मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे:कल से लागू होनी हैं GST की नई दरें; स्वदेशी के इस्तेमाल पर कर सकते हैं चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश के नाम संबोधन देंगे। आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं है कि वे किस विषय में बात करेंगे, लेकिन यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे GST की नई दरें लागू होने पर बात कर सकते हैं।
इसके अलावा देश में शुरू हो रहे फेस्टिवल सीजन के लिए स्वदेशी के इस्तेमाल काे बढ़ावा देने की अपील कर सकते हैं। जिसका जिक्र उन्होंने मणिपुर, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश की यात्राओं में भी किया है।
यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि पीएम अमेरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के H-1B वीजा की एप्लिकेशन फीस बढ़ाने पर भी बात कर सकते हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक हर साल लाखों भारतीय इसके लिए आवेदन करते हैं। 2024 में 3 लाख से ज्यादा इंडियन्स को यह वीजा मिला था।
पिछला संबोधन ऑपरेशन सिंदूर पर किया था
इससे पहले पीएम ने देश के नाम संबोधन 12 मई की रात 8 बजे दिया था। जिसमें ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र था। मोदी ने 22 मिनट के संदेश में ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमला, पाकिस्तान और आतंकवाद, परमाणु हथियार, सेना, PoK, सीजफायर के हालात, स्वदेशी हथियार, सिंधु जल समझौता, पाकिस्तान से बातचीत, आतंक पर भारत की नीति और नए दौर की जंग जैसे 12 अहम मुद्दों पर भारत का रुख साफ किया था।
एक दिन बाद अरुणाचल-त्रिपुरा दौरे पर जाएंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे। वे ईटानगर में 5100 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे त्रिपुरा जाएंगे और गोमती जिले में रीडेवलप त्रिपुरेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और उसका उद्घाटन करेंगे।
51 शक्तिपीठों में से एक इस मंदिर को 52 करोड़ की लागत से पूर्वोत्तर राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रीडेवलप किया गया है।
मोदी दोपहर लगभग 3 बजे त्रिपुरा के उदयपुर पहुंचेंगे। यह 45 मिनट का कार्यक्रम होगा। हालांकि प्रधानमंत्री यहां कोई भाषण नहीं देंगे। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी का यह त्रिपुरा का 11वां दौरा होगा। उनकी पिछली यात्रा 17 अप्रैल 2024 को हुई थी।
कोरोना काल में 8 बार दिया था देश को संबोधन
- पहला: 19 मार्च 2020- 29 मिनट का भाषण, जनता कर्फ्यू की अपील।
- दूसरा: 24 मार्च 2020- 29 मिनट का भाषण, 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान।
- तीसरा: 3 अप्रैल 2020- 12 मिनट का वीडियो संदेश, 9 मिनट लाइटें बंद करने की अपील।
- चौथा: 14 अप्रैल 2020- 25 मिनट का भाषण, देश में 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया।
- पांचवां: 12 मई 2020- 33 मिनट का भाषण, आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज।
- छठवां: 30 जून 2020- 17 मिनट का भाषण, अन्न योजना नवंबर तक बढ़ाने की घोषणा।
- सातवां: 20 अक्टूबर 2020- बिहार में वोटिंग से 8 दिन पहले उन्होंने अपील की- जब तक कोरोना की दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं।
- आठवां: 20 अप्रैल 2021- देश को लॉकडाउन से बचाना है; राज्य सरकारें इसे आखिरी विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करें।
2016 में रात 8 बजे किया था नोटबंदी का ऐलान
पीएम मोदी ने 8 नवंबर 2016 को रात 8 बजे देश के नाम संबोधन दिया था। इसमें उन्होंने नोटबंदी का ऐलान किया था। इस ऐलान के बाद 500 और 1000 के नोट चलन से बाहर कर दिए गए थे।
——————–
