Headlines

महाराष्ट्र के 3 हजार से ज्यादा गांवों में बाढ़:इस मानसून सीजन 104 लोगों की मौत; दिल्ली में 5 फ्लाइट डायवर्ट, जयपुर में लैंडिंग

महाराष्ट्र के 3 हजार से ज्यादा गांवों में बाढ़:इस मानसून सीजन 104 लोगों की मौत; दिल्ली में 5 फ्लाइट डायवर्ट, जयपुर में लैंडिंग

नई दिल्ली/मुंबई/अहमदाबाद44 मिनट पहले

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में 3,050 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 1 जून से 29 सितंबर तक बारिश-बाढ़ के कारण 104 लोगों की मौत हो गई है। नांदेड़ में सबसे ज्यादा 28 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा संभाजीनगर, बीड, हिंगोली, जालना, धाराशिव, परभणी और लातूर में लोगों की जान गई।

मराठवाड़ा में 2,701 किलोमीटर सड़कें टूट गईं और 1,504 पुल क्षतिग्रस्त हैं। 1,064 स्कूल, 352 केंद्र और 58 सरकारी बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा। बारिश-बाढ़ को देखते हुए महाराष्ट्र बोर्ड ने 12वीं क्लास के एग्जाम फॉर्म भरने की तारीख 30 सितंबर से बढ़ाकर 20 अक्टूबर की है।

इधर, मंगलवार दोपहर दिल्ली-NCR में तेज बारिश हुई। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट लैंड होने वाले 5 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट की गईं। सभी फ्लाइट दोपहर 12.15 बजे से 12.30 बजे के बीच डायवर्ट की गईं। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट की दूसरी फ्लाइट भी प्रभावित हुई हैं।

उत्तर प्रदेश के 20 शहरों में मंगलवार सुबह से भारी बारिश हो रही है। मथुरा में घरों में नाले का पानी घुस गया। मथुरा गेट थाना के सामने दो फीट से ज्यादा पानी भर गया। हापुड़ में दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में रावण और मेघनाथ के पुतले गिर गए।

देशभर में बारिश-बाढ़ की 5 तस्वीरें…

यूपी के हापुड़ स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार सुबह आंधी में रावण-मेघनाथ के पुतले गिर गए।
मथुरा में रेलवे अंडरपास में मंगलवार को एक कार डूब गई। कार सवार दो लोगों का बचा लिया गया।
महाराष्ट्र के नासिक जिले में सोमवार को उफनती गोदावरी नदी के किनारे कई मंदिर डूब गए।
गुजरात के द्वारका में सोमवार को कल्याणपुर को पोरबंदर से जोड़ने वाला स्टेट हाईवे डूब गया।
गुजरात के द्वारका स्थित कल्याणपुर के रावल के पास सोमवार को एक कार पानी में बह गई।

देशभर में बारिश का डेटा…

देश भर में बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…

अपडेट्स

44 मिनट पहले

IMD ने बताया- देश में मॉनसून सीजन खत्म, सामान्य से 8% अधिक बारिश

भारत में चार महीने का मॉनसून सीजन मंगलवार को समाप्त हुआ। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूरे देश में इस बार सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश (937.2 मिमी) दर्ज की गई। IMD चीफ मृत्युंजय महापात्रा ने इसे ‘बहुत सफल’ सीजन बताया। हालांकि बादल फटने, भूस्खलन और जैसी घटनाएं भी हुईं।

क्षेत्रवार बारिश…

  • पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत: 1089.9mm, सामान्य से 20% कम। बिहार, अरुणाचल, असम और मेघालय में 4 में से तीन मॉनसून महीनों में कमी दिखी, जो 1901 के बाद दूसरा सबसे कम स्तर है।
  • उत्तर-पश्चिम भारत: 747.9mm, सामान्य से 27.3% अधिक, 2001 के बाद सबसे अधिक। सभी जिलों में जून, अगस्त और सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई।
  • मध्य भारत: 1125.3mm, 15.1% अधिक।
  • दक्षिणी प्रायद्वीप: 716.2mm, सामान्य से 9.9% अधिक।

महापात्रा ने बताया कि उत्तर-पूर्व भारत में बारिश का रुझान 2020 के बाद घटता जा रहा है। पिछले 20 सालों में क्षेत्र में बारिश में कमी देखी गई है।

04:11 PM30 सितम्बर 2025

60 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुआ नुकसान: फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा- प्राथमिक अनुमान है कि महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ के कारण लगभग 60 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में व्यापक असर हुआ है।

हालांकि, नुकसान का सही आंकलन अगले दो से तीन दिनों में पूरा हो जाएगा, और अगले हफ्ते तक रिलीफ पैकेज की घोषणा कर दी जाएगी।

