अमित शाह का हरियाणा दौरा:बोले- पहले 2 सरकारों ने 2 ही जिलों में विकास कराया, नौकरियों का सिस्टम बर्बाद-बदनाम किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज (3 अक्टूबर) हरियाणा दौरे पर हैं। उन्होंने कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड में 3 नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी देखी। उन्हें दिखाया गया कि डायल 112 कैसे रिस्पॉन्स करती है, घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कैसे की जाती है और पुलिस थाने में कैसे वर्किंग होती है। इसके बाद उन्होंने 12 जिलों में 825 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
अमित शाह ने कहा- पहले प्रदेश में यह होता था कि एक सरकार आती थी तो एक जिले का विकास होता था, और दूसरी सरकार आती थी तो दूसरे जिले का विकास होता था। भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास किया है। हरियाणा में नौकरियों की व्यवस्था को कुछ लोगों ने बर्बाद और बदनाम कर दिया था, लेकिन भाजपा ने यहां ‘पर्ची’ और ‘खर्ची’ दोनों सिस्टम को खत्म कर दिया।
रोहतक में डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया इससे पहले, अमित शाह रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) के खेल मैदान में पहुंचे। यहां उन्होंने साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। उनके साथ सीएम नायब सैनी भी मौजूद रहे।
रोहतक में अमित शाह ने कहा कि यह लगभग 350 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया देश का सबसे बड़ा दही, छाछ, योगर्ट और मिठाई उत्पादन केंद्र है। अब यहीं से पूरे NCR की जरूरतें पूरी होंगी। इससे आय बढ़ेगी। आने वाले समय में 75 हजार डेयरी समितियां बनाई जाएंगी।
उधर, अमित शाह के आने से पहले MDU के छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के लिए रात को ग्राउंड में सड़क बनाने और कच्चे ग्राउंड में रोलर चलाकर उसे खराब कर दिया गया है। इसे देखते हुए पुलिस ने छात्र नेता प्रदीप देशवाल को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है।
अमित शाह के दौरे के पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
शाह ने कहा- डंडों की जगह तथ्यों पर काम हो रहा
अमित शाह ने कहा, “कई सारी चीजें ऐसी हैं जो मैं बाद में बताऊंगा। मैंने अभी डीजीपी से पूछा कि पहले आपके सजा कराने की दर क्या थी, तो उन्होंने बताया कि अंदाजन 40% थी, लेकिन अब कानून बनने के बाद जितने भी जजमेंट आए हैं, उनमें दोष सिद्धि की दर 80% पहुंच गई है। जब मैंने संसद में यह बात बोली तो विपक्ष ने कहा कि आप बोल तो रहे हैं, लेकिन यह हो नहीं पाएगा। मैं हरियाणा सरकार को बधाई देना चाहता हूं कि मैंने तो 75% कहा था, लेकिन आपने तो 80% कर दिया।
नरेंद्र मोदी जी ने कहा है कि ‘सिटीजन फर्स्ट, जस्टिस फर्स्ट’, और इन्हीं सिद्धांतों पर इन तीनों कानूनों को बनाया गया है। आज पुलिस डंडे की जगह तथ्यों पर काम कर रही है। इन कानूनों की वजह से पांच विभागों को ऑनलाइन जोड़ा गया है। इसके अंतर्गत महिला और बच्चों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। सात साल से ज्यादा की सजा वाले अपराधों में सभी एफएसएल जांच को अनिवार्य कर दिया गया है।”
सबसे बड़ी बात यह है कि देश छोड़कर भागने वाले अपराधियों के लिए नए कानून में, भले ही वे विदेश में हों, उनकी अनुपस्थिति में भी ट्रायल चलेगी और सजा मिलेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि हरियाणा भी इसमें पूरी तरह से सफल होगा। पहले ‘तारीख पर तारीख’ के जो जुमले बने थे, वे अब नहीं बनेंगे। हम तीन साल में न्याय मिलना सुनिश्चित करेंगे।
