प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल (25 फरवरी) ओखा को बेट द्वारका से जोड़ने वाले सुदर्शन सेतु का लोकार्पण किया था। इस ब्रिज को बनाने में 978 करोड़ की लागत आई है। इसके बनने से अब ओखा (द्वारका) से बेट द्वारका जाने के लिए लोगों को बोट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
- इस बीच ब्रिज के उदघाटन से जुड़ी एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। वीडियो में मोदी सुदर्शन सेतु पर नजर आ रहे हैं, इस बीच वे समंदर की तरफ हाथ हिलाकर अभिवादन करते नजर आते हैं।
- प्रधानमंत्री के इस वीडियो को एक्स पर कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड यूजर्स ने शेयर करते हुए लिखा- मछलियों से वोट मांगते PM, वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल किया- समुद्र में किससे अभिवादन किया जा रहा है??
हमारी पड़ताल के दौरान सामने आया कि प्रधानमंत्री मोदी के सुदर्शन सेतु लोकार्पण के वीडियो को काट-छांटकर गलत और भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
सपा नेता मनीष जगन अग्रवाल ने ट्वीट किया- ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रधानमंत्री जी की ऊर्जा देखकर समंदर की मछलियों ने भी प्रधानमंत्री जी को हाय हेलो बोला होगा और प्रधानमंत्री जी ने भी मछलियों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मोदी जी सिर्फ पुरुष नहीं बल्कि महापुरुष हैं। (अर्काइव ट्वीट)
