लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को फिर से बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने X पर लिखा कि देश में युवाओं की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है और इसका सीधा रिश्ता वोट चोरी से है।
उन्होंने बिहार के बेरोजगार युवाओं का वीडियो शेयर कर लिखा- जब कोई सरकार जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में आती है तो उसका पहला कर्तव्य होता है युवाओं को रोजगार और अवसर देना।
लेकिन BJP चुनाव ईमानदारी से नहीं जीतती। वो वोट चोरी और संस्थाओं को कैद कर के सत्ता में बने रहते हैं। इसीलिए बेरोजगारी 45 साल के हाई लेवल पर पहुंच चुकी है।

राहुल ने कहा कि देश का युवा मेहनत करता है, सपने देखता है और अपने भविष्य के लिए संघर्ष करता है। लेकिन मोदी जी सिर्फ अपने पीआर, सेलिब्रिटीज से अपना गुणगान करवाने और अरबपतियों के मुनाफे में बिजी हैं। युवाओं की उम्मीदों को तोड़ना और उन्हें हताश करना इस सरकार की पहचान बन चुकी है।
राहुल बोले- युवा नौकरी की लूट नहीं सहेंगे
राहुल ने कहा कि अब हालात बदल रहे हैं। भारत का युवा समझ चुका है कि असली लड़ाई सिर्फ नौकरियों की नहीं, बल्कि वोट चोरी के खिलाफ है। क्योंकि जब तक चुनाव चोरी होते रहेंगे, तब तक बेरोजगारी और भ्रष्टाचार भी बढ़ते रहेंगे।
अब युवा न नौकरी की लूट सहेंगे, न वोट की चोरी। भारत को बेरोजगारी और वोट चोरी से मुक्त करना ही अब सबसे बड़ी देशभक्ति है।
राहुल ने पहले भी वोट चोरी के आरोप लगाए
इससे पहले भी राहुल गांधी कई बार आरोप लगा चुके हैं कि वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, वोटों का अवैध जोड़-घटाव और संस्थानों का दुरुपयोग कर चुनाव जीते गए। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने महादेवपुरा और आलंद जैसे इलाकों में इसके उदाहरण भी सामने रखे हैं और आने वाले समय में और भी सबूत जनता को दिखाए जाएंगे।
राहुल ने 20 सितंबर को कहा था- ‘वह जल्द ही ऐसा सबूत सामने लाने वाले हैं जिससे साबित हो जाएगा कि नरेंद्र मोदी और बीजेपी ने वोट चोरी कर चुनाव जीते।’ राहुल ने इसे “हाइड्रोजन बम” करार दिया और कहा कि उनके पास खुले-और-बंद सबूत हैं।