इन तीन नए कानूनों के तहत एक वर्ष में लगभग 53% मामलों में साठ दिन के अंदर चार्जशीट दाखिल हुई है। हरियाणा में 71% चार्जशीट और चालान सात दिनों में हो चुके हैं, यह बहुत ही अच्छी बात है। यह बताता है कि शुरुआती सफलता बहुत अच्छी है।”
शाह बोले- हत्यारे को 112 दिन में सजा मिलेगी
अमित शाह ने कहा, “मैं मानता हूं कि हमारी सरकारों की अनेक उपलब्धियां हैं, उसमें सबसे बड़ी उपलब्धि है खर्ची-पर्ची के बगैर मेरिट के आधार पर नौकरियां देना। मैं पूरे हरियाणा की जनता की ओर से नायब सिंह सैनी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज यहां पर एक विशाल प्रदर्शनी लगाई गई है, यह प्रदर्शनी अंग्रेजों के बनाए कानूनों को समाप्त करके संसद में पारित हुए तीन नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देने के लिए है।
मैं आज पूरे हरियाणा की जनता से कहना चाहता हूं कि वे सभी इस प्रदर्शनी को एक बार जरूर देखें। हमारी जनता के मन में एक छवि बनी है कि थाने में जाएंगे तो कई सालों तक न्याय नहीं मिलेगा, लेकिन 2026 के बाद जो भी एफआईआर दर्ज होगी, उसमें तीन साल में न्याय जरूर मिलेगा।
पहले के कानून अंग्रेजों ने बनाए थे, उस समय उनका उद्देश्य अपनी सत्ता बनाए रखना था। 15 अगस्त 1947 में आजादी तो मिल गई, लेकिन ब्रिटिश कानूनों से आजादी नहीं मिली, लेकिन हमारी सरकार ने इन कानूनों को खत्म कर नए कानून बनाए हैं। इसके आधार पर दंड की जगह न्याय देने का काम करेंगे। मैं इनका परिणाम बताता हूं, आप प्रदर्शनी देखेंगे तो मालूम पड़ेगा कि हत्या के जुर्म में 112 दिनों में सजा मिल जाएगी।”
शाह बोले- छोटे से प्रदेश से सबसे ज्यादा जवान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “सबसे पहले तो मैं कुरुक्षेत्र की इस पवित्र भूमि को प्रणाम करता हूं। यही वह भूमि है, जहां सबसे पहले स्वयं श्रीकृष्ण के मुख से गीता जी का प्राकट्य हुआ। यही वह भूमि है, जिसने सिद्ध किया कि असत्य कितना भी बलवान हो, लेकिन जीत सत्य की होती है। मैं कुरुक्षेत्र की इस तीर्थ भूमि को प्रणाम करता हूं। मैं यहां हरियाणा की मातृ शक्ति को भी प्रणाम करता हूं। यही वह शक्ति है जिसने छोटे से प्रदेश होने के बावजूद देश की सुरक्षा के लिए सेना और सीआरपीएफ में सबसे ज्यादा अपने लाल भेजे हैं।
आज यहां पर नायब सिंह सैनी सरकार ने 825 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। ये विकास के काम आज शुरू हुए हैं। लगातार तीसरी बार हरियाणा की जनता ने बीजेपी को बहुमत दिया है। हरियाणा में बीजेपी की सरकारों ने, पहले मनोहर लाल खट्टर ने और अब नायब सिंह सैनी ने, हरियाणा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी।
ये ऐसा प्रदेश है जहां पहले ये था कि एक सरकार आती थी तो एक जिले का विकास होता था, दूसरी आती थी तो दूसरे जिले का विकास होता था, लेकिन बीजेपी की सरकार ने पूरे प्रदेश में विकास किया है। हरियाणा में पूरे देश में यहां की नौकरियां देने की व्यवस्था को कुछ लोगों ने बर्बाद किया, बदनाम भी हुआ, लेकिन बीजेपी ने यहां पर्ची और खर्ची दोनों सिस्टम को खत्म कर दिया।”
अमित शाह ने प्रोजेक्टों का उद्घाटन व शिलान्यास किया
सैनी बोले- शाह के आने से विकास की गति बढ़ती है
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “एससी-एसटी और हिट एंड रन मामलों में मुआवजा देने की संख्या में वृद्धि की गई है। हरियाणा में नए आपराधिक कानूनों के तहत लगातार एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। मैं आपको यह विश्वास दिलाता हूं कि आप जो भी कानूनों में बदलाव करेंगे, उसे यहां की सरकार पूरी तरह से लागू करेगी। जब भी आप हरियाणा में आते हैं, हरियाणा की विकास की गति और बढ़ जाती है। मैं आपका यहां आने के लिए दोबारा स्वागत करता हूं।”
