Headlines

कोलकाता में भारी बारिश से बाढ़, 7 की मौत:सड़कों पर 3 फीट तक पानी, फ्लाइट्स-मेट्रो सेवा प्रभावित; हावड़ा में रेलवे ट्रैक डूबा

मानसून Live

कोलकाता में भारी बारिश से बाढ़, 7 की मौत:सड़कों पर 3 फीट तक पानी, फ्लाइट्स-मेट्रो सेवा प्रभावित; हावड़ा में रेलवे ट्रैक डूबा

नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊकुछ ही क्षण पहलेलेखक: एजेंसी इनपुट्स के साथ में शुभम बोस

पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक मूसलाधार बारिश से बाढ़ आ गई। कोलकाता में बारिश के पानी में बिजली का करंट फैलने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है। शहर में पिछले 24 घंटों में लगभग 247.5 मिमी बारिश हुई।

सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। इससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। इसके अलावा ट्रेन, मेट्रो और फ्लाइट सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सोशल मीडिया पर कोलकाता के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें सड़कों पर खड़ी गाड़ियां आधी से ज्यादा डूबी हुई दिखीं।

कई घरों और रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में भी पानी घुस गया। शहीद खुदीराम और मैदान मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा रोक दी गई है। हावड़ा और सियालदह डिवीजनों की रेलवे लाइनों पर पानी भर गया है। इसके कारण हजारदुआरी एक्सप्रेस (13113) और सियालदह जंगीपुर एक्सप्रेस (13177) ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

चितपुर यार्ड में पानी भरने से सर्कुलर रेलवे लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बंद है। बारिश ने दुर्गा पूजा की तैयारियों में भी खलल डाला है। कई जगह पंडाल डूब गए तो कई खराब हो गए हैं। कोलकाता में कई स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स घंटों की देरी से चल रही हैं। इंडिगो की पुणे-कोलकाता फ्लाइट को आज सुबह 3 बजे भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट की तस्वीरें सामने आई, जिसमें टरमैक (पार्किंग एरिया) पर पानी भरा दिखा। सड़कों पर पानी भरने से यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में भी दिक्कत आ रही है।

कोलकाता में बारिश के बाद बाढ़ की 7 तस्वीरें…

कोलकाता के बागुईआटी में मंगलवार सुबह सड़कों पर खड़ी कारें पानी में डूब गईं।
कोलकाता के गरियाहाट में मैंडविल गार्डन में जलमग्न सड़कों के बीच एक दुकान में आग लग गई।
हावड़ा में भारी बारिश के कारण मंगलवार को रेलवे ट्रैक और स्टेशन के बाहर पानी भर गया।
कोलकाता में कई जगह दुर्गा पूजा पंडाल जलमग्न हो गए। मंगलवार को नवरात्रि का दूसरा दिन है।
कोलकाता के सेक्टर 5 के आसपास मंगलवार को पानी भरने से बस और ऑटो सेवाएं बाधित हैं।
सोशल मीडिया पर कोलकाता एयरपोर्ट की तस्वीरों में टरमैक पर पानी भरा दिखाई दिया।
कोलकाता के रवींद्र सदन में पानी से लबालब सड़कों पर एक लड़का गद्दे पर लेटकर खेलता दिखा।

देशभर में मौसम से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…

लाइव अपडेट्स

14 मिनट पहले

बंगाल में तय समय से दो दिन पहले स्कूलों में दुर्गा पूजा की छुट्टियां घोषित

पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में रात भर हुई बारिश के कारण आई बाढ़ के बाद, मंगलवार को सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों में तय समय से दो दिन पहले ही पूजा की छुट्टियां घोषित कर दीं।

राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने X पर लिखा- सभी सरकारी शिक्षण संस्थान 24 और 25 सितंबर को बंद रहेंगे। राज्य में अभूतपूर्व आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। मौजूदा स्थिति में छात्रों को राहत देने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

41 मिनट पहले

CM ममता बोलीं- ऐसी बारिश पहले कभी नहीं देखी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बंगाली न्यूज चैनल से बारिश के कारण आई बाढ़ पर कहा- मैंने ऐसी बारिश पहले कभी नहीं देखी। जिन लोगों की जान गई है, उनके लिए उन्हें दुख है। हमारे घर भी पानी में डूब गए हैं। हम सब परेशान हैं। मुझे पूजा पंडालों के लिए भी बहुत बुरा लग रहा है।

ममता बनर्जी ने कहा- मैं कोलकाता मेयर, मुख्य सचिव और पुलिस के लगातार संपर्क में हूं। मैंने स्कूलों से कहा है कि आज छुट्टी कर दें, और ऑफिस जाने वाले लोग भी काम पर न आएं। कल भी, आपको काम पर नहीं आना चाहिए।