03:42 PM30 सितम्बर 2025

बिहार में 2 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम

2 से 6 अक्टूबर के बीच बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में 2 से 6 अक्टूबर के बीच एक बार फिर मौसम बदल सकता है। इस दौरान पूर्वी हवाएं सक्रिय हो जाएंगी और वायुमंडल में नमी तेजी से बढ़ेगी, जिससे मानसून की रफ्तार दोबारा तेज होने की पूरी संभावना है। इसका असर खासतौर पर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में देखने को मिलेगा, जहां भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

03:36 PM30 सितम्बर 2025

दिल्ली: जाखिरा अंडरपास में 3-4 फीट तक पानी भरा

दिल्ली-NCR में आज हुई बारिश के बाद जाखिरा अंडरपास जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी भरने से वाहन चालकों को जाम और धीमी रफ्तार से गुजरना पड़ा।

02:59 PM30 सितम्बर 2025

खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट की 5 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं

दिल्ली में मंगलवार दोपहर से भारी बारिश के कारण IGI एयरपोर्ट से 5 फ्लाइट्स डायवर्ट कर दी गईं। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट से 5 विमानों को दोपहर 12.15 बजे से 12.30 बजे के बीच जयपुर की ओर मोड़ दिया गया।

इंडिगो ने दोपहर 12.49 बजे X पर एक पोस्ट में कहा, ‘लगातार बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने से उड़ान संचालन में देरी हो सकती है। हमारी टीमें स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं ताकि स्थिति में सुधार होते ही आपकी यात्रा फिर से शुरू हो सके।’

एअर इंडिया और स्पाइसजेट ने भी बारिश के कारण फ्लाइट्स में देरी की संभावना जताई। बता दें कि दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। यहां से हर रोज लगभग 1,300 फ्लाइट्स का आवागमन होता है।

02:33 PM30 सितम्बर 2025

गुजरात के द्वारका में स्टेट हाईवे डूबा, गरबा पंडाल ढहे

गुजरात में सोमवार को कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। इससे द्वारका में कल्याणपुर को पोरबंदर से जोड़ने वाला स्टेट हाईवे डूब गया। कल्याणपुर के पास एक कार पानी में बह गई। वडोदरा में गरबा पंडाल ढह गए।

01:58 PM30 सितम्बर 2025

कोलकाता में भारी बारिश ने दुर्गा पूजा के बीच खलल डाला

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार से फिर बारिश शुरू हो गई। इससे दुर्गा पूजा की रौनक फीकी पड़ने लगी है। सड़के वीरान हैं। पंडालों में इक्के-दुक्के लोग घूमने के लिए आ रहे हैं।

कोलकाता में नवरात्रि के पहले दिन, 22 सितंबर को भी भारी बारिश हुई थी। देर रात से अगले दिन सुबह तक इतनी बारिश हुई कि शहर में बाढ़ आ गई। पानी में बिजली का करंट फैलने से 7 लोगों की मौत हो गई।

01:34 PM30 सितम्बर 2025

यूपी में बिजली गिरने से 3 की मौत, मथुरा में सड़कों पर 3 फीट तक पानी भरा

यूपी के लगभग 20 शहरों में मंगलवार सुबह से जमकर बारिश हो रही है। राज्य में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इनमें एक मथुरा, एक कन्नौज और एक की श्रावस्ती में जान चली गई।

मथुरा और श्रावस्ती में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। मथुरा में सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भरा है। नालों का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के घर में भी पानी घुस गया है।

01:16 PM30 सितम्बर 2025

गुजरात के भावनगर में कार बही, गांववालों ने तीन लोगों को बचाया

गुजरात में भावनगर जिले के रानीगाम गांव के पास सोमवार की रात शेत्रुंजी नदी की बाढ़ में एक कार फंस गई। कार में तीन लोग सवार थे। कुछ स्थानीय लोगों ने इन्हें देखा और तुरंत गांववालों को सूचना दी। इसके बाद लोगों की मदद से तीनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

जेसर तालुका के उप मामलतदार सीबी बोलिया ने बताया कि सोमवार की रात करीब 9 बजे सरपंच ने हमें बताया कि बाढ़ में फंसी इनोवा कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें गांववालों ने बचा लिया।

12:54 PM30 सितम्बर 2025

दिल्ली में भारी बारिश के बीच एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी की

दिल्ली में अचानक हुई भारी बारिश से मंगलवार को शहर की रफ्तार थम गई। कई इलाकों में सड़कों और अंडरपास में पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। एअर इंडिया, इंडिगो सहित कई एयरलाइन कंपनियों ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की और फ्लाइट में देरी की संभावना जताई।