CM बोले- अब ऑनलाइन FIR दर्ज हो रही
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “हरियाणा देश का अग्रणी राज्य है, जिसने कम समय में तीनों नए कानूनों को लागू कर दिया है। इन कानूनों को लागू करने के लिए हरियाणा पुलिस को हमारी सरकार ने पूरी तरह से सक्षम बनाया है। हमने इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया है। हमने इन कानूनों को लागू करने में आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग किया है।
सभी जांच अधिकारियों को एप एवं ऑडियो और वीडियो का भी प्रशिक्षण दिया गया है। हमने गवाही देने में भी तकनीक का उपयोग करने की पूरी व्यवस्था की है। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगभग 45 प्रतिशत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ रहे हैं। हमने कर्मचारियों की संख्या में भी वृद्धि की है। हमने कुछ आधुनिक उपकरणों की भी खरीद की है। जांच के लिए लैब की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है। अब एफआईआर दर्ज करने के लिए थाने नहीं जाना पड़ता, अब ऑनलाइन ही एफआईआर दर्ज की जाती है।”
CM सैनी बोले- नए कानून पूरी तरह लागू हुए
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “आज का यह बड़ा शुभ अवसर है, यह धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा है। आज तीन कानूनों को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुभारंभ किया है। सर्वप्रथम मैं हरियाणा के लोगों की ओर से दोबारा आपका स्वागत करता हूं। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि तीन नए कानूनों को हरियाणा में पूरी तरह से लागू कर दिया गया है।
हरियाणा में ही अन्याय, अधर्म और असत्य के खिलाफ महाभारत का युद्ध भी हुआ था। श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश भी यहीं से दिया था, जो आज भी यहां गूंज रहा है। आज आपने कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत का सपना देश के लोगों का पूरा किया है। मुझे खुशी है कि आपके दिशा-निर्देश में अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण भी हुआ है। अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे कानूनों को भी आपने बदला है। इन नए कानूनों को बनाने के लिए हरियाणा की तरफ से मैं आपको बधाई देता हूं। इन कानूनों से देश की न्याय प्रणाली और प्रभावी होगी, और इससे आम लोगों को तेजी से न्याय मिलेगा।”
होम सेक्रेटरी बोलीं- 5 दिन तक चलेगी प्रदर्शनी
गृह विभाग की अतिरिक्त सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि हरियाणा में तीन आपराधिक कानून पूरी तरह से लागू हो चुके हैं। यह केवल कानूनी धाराओं का बदलाव नहीं है, बल्कि इसमें नागरिक-केंद्रित बिंदुओं को भी शामिल किया गया है। 10 दिसंबर 2024 को हरियाणा को लक्ष्य मिला था कि इसे मार्च तक लागू किया जाए। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कई बैठकें कीं, जिसके बाद समय सीमा के अंदर हरियाणा में इन तीनों कानूनों को लागू कर दिया गया। कुरुक्षेत्र में इन तीनों कानूनों को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी पांच दिनों तक चलेगी। हर जिले से अधिवक्ता और लॉ के छात्र यहां आकर इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं।
मंच पर पहुंचे अमित शाह
शाह ने कोर्ट की प्रक्रिया देखी
अमित शाह ने तीन नए आपराधिक कानूनों को लेकर प्रदर्शनी देखी। उनके साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल, एसीएस होम डॉ सुमिता मिश्रा, डीजीपी शत्रुजीत कपूर भी मौजूद हैं। कोर्ट द्वारा कहा गया कि अब तारीख पर तारीख नहीं मिलेगी।
शाह ने थाने का वर्किंग सिस्टम देखा