01:22 PM23 सितम्बर 2025

हावड़ा स्टेशन, सियालदह यार्ड जलमग्न, रेल सेवाएं प्रभावित; दो ट्रेनें रद्द

ईस्टर्न रेलवे ने एक बयान में बताया कि कल रात लंबे समय तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद, हावड़ा स्टेशन यार्ड, सियालदह दक्षिण स्टेशन यार्ड, चितपुर उत्तर केबिन और सियालदह यार्ड में कई जगहों पर पानी भर गया।

हावड़ा और सियालदह डिवीजनों की रेलवे लाइनों पर पानी भर गया है। पानी निकालने के लिए कई जगहों पर पंप लगाए गए हैं, लेकिन आस-पास के इलाके में भी बारिश का पानी भरने से रेलवे यार्ड में वापस पानी भर रहा है।

रेलवे ने बताया कि पानी भरने के कारण हजारदुआरी एक्सप्रेस (13113) और सियालदह जंगीपुर एक्सप्रेस (13177) ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। सियालदह दक्षिण खंड में ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। ट्रैक और चितपुर यार्ड में जलभराव के कारण सर्कुलर रेलवे लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बंद है।

01:15 PM23 सितम्बर 2025

कलकत्ता और जादवपुर यूनिवर्सिटी में सभी शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित

कलकत्ता यूनिवर्सिटी और जादवपुर यूनिवर्सिटी ने मंगलवार को सभी शैक्षणिक गतिविधियों को स्थगित कर दिया है। कलकत्ता यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ने एक बयान में बताया कि रात भर हुई भारी बारिश और कोलकाता के विभिन्न हिस्सों में जलभराव के कारण, मंगलवार को विभिन्न विषयों की सेमेस्टर परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।

रजिस्ट्रार ने बताया कि परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। जादवपुर यूनिवर्सिटी ने एक नोटिस में कहा कि सोमवार आधी रात और मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण, दिन भर के लिए सभी शैक्षणिक गतिविधियों को स्थगित किया जा रहा है।

01:01 PM23 सितम्बर 2025

कोलकाता के पीयरलेस हॉस्पिटल में देर रात बारिश से अचानक पानी भरा

कोलकाता के मुकुंदपुरा क्षेत्र के पीयरलेस हॉस्पिटल में देर रात भारी बारिश के बाद अचानक पानी भर गया। हॉस्पिटल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो अस्पताल कर्मी गेट बंद करके खड़े हैं। उन्होंने गेट खोला, तो हॉस्पिटल के अंदर अचानक से पानी का सैलाब

12:47 PM23 सितम्बर 2025

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड जिलों में बाढ़

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड जिलों में मंगलवार को भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद गोदावरी नदी के किनारे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। छत्रपति संभाजीनगर और बीड में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है।

एक राजस्व अधिकारी ने बताया कि कुछ इलाकों में ऐसा लगा जैसे बादल फट गए हों। छत्रपति संभाजीनगर में जयकवाड़ी बांध और बीड में माजलगांव बांध लगभग भर चुके हैं। दोनों डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।

12:23 PM23 सितम्बर 2025

कोलकाता के साउथ एवेन्यू इलाके में सड़कें जलमग्न, गाड़ियां की रफ्तार थमी

12:14 PM23 सितम्बर 2025

गुजरात के वलसाड-वडोदरा में बारिश-कीचड़ में लोगों ने गरबा किया

गुजरात में नवरात्रि के मौके पर गरबे की धूम है। हालांकि, कई जिलों में बारिश का दौर भी जारी है। वलसाड में नवरात्रि के पहले ही दिन शाम से देर रात तक बारिश होती रही। लेकिन यहां के सबसे बड़े गरबा मैदान में लोग बारिश के बीच भी गरबा खेलते नजर आए।

वडोदरा के कई गरबा मैदानों में कीचड़ हो गई। शहर के सबसे बड़े यूनाइटेड वे ऑफ गरबा ग्राउंड में लोग कीचड़ में ही गरबा खेलते नजर आए। जबकि कई लोग टिकट के पैसे वापस रिफंड करने की मांग पर अड़ गए।

12:06 PM23 सितम्बर 2025

सड़कों पर बसें खराब हुईं, टैक्सी और कैब सेवाएं भी लगभग ठप

कोलकाता में पानी से लबालब सड़कों के बीच कई जगह बसें खराब हो गईं। टैक्सी और ऐप बेस्ड कैब ड्राइवर्स भी सेवाएं नहीं दे रहे हैं। लोगों ने बताया कुछ कैब ड्राइवर्स सेवाएं दे भी रहे हैं तो बहुत ज्यादा किराया वसूल रहे हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी और ट्रैफिक जाम के कारण ऑफिस जाने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कतें हुईं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024