दिल्ली में दोपहर करीब 12 बजे से बारिश शुरू हुई। एक घंटे से भी कम समय में जखीरा अंडरपास में पानी भर गया। सड़क पर बाइक, ऑटो सहित सभी गाड़ियों के चालक मशक्कत करते दिखे।
12:22 PM30 सितम्बर 2025

दिल्ली में मौसम बदला, शहर के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश

दिल्ली के मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। नॉर्थ एवेन्यू, मंडी हाउस, गांधी नगर सहित शहर के कई हिस्सों में तेज हवाएं और बारिश हो रही है।

12:01 PM30 सितम्बर 2025

मुंबई में 2021 के बाद सितंबर में दूसरी बार सबसे ज्यादा बारिश

मुंबई में इस महीने 606 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। 2021 के बाद से शहर में दूसरी बार सितंबर महीने में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार से शहर में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

मुंबई के कई इलाकों में रविवार और सोमवार को रेड अलर्ट था। मुंबई के कई इलाकों में रविवार सुबह से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में, 100 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। ठाणे जिले के डोंबिवली में रविवार रात भारी बारिश के दौरान एक खुले नाले में गिरने से 13 साल के लड़के की मौत हो गई।

11:36 AM30 सितम्बर 2025

यूपी में कानपुर समेत 10 शहरों में सुबह से तेज बारिश

यूपी में दशहरे से पहले एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह कानपुर, गोंडा, मथुरा, हाथरस, बरेली और नोएडा समेत 10 शहरों में तेज बारिश हुई। हाथरस में इतनी बारिश हुई कि सड़कों में पानी भर गया। कई इलाकों की बिजली गुल हो गई।

मथुरा में बिजली गिरने से 52 साल की महिला मीरा देवी की मौत हो गई। पश्चिम यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 8 दिनों बाद बारिश का दौर शुरू हुआ है।

10:54 AM30 सितम्बर 2025

गुजरात में आज से तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार से 5 अक्टूबर तक गुजरात में बारिश की संभावना जताई है। अगले 3 दिनों तक खासकर सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की संभावना है।

सौराष्ट्र के राजकोट, द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ और दीव में आज भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जामनगर, अमरेली और कच्छ में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट है।

10:14 AM30 सितम्बर 2025

दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। आज सुबह शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक, 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

09:16 AM30 सितम्बर 2025

अगले सात दिन कई राज्यों में बारिश की संभावना

1 अक्टूबर से मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़, राजस्थान, बिहार समेत अन्य राज्यों में बारिश होगी। 2 दिन बाद पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है। 2 और 3 अक्टूबर को दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश के आसार हैं।

थाइलैंड के आसपास एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इसके बंगाल की खाड़ी में पहुंचने पर बारिश का एक और दौर आएगा।

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि बंगाल की खाड़ी में 1 अक्टूबर के बाद बन रहे कम दबाव के क्षेत्रों के चलते कुछ राज्यों में अगले सात दिन तक मानसून की वापसी होती नहीं दिख रही है।

इसके कारण तेज बारिश जारी रहेगी। अनुमान है कि यहां से अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में मानसून विदा होगा। देश में इस बार 108% बारिश हुई है। यानी 8% ज्यादा।

09:15 AM30 सितम्बर 2025

पिछले 10 साल के दौरान 9 बार देरी से लौटा मानसून

08:16 AM30 सितम्बर 2025

6 राज्यों, 2 केंद्र शासित क्षेत्रों से मानसून विदा

दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड से विदा हो चुका है। अभी मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में रुका है। इसके चलते कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है।

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, गुजरात और अरब सागर के ऊपर गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में भी निम्न दबाव का एक क्षेत्र बनने वाला है। इसके चलते गुजरात के साथ राजस्थान के पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी जिलों में बारिश होगी।

बारिश जारी रहने के चार कारण 1. नमी: बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की नमी अभी सक्रिय है। इससे राज्यों के ऊपर बादल बनते रहेंगे। 2. ट्रफ लाइन: देश में एक लंबी ट्रफ लाइन पूर्व-पश्चिम दिशा में चल रही है। यह बारिश को बनाए रखती है। 3. तापमान: दिन-रात के तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव नहीं आए हैं। इससे वायुमंडल में नमी बनी हुई कारण है। 4. अस्थिर वायु दबाव प्रणाली: उच्च और निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हैं। इससे पूर्व व मध्य में बूंदाबांदी जारी रहेगी।

07:59 AM30 सितम्बर 2025

यूपी: मथुरा-हाथरस में तेज बारिश, बिजली गिरने से एक की मौत; 17 जिलों में अलर्ट

यूपी में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मथुरा और हाथरस में मंगलवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के साथ तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी। हालांकि, मथुरा में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। स्कूल और दफ्तर जाने वालों को भी परेशानी हुई। मौसम विभाग ने आज राज्य के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024