत्रियों के साथ केस को लेकर मीटिंग की, जिसमें डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजने की प्रस्ताव रखा गया।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव को लेकर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और कृष्णलाल पंवार IPS वाई पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी. कुमार और परिवार से मिलेंगे। दोनों मंत्रियों के साथ सीएम के सीपीएस राजेश खुल्लर, सीएम के प्रधान सचिव और गृह सचिव सुमिता मिश्रा भी मौजूद रहेंगी।
यदि परिवार प्रस्ताव पर सहमत हुआ तो उसके बाद IPS के शव का पोस्टमॉर्टम हो सकता है। चर्चा यह भी है कि कपूर के छुट्टी पर जाने के बाद आलोक मित्तल को कार्यवाहक डीजीपी बनाया जा सकता है। वह हरियाणा सचिवालय पहुंच गए हैं।
पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार इस मामले की पूरी जांच कराएगी। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। अगर किसी व्यक्ति को कोई तंग करेगा तो सरकार उसे नहीं छोड़ेगी।
इधर, पूरन कुमार के परिवार और अनुसूचित समाज ने 31 मेंबरी कमेटी बनाई है। कमेटी का कहना है कि जब तक DGP शत्रुजीत कपूर और SP नरेंद्र बिजारणिया अरेस्ट नहीं हो जाते, तब तक परिवार पोस्टमॉर्टम नहीं कराएगा। रविवार (12 अक्टूबर) दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित गुरु रविदास गुरुद्वारे में महापंचायत होगी।
शनिवार सुबह डेडबॉडी चंडीगढ़ के सेक्टर-16 गवर्नमेंट अस्पताल से PGI शिफ्ट की गई थी। परिवार ने आरोप लगाया था कि उनकी मर्जी के खिलाफ डेडबॉडी जबरदस्ती PGI ले गए।
रोहतक के SP नरेंद्र बिजारणिया को हटाने के बाद IPS अफसर सुरेंद्र सिंह भौरिया को SP लगाया गया है। फिलहाल बिजारणिया को कहीं पोस्टिंग नहीं दी गई।
IPS की पत्नी IAS अमनीत कुमार के घर लोगों और नेताओं की आवाजाही जारी है। आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार अपने फेवरेट अवसर को बचाने के लिए संविधान के साथ खिलवाड़ न करे।
अब जानिए आज क्या-क्या हुआ….
परिवार को मनाने पहुंचे चंडीगढ़ DGP पोस्टमॉर्टम को लेकर चल रहे विवाद के बीच शनिवार सुबह चंडीगढ़ के DGP सागर प्रीत हुड्डा, IG पुष्पेंद्र कुमार और SSP कंवरदीप कौर अमनीत पी. से बातचीत करने के लिए सेक्टर-24 स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंचे थे। DGP सागर प्रीत हुड्डा ने कहा था कि परिवार से बातचीत जारी है। उनकी सहमति के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
कांग्रेस का सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन पूरन कुमार के सुसाइड केस में कार्रवाई को कांग्रेस सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस की मांग है कि आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। हिसार में रविदास महासभा ने मीटिंग बुलाई है। वहीं रोहतक में भी सामाजिक संगठन सड़कों पर उतरे और SP आवास का घेराव किया।
पोस्टमॉर्टम के बाद DGP बदलने की संभावना शुक्रवार रात को CM हाउस में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी, होम सेक्रेटरी डॉ. सुमिता मिश्रा और IAS अफसर राज शेखर वुंडरू से मीटिंग की। सूत्रों के मुताबिक, इस मीटिंग में सरकार DGP शत्रुजीत कपूर पर कार्रवाई के लिए तैयार हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद DGP कपूर को हटाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो IAS अधिकारी ओपी सिंह, आलोक मित्तल और अरशिंद्र सिंह चावला DGP की दौड़ में हैं।
IPS के सुसाइड से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
IPS पूरन कुमार केस के लिए बनाए मोर्चा ने महापंचायत का ऐलान किया
