Headlines

सिद्धू मूसेवाला के पिता का विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान:बोले- वहम न रखना, जीतेंगे; सिंगर पिछला इलेक्शन हारे, उसके बाद मर्डर हुआ था

सिद्धू मूसेवाला के पिता का विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान:बोले- वहम न रखना, जीतेंगे; सिंगर पिछला इलेक्शन हारे, उसके बाद मर्डर हुआ था

मानसा29 मिनट पहले
मानसा में कार्यक्रम के दौरान चुनाव लड़ने के ऐलान करते हुए बलकौर सिंह। इनसेट में सिद्धू मूसेवाला की फोटो।

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मानसा में एक कार्यक्रम में कहा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

बलकौर सिंह ने कहा– हम इलेक्शन लड़ेंगे और जीत प्राप्त करेंगे। मुझे आपका साथ चाहिए। किसी बात का वहम न रखना, हम डटकर इलेक्शन लड़ेंगे।

हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे लेकिन पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से करीबी के चलते उन्हें कांग्रेस की टिकट मिल सकती है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में भी उनके बठिंडा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं थीं लेकिन बलकौर ने इससे इनकार कर दिया।

बलकौर सिंह ने आगे कहा– सिद्धू का सपना विधानसभा की सीढ़ियां चढ़ने का था। अब हम सिद्धू की तस्वीर को दिल में बसाकर विधानसभा की सीढ़ी चढ़ेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि अगली लड़ाई बहुत बड़ी है लेकिन हम ये लड़ाई लड़ेंगे।

पिता बलकौर सिंह के साथ सिंगर सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर। फाइल

सिद्धू का सपना विधानसभा की सीढ़ियां चढ़ने का था बलकौर सिंह ने आगे कहा– सिद्धू का सपना विधानसभा की सीढ़ियां चढ़ने का था। अब शायद उसकी आत्मा उस दिन खुश होगी, जब हम सिद्धू की तस्वीर को दिल में बसाकर विधानसभा में जाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि अगली लड़ाई बहुत बड़ी है लेकिन हम ये लड़ाई लड़ेंगे।

मुझे ये लगता था कि बेटे के जाने के बाद कहीं लोग मुझे भूल न जाएं लेकिन लोग अब भी मुझे दिल में बसाए बैठे हैं। मैं आपसे वादा करता हूं कि बेशक हम निहत्थे जरूर हैं। लेकिन कमजोर नहीं हैं। आप लोग डटे रहना, मुझे किसी की जरूरत नहीं, मुझे सिर्फ आप लोगों की जरूरत है।

सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह दिल्ली के कस्तूरबा गांधी नगर में प्रचार करने पहुंचे थे। उनके साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मौजूद थे। (फाइल)

बलकौर ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में किया था प्रचार बलकौर सिंह ने 8 महीने पहले दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में प्रचार किया था। उन्होंने दिल्ली के कस्तूरबा गांधी नगर से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त के पक्ष में प्रचार किया था। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया पर उनका प्रचार करते हुए वीडियो भी साझा किया था।

2022 में गायक शुभदीप मूसेवाला ने लड़ा था कांग्रेस से चुनाव बलकौर सिंह के बेटे पंजाबी गायक और कांग्रेस उम्मीदवार शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला ने 2022 में मानसा से चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

सिद्धू मूसेवाला को आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार डॉ. विजय सिंगला ने 63,323 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। डॉक्टर विजय सिंगला को एक लाख से ज्यादा (100023) वोट मिले थे। वहीं सिद्धू को 36700 वोट ही मिले थे। सिद्धू मूसेवाला ने 2021 में कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी। उस समय पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने उन्हें युवाओं का आइकॉन बताया था।

मानसा के जवाहरके गांव में मूसेवाला की हत्या की थी 29 मई 2022 को मानसा जिले के गांव जवाहरके में दो गाड़ियों में आए शूटरों ने गोलियां मारकर सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी थी। इस हत्या के पीछे गोल्डी बराड़ और लॉरेंस गैंग के लोगों के नाम चर्चा में आए थे। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में AAP सरकार भी विपक्ष के निशाने पर आ गई थी। मूसेवाला की हत्या से कुछ दिन पहले ही सरकार ने कई दूसरे लोगों के साथ-साथ उनकी सिक्योरिटी कम कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